नहाते समय, स्विमिंग पूल में या बारिश में ज्यादा देर रहने पर उंगलियां सिकुड़कर किशमिश जैसी हो जाती हैं। ज्यादातर लोग समझते हैं कि त्वचा ने पानी सोख लिया है, इसलिए ऐसा हुआ है। असली वजह इससे बिल्कुल अलग और ज्यादा दिलचस्प है।
पानी में उंगलियां सिकुड़ने का क्या है कारण?
असल में पानी में उंगलियों का सिकुड़ना शरीर की एक एक्टिव प्रक्रिया है, इसे ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम कंट्रोल करता है। जब उंगलियां लंबे समय तक पानी में रहती हैं, तो उंगलियों में खून की नलियां सिकुड़ जाती हैं। इसे वासोकंस्ट्रिक्शन कहते हैं। खून की नलियां सिकुड़ने से उंगलियों के अंदर खून का बहाव कम हो जाता है। अंदर का टिश्यू थोड़ा सिकुड़ जाता है, लेकिन ऊपर की त्वचा उतनी ही रहती है। इसलिए, त्वचा में मोड़ पड़ जाते हैं और झुर्रियां बन जाती हैं। हाथ सूखते ही झुर्रियां गायब हो जाती हैं क्योंकि खून का बहाव फिर से नॉर्मल हो जाता है, टिश्यू अपना वॉल्यूम वापस पा लेता है और त्वचा फिर से चिकनी हो जाती है। आइए NIH की रिसर्च Water immersion wrinkling is due to vasoconstriction से जानते हैं इसकी वजह।
Photo Credit: Pinterest (Popular Science)
सिर्फ उंगलियां ही क्यों सिकुड़ती हैं, पूरा हाथ क्यों नहीं?
झुर्रियां सबसे ज्यादा उंगलियों के सिरों और हथेलियों पर दिखती हैं। इन जगहों की त्वचा को ग्लैबरस स्किन कहते हैं, जहां बाल नहीं होते हैं। इन जगहों पर नसों और खून की नलियों की सप्लाई बहुत ज्यादा होती है। इसलिए असर भी यहीं सबसे ज्यादा दिखता है। बाकी हाथ की त्वचा पर भी असर होता है, लेकिन वो इतना साफ नहीं दिखता है। उंगलियों की त्वचा पतली और ज्यादा सेंसिटिव होती है, इसलिए वहां झुर्रियां जल्दी बनती हैं।
Photo Credit: Magnific
क्या उंगलियां पानी सोखने से सिकुड़ती हैं?
ये सबसे बड़ा मिथ है। ये सच है कि त्वचा की सबसे बाहरी मृत परत, जिसे स्ट्रेटम कॉर्नियम कहते हैं, थोड़ा पानी सोखती है, लेकिन वो इतना पानी नहीं सोखती कि झुर्रियां पड़ जाएं। अगर सिर्फ पानी सोखने से झुर्रियां पड़तीं, तो पैर, हाथ और पूरा शरीर ही सिकुड़ जाता। इससे साफ है कि ये नर्वस सिस्टम का काम है।
यह भी पढ़ें- क्या आपका माथा भी 3 उंगलियां से ढक जाता है? खुद के साथ दूसरों की भी किस्मत चमका देते हैं ऐसे लोग
उंगलियों के सिकुड़ने का फायदा क्या है?
वैज्ञानिकों का मानना है कि ये झुर्रियां बेकार नहीं हैं। ये गीली चीजों को पकड़ने में मदद करती हैं। जैसे बारिश में टायर के निशान गीली सड़क पर पकड़ बनाते हैं, वैसे ही सिकुड़ी हुई उंगलियां गीली चीजों को मजबूती से पकड़ लेती हैं। यानी पुराने समय में इंसान को पानी में मछली पकड़ने, गीली लकड़ी उठाने और फिसलन वाली जगह पर चलने में इन झुर्रियों से फायदा मिलता होगा। शरीर ने खुद को इसी हिसाब से ढाला है।
यह भी पढ़ें- बार-बार उंगलियां चटकाने की आपको भी है गंदी आदत? हड्डियों की इस बीमारी के हो सकते हैं शिकार
Photo Credit: Magnific
तो अगली बार जब आपकी उंगलियां पानी में किशमिश जैसी हो जाएं, तो घबराइएगा मत। ये आपके शरीर का वो स्मार्ट फीचर है, जो बिना आपकी परमिशन के आपको फिसलन से बचा रहा है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1794222432102_m.webp)