मुगल-ए-आजम को आज भी हिंदी सिनेमा की कल्ट फिल्मों में गिना जाता है। यह फिल्म साल 1960 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में पृथ्वीराज कपूर ने सम्राट अकबर, वहीं दिलीप कुमार ने शहजादा सलीम का किरदार निभाया था, जबकि मधुबाला ने अनारकली की भूमिका निभाई थी। अपनी दमदार अदायगी और अदाओं से उन्होंने सभी का दिल जीत लिया था। आज भी जब हम इस फिल्म को देखते हैं, इसके गाने सुनते हैं या इससे जुड़े किस्सों का जिक्र होता है, तो यही ख्याल मन में आता है कि 'अनारकली' के किरदार को पर्दे पर मधुबाला से ज्यादा खूबसूरती से कोई और निभा ही नहीं सकता था, लेकिन क्या आपको पता है कि इसके लिए मधुबाला पहली पसंद नहीं थीं। इस रोल के लिए कई एक्ट्रेस के नाम को लेकर चर्चा थी, जिसमें एक बीना राय भी थीं, जो पहले भी पर्दे पर 'अनारकली' का किरदार निभा चुकी थीं। चलिए हमारी खास सीरीज 'फिल्मी गलियारों से' में आज आपको सुनाते हैं यह दिलचस्प किस्सा।

बीना राय को ऑफर हुआ था 'अनारकली' का रोल

निर्देशक के. आसिफ के ड्रीम प्रोजेक्ट 'मुगल ए आजम' में मधुबाला का किरदार निभाने के लिए उनकी पहली पसंद बीना राय थीं। बीना राय साल 1953 में आई फिल्म 'अनारकली' में अनारकली का रोल निभा चुकी थीं। इस फिल्म में उनका निभाया यह किरदार इतना हिट हुआ था और उनकी एक्टिंग इतनी दमदार थी कि लोग उन्हें अनारकली ही मानने लगे थे। ऐसे में के. आसिफ चाहते थे कि उनकी फिल्म में भी बीना राय 'अनारकली' का रोल निभाएं, लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया था। उनके बेटे कैलाश नाथ के एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उनकी मां ने इस रोल को इसलिए ठुकराया क्योंकि उनका मानना था कि 'अनारकली' के रोल से उन पर एक छाप लग चुकी है और अब वह उसे दोहराएंगी नहीं।

नरगिस का नाम भी था चर्चा में

'मुगल-ए-आजम' फिल्म में अनारकली का रोल निभाने के लिए नरगिस का नाम भी चर्चा में था। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वह दिलीप कुमार के साथ काम नहीं करना चाहती थीं क्योंकि किसी फिल्म के दौरान दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था और इसलिए उन्होंने इस रोल को ठुकरा दिया।

बीन राय का कपूर परिवार से है खास रिश्ता

बीना राय ने एक्टर प्रेमनाथ से शादी की थी। प्रेमनाथ, राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर के भाई थे। ऐसे में बीना राय का कपूर परिवार से खास रिश्ता है।

कभी मधुबाला से मोहब्बत करते थे प्रेमनाथ

प्रेमनाथ और मधुबाला का रिश्ता भी एक वक्त पर काफी चर्चा में रहा था। दोनों एक-दूसरे से बेपनाह मोहब्बत करते थे। हालांकि, इनका इश्क मुकम्मल न हो सका। इसके बाद प्रेमनाथ ने बीना राय से शादी कर ली। बीना ने सिनेप्लॉट को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि वह प्रेमनाथ और मधुबाला की प्रेम कहानी से वाकिफ थीं। यहां तक कि शादी के दिन भी जब प्रेमनाथ को पता चला था कि मधुबाला बीमार हैं, तो वह परेशान हो गए थे।

बीना राय से हार गई थीं मधुबाला

'मुगल-ए-आजम' रिलीज होने के बाद मधुबाला की एक्टिंग और इस फिल्म के चर्चे हर जगह थे। ऐसा माना जा रहा था कि फिल्मफेयर का बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड उस साल मधुबाला को ही मिलेगा, लेकिन साल 1961 में यह अवॉर्ड बीना राय को फिल्म 'घूंघट' के लिए मिला।

 

'फिल्मी गलियारों से' सीरीज में हम बॉलीवुड सेलेब्स और फिल्मों से जुड़े ऐसे ही दिलचस्प किस्से आप तक पहुंचाते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।