हमारी बॉलीवुड फिल्मों में लगभग हर इमोशन और हर त्योहार के लिए कोई न कोई गाना तो जरूर है। प्यार के एहसास को अल्फाज देना हो, जुदाई के दर्द को शब्दों में पिरोना हो या किसी त्योहार के रंग में रंगना हो, हर बात के इर्द-गिर्द बुना कोई न कोई फिल्मी गाना तो जरूरी है। करवा चौथ का त्योहार बस आने ही वाला है और इस खास दिन के लिए भी कई ऐसे गाने हैं, जो सजना-सजनी के रिश्ते के प्यार, नोंक-झोंक और तकरार को बखूबी दिखाते हैं। ऐसा ही एक गाना फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' फिल्म का है, जिसे उदित नारायण और अलका याग्निक ने आवाज दी है। इस गाने में सलमान खान और ऐश्वर्या राय की केमिस्ट्री भी फैंस का दिल जीतती है। यह गाना पिछले 27 सालों से करवा चौथ के सेलिब्रेशन में रंग भर रहा है।

'चांद छुपा बादल में...' गाना करवा चौथ पर सुहागिनों को आता है पसंद

'चांद छुपा बादल में...' गाना कहीं न कहीं करवा चौथ के इमोशंस से जुड़ा है। इसके बोल, संगीत और उदित-अलका की आवाज इसे कल्ट बनाती है। यही वजह है कि 27 सालों के बाद भी यह गाना आज भी इतना पॉपुलर है। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के इस गाने में सजना-सजनी का नटखट और शरारत भरा प्यार दिखाया गया है। जहां सजनी चाहती है कि चांद जल्दी निकल और वह अपना व्रत खोल सकें, वहीं साजन की चाहत है कि चांद जरा देर से निकले ताकि वह अपने महबूब को और निहार सकें। इस गाने को महबूब ने लिखा है और इस्माइल दरबार ने संगीत दिया है।

चांद के इर्द-गिर्द बुना गया है गाना

चांद हमेशा से प्रेमी जोड़ों के लिए खास रहा है और खासतौर पर फिल्मों व गानों में इसके इर्द-गिर्द न जाने कितने गाने लिखे गए हैं। कभी यह इंतजार का गवाह बना, तो कभी महबूब के दीदार का। इस गाने में भी चांद के इर्द-गिर्द काफी खूबसूरत बोल लिखे गए हैं, जिन्हें करवा चौथ के मौके पर सुनकर मानो प्यार का एहसास और गहरा हो जाता है।

सलमान और ऐश्वर्या की केमिस्ट्री जीत लेती है दिल

इस गाने को सलमान खान और ऐश्वर्या राय पर फिल्माया गया है। गाने में दोनों की केमिस्ट्री दिल जीत लेती है। बताया जाता है कि इस फिल्म की शूटिंग के वक्त दोनों के बीच असल जिंदगी में भी नजदीकियां बढ़ रही थीं और कहीं न कहीं वह इस गाने में भी नजर आता है।

 


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेनमेंट सेक्शन से।