इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल 19 साल बाद इस शुक्रवार 14 अगस्त को बड़े परदे पर रिलीज हुआ। इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही काफी बज था और यही वजह है कि सिनेमाघरों में उतरते ही इस फिल्म ने कहर बरपा दिया है। इसके साथ सनी देओल की 'बंटवारा 1947' का क्लैश हुआ, लेकिन शिवम पंडित (इमरान हाशमी) की दीवानगी ने पहले ही दिन मुकाबले को एकतरफा कर दिया। जहां ओपनिंग डे पर 'आवारापन 2' ने 'बंटवारा 1947' से लगभग 4 गुना ज्यादा कमाई की, वहीं वीकेंड पर भी इस फिल्म ने खूब नोट छापे हैं। चलिए आपको बताते हैं कि कैसे तीन दिनों में ही इमरान हाशमी की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बादशाहत हासिल कर ली है और अच्छे रिव्यूज व कहानी के बावजूद सनी देओल की फिल्म पिछड़ती हुई नजर आ रही है।
'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
| आवारापन 2 | बॉक्स ऑफिस कलेक्शन |
| डे 1 (शुक्रवार) | 22 करोड़ |
| डे 2 (शनिवार) | 33.75 करोड़ |
| डे 3 (रविवार) | 26 करोड़ |
| कुल कलेक्शन (भारत में नेट) | 81.75 करोड़ |
इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी स्टारर फिल्म 'आवारापन 2' ओपनिंग डे से ही बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही है। शनिवार (15 अगस्त) के दिन फिल्म की कमाई में काफी उछाल देखने को मिला। हालांकि, रविवार को कलेक्शन में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन फिल्म ने वर्ल्डवाइड 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर दिया है। फिल्म ने भारत में बीती रात तक 81.75 करोड़ का नेट और 98.10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। ओवरसीज फिल्म ने अब तक 12 करोड़ रुपये की कमाई की है और इसी के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 110.10 करोड़ रुपये हो गया है।
'बंटवारा 1947' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
| बंटवारा 1947 | बॉक्स ऑफिस कलेक्शन |
| डे 1 (शुक्रवार) | 5.75 करोड़ |
| डे 2 (शनिवार) | 13.50 करोड़ |
| डे 3 (रविवार) | 7.25 करोड़ |
| कुल कलेक्शन (भारत में नेट) | 26.50 करोड़ |
सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और कनिका कपूर स्टारर फिल्म 'बंटवारा 1947' एक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी पार्टिशन के इर्द-गिर्द बुनी गई है। अच्छी कहानी और रिव्यूज के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर एकतरफा मुकाबला देखने को मिल रहा है और यह फिल्म काफी पीछे रह गई है।
यह भी पढ़ें- Batwara 1947 vs Awarapan 2: सनी देओल या इमरान हाशमी, पहले दिन किसकी फिल्म मारेगी बाजी?
शिवम पंडित बनकर छा गए हैं इमरान हाशमी
'आवारापन 2' में शिवम पंडित बनकर इमरान हाशमी बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचा रहे हैं। जब साल 2007 में 'आवारापन' रिलीज हुई थी, तो यह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई थी, लेकिन बाद में इसकी गिनती इमरान के करियर की कल्ट फिल्मों में की जाने लगी। इसके सीक्वल को फैंस खूब प्यार दे रहे हैं। 'आवारापन 2' ने एडवांस बुकिंग में ही 'आवारापन' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म में दिशा पाटनी, जारा की भूमिका में हैं। हालांकि, उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है और यूजर्स का कहना है कि उन्हें एक्टिंग नहीं आती है। हालांकि, इमरान हाशमी अपने दमदार अभिनय के दम पर फिल्म ऑडियंस को खूब पसंद आ रही है।
यह भी पढ़ें- Awarapan 2 vs Batwara 1947: पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर रहा किस फिल्म का कब्जा? जानें कलेक्शन
आंकड़ों से साफ है कि 'आवारापन 2' ने वीकेंड पर 'बंटवारा 1947' को बड़े अंतर से पछाड़ दिया है और फिल्म तेजी से 100 करोड़ क्लब में शामिल होने की तरफ बढ़ रही है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री, टीवी, ओटीटी और सेलेब्स की लाइफ के बारे में ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
