आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऑफिस के काम, डेडलाइन और घर की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। लगातार काम करने के दबाव की वजह से कई बार इंसान मानसिक थकान और तनाव महसूस करने लगता है। यह तनाव धीरे-धीरे व्यक्ति को बर्नआउट का शिकार बना देता है। इस स्थिति में जब दिमाग थक जाता है, तो वह किसी भी काम को ध्यान से नहीं कर पाता और हर छोटी-छोटी बात पर चिढ़ने लगता है।
अगर आप भी इस तरह के मानसिक तनाव का सामना कर रही हैं, तो इससे निपटने और अपना फोकस वापस पाने के लिए '25-मिनट पोमोडोरो तकनीक' आजमा सकती हैं। यह तरीका न सिर्फ आपके काम करने की क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि आपको मानसिक रूप से तरोताजा भी रखता है। आइए जानते हैं इस तकनीक के बारे में विस्तार से।
पोमोडोरो तकनीक क्या है और यह तनाव कैसे घटाती है?
पोमोडोरो तकनीक टाइम मैनेजमेंट का एक ऐसा अनोखा तरीका है, जिसे इटली के फ्रांसिस्को सिरिलो ने बनाया था। इटैलियन भाषा में 'पोमोडोरो' का मतलब टमाटर होता है। इस तकनीक का सीधा तरीका यह है कि आप अपने काम को 25-25 मिनट के छोटे-छोटे टुकड़ों में बांट लें।
(image credit: MAGNIFIC)
यह भी पढ़ें- क्या सुबह उठते ही फोन न देखने से बेहतर होता है मूड? जानें 'नो-फोन मॉर्निंग' ट्रेंड के फायदे
पोमोडोरो तकनीक अपनाने के 5 आसान स्टेप्स
इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें -
- सबसे पहले आपको जो-जो काम पूरे करने हैं, उन्हें एक कागज पर लिख लें।
- अपने फोन या घड़ी में 25 मिनट का अलार्म सेट करें।
- अगले 25 मिनट तक सिर्फ उसी एक काम पर ध्यान दें। इस दौरान फोन देखने या दूसरा काम करने से बचें।
- जैसे ही टाइमर बजे, काम रोक दें और 5 मिनट का ब्रेक लें।
- जब आप 25-25 मिनट के 4 सेशन पूरे कर लें, तो उसके बाद 15 से 30 मिनट का एक बड़ा ब्रेक लें।
बर्नआउट से बचाने में पोमोडोरो तकनीक के फायदे
इस तकनीक को रोजाना आजमाने से आपको कई बेहतरीन फायदे देखने को मिलेंगे -
- हर 25 मिनट के बाद मिलने वाला 5 मिनट का ब्रेक आपके दिमाग को शांत रखता है और रिफ्रेश करता है।
- लगातार काम न करने की वजह से शाम तक भारी थकान या सिरदर्द महसूस नहीं होता।
- ऑफिस और घर के कामों के बीच एक अच्छा बैलेंस बना रहता है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है।
पोमोडोरो तकनीक को फॉलो करके आप बड़े से बड़े काम को छोटे-छोटे हिस्सों में आसानी से पूरा कर सकती हैं। ऐसा करने से दिमाग पर काम का बोझ महसूस नहीं होता और आपकी प्रोडक्टिविटी अपने आप बढ़ जाती है। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
