अक्सर महिलाओं को लगता है कि हार्मोन्स का संबंध सिर्फ पीरियड्स या फर्टिलिटी से होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। हार्मोन्स हमारे शरीर के सुचारू रूप से काम करने के लिए बहुत जरूरी होते हैं और इनमें उतार-चढ़ाव होने पर इसका सीधा असर हमारे शरीर के फंक्शंस पर होता है। डाइजेशन, इंटिमेट हेल्थ, फर्टिलिटी, पीरियड्स, मूड, मेंटल हेल्थ और स्लीप साइकिल समेत कई चीजों पर हार्मोनल इंबैलेंस का असर होता है। अक्सर शरीर में हार्मोन्स का लेवल कम या ज्यादा होने पर हम उसके शुरुआती संकेतों को समझ नहीं पाते, लेकिन असल में इन्हें समझना बहुत आसान है।

हार्मोनल इंबैलेंस के संकेत हमारे चेहरे पर ही साफ दिखाई देने लगते हैं। चलिए समझते हैं कि हमारा चेहरा किस तरह शरीर में चल रही हार्मोन्स की गड़बड़ी की तरफ इशारा करता है। इस बारे में डाइटिशियन मनप्रीत कालरा जानकारी दे रही हैं। वह हार्मोन और गट हेल्थ कोच हैं और रीबूट गट हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली की फाउंडर और डायरेक्‍टर हैं।

हार्मोनल इंबैलेंस से जुड़े हैं चेहरे पर नजर आने वाले ये संकेत

डाइटिशियन मनप्रीत का कहना है कि त्वचा पर नजर आने वाले किसी भी संकेत को देखकर हम यह मान लेते हैं कि हमारा स्किनकेयर सही नहीं है, लेकिन असल में कई बार ये शरीर के अंदर चल रही गड़बड़ी का संकेत देते हैं।

1. पिगमेंटेशन

पिगमेंटेशन या चेहरे की असमान रंगत अक्सर हार्मोनल असंतुलन से जुड़ी होती है। शरीर में मेलेनिन का उत्पादन बढ़ जाने पर ऐसा होता है।

2. चेहरे पर बाल आना

कई बार महिलाओं को होंठों के ऊपर और ठोड़ी पर बाल नजर आने लगते हैं। यह भी हार्मोनल इंबैलेंस के कारण होता है। शरीर में मेल हार्मोन एंड्रोजन के ज्यादा होने पर ऐसा हो सकता है। आमतौर पर PCOS से परेशान महिलाओं में ऐसा देखने को मिलता है।

3. होंठों का कालपान

होंठों का कालापन हर बार स्मोकिंग की वजह से नहीं होता है। डिहाइड्रेशन, थकान या शरीर में स्ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल के बढ़ने पर भी ऐसा हो सकता है।

4. गर्दन का कालापन

कई बार चेहरे के नीचे गर्दन पर कालापन नजर आने लगता है। ऐसा इंसुलिन हार्मोन के रेजिस्टेंस के कारण हो सकता है। इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।

5. रूखी और पपड़ीदार त्वचा

थायराइड हार्मोन के अंडरएक्टिव यानी कम सक्रिय होने पर ऐसा हो सकता है। ऐसे में सीबम का उत्पादन कम होता है और त्वचा रूखी हो सकती है।

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shuttersotck