सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सुबह-सुबह रजाई से निकलने का मन नहीं होता है। कड़ाके की ठंड में अक्सर लोगों को हाथों और पैरों की उंगलियों में अजीब सा सुन्नपन महसूस होता है। कुछ लोगों को लगता है कि ठंड में होने वाली यह झनझनाहट या सुई चुभने जैसा अहसास एक आम परेशानी है, जो रातभर हाथ के नीचे दबने या ठंड की वजह से होता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। अगर इस तरह की परेशानी आपको रोज हो रही है, तो इसके पीछे एक मेडिकल कारण हो सकता है, जिसे रेनॉड सिंड्रोम कहा जाता है।
सर्दियों की सुबह उंगलियां सुन्न क्यों हो जाती हैं?
ठंड या मानसिक तनाव के कारण उंगलियों की ब्लड वेसल्स अचानक बहुत ज्यादा सिकुड़ने लगती हैं, जिससे वहां खून का सर्कुलेशन कम हो जाता है। आइए जानते हैं इसके मुख्य कारणों के बारे में -
- ठंड में तापमान कम होने की वजह से शरीर, हाथ और पैरों को गर्म रखने के लिए ब्लड सर्कुलेशन को मुख्य अंगों की तरफ खींचता है, जिससे उंगलियों तक खून कम पहुंचता है और वे सुन्न हो जाती हैं।
- ठंड लगने पर कुछ लोगों की उंगलियां और पंजों की नसें सिकुड़ जाती हैं और वे सफेद या नीली पड़ने लगती हैं। जब ब्लड सर्कुलेशन वापस शुरू होता है, तब उंगलियां फिर से लाल हो जाती हैं।
- इन दोनों कारणों के अलावा, रात को सोते समय गलत पोजीशन में हाथ दब जाने या 'कार्पल टनल सिंड्रोम' की वजह से भी सुबह हाथों में सुन्नपन महसूस होने लगता है।
रेनॉड सिंड्रोम के लक्षण और पहचान
अगर आप भी जानना चाहती हैं कि कहीं आपको रेनॉड सिंड्रोम तो नहीं है, तो इसके इन लक्षणों को पहचान सकती हैं -
- यूनिक हॉस्पिटल इंदौर, MBBS डॉक्टर राम इनाणी के अनुसार, ठंड या तनाव के समय उंगलियों का रंग पहले सफेद, फिर नीला और गर्म होने पर वापस लाल होने लगता है।
- इस स्थिति में उंगलियों में सुन्नपन के साथ-साथ अत्यधिक ठंडक महसूस होती है।
- जब उंगलियों में दोबारा ब्लड सर्कुलेशन शुरू होता है, तो तेज दर्द या चुभन की समस्या भी हो सकती है।
उंगलियों के सुन्न होने और रेनॉड सिंड्रोम से बचने के उपाय
सर्दियों में इस समस्या से राहत पाने और बचाव के लिए आप कुछ आसान उपाय आजमा सकती हैं -
- यूनाइटेड किंगडम की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के मुताबिक, सर्दियों में ऊन के ग्लव्स और मोजे रोजाना पहनकर रखें ताकि हाथ-पैर सुरक्षित रहें।
- सुबह उठकर हाथों की हथेलियों और उंगलियों की हल्की मालिश करें। मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन तेजी से बढ़ता है।
- अपनी डाइट में अदरक और हल्दी जैसी गर्म तासीर वाली चीजों को शामिल करें, जो शरीर को अंदर से गर्माहट देती हैं।
निष्कर्ष: सर्दियों की सुबह उंगलियों का सुन्न होना या रंग बदलना केवल ठंड का असर नहीं, बल्कि रेनॉड सिंड्रोम का संकेत भी हो सकता है। अगर आप समय रहते अपने हाथों की सही देखभाल करें और इन आसान उपायों को अपनाएं, तो इस परेशानी से आसानी से बच सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
