Dadi Maa Ke Gharelu Nuskhe: बचपन में जब मुझे हाथ पैरों में दर्द या खांसी होती थी, तो दादी अक्सर किचन में मौजूद चीजों से उपाय बताया करती थीं। कभी अदरक खाने को कहती थी, तो कभी हल्दी वाला दूध। उस समय ये बातें मुझे समझ नहीं आती थी, लेकिन इन्हें खाने से दर्द में आराम जरूर मिल जाता था। आइए जानते हैं हल्दी वाले दूध से लेकर अदरक तक दादी के ऐसे 10 नुस्खों के बारे में, जो आज भी लोगों को काम आते हैं।
दादी मां के 10 पुराने नुस्खे
बचपन में ज्यादा चीजों की सुविधा न होने की वजह से दादी के नुस्खे ही ज्यादा काम आते थे। आइए जानते हैं उनके बारे में।
1. बेजान त्वचा के लिए चेहरे पर लगाएं बर्फ
चेहरे पर जब भी दाने निकलते थे या फिर त्वचा बेजान लगती थी, तो दादी बर्फ लगाने को बोलती थी। ठंडक से त्वचा की सतह की रक्त वाहिकाएं कुछ समय के लिए सिकुड़ सकती हैं, जिससे सूजन कम दिखाई देती है और ठंड की वजह से दाने भी बैठ जाया करते थे।
2. खाना खाने के बाद चबाएं लौंग
बचपन में दादी लौंग खाने को भी बोलती थी। यह मुंह को तरोताजा महसूस कराने में मदद करती है। लौंग में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। लेकिन ध्यान रहे ज्यादा सेवन करने से नुकसान हो सकते हैं।
image credit- magnific
3. तनाव महसूस हो तो लें यूकेलिप्टस की खुशबू
यूकेलिप्टस के तेल की तेज खुशबू ताजगी का एहसास कराती है। किसी पसंदीदा सुगंध के साथ कुछ देर शांत बैठना और धीरे-धीरे सांस लेना तनाव कम करने में मदद करता है।
4. खांसी में शहद और काली मिर्च का इस्तेमाल
खांसी के दौरान गले में होने वाली खराश काफी परेशान करती है। जिसके लिए दादी गले पर शहद लगाने को कहती थी, क्योंकि शहद गीला होता है और यह एक परत बना लेता है, जिससे आराम मिलता है।
image credit- magnific
5. सिरदर्द में माथे पर रखें ठंडी पट्टी
दादी के समय से सिरदर्द में ठंडी पट्टी रखने का चलन रहा है। ठंडक कुछ लोगों को आराम दे सकती है और दर्द को कम भी करती है। माइग्रेन के दौरान भी कुछ लोगों को ठंडी पट्टी से राहत मिलती है।
6. नींद नहीं आती तो पैरों की मालिश करें
सोने से पहले गुनगुने तेल से पैरों की हल्की मालिश करना काफी सुकून देता है। मालिश और आराम का माहौल शरीर को शांत करने में मदद कर सकते हैं। इससे नींद आने में आसानी होती है।
7. पेट फूलने पर पानी में नमक और नींबू मिलाकर पिएं
पेट फूलने या गैस की परेशानी में गुनगुने पानी में नमक और नींबू मिलाने से पेट की सूजन तुरंत गायब हो जाती है। नींबू में साइट्रिक एसिड और विटामिन-सी होता है, जो खाने को पचाता है।
8. गले में खराश हो तो अदरक खाएं
अदरक में जिंजरॉल जैसे जैव सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं। यह गले की खराश को ठीक करता है। जब भी बचपन में खराश होती थी, तो दादी अदरक चबाने को कहती थी।
9. एसिडिटी में सौंफ चबाने से मिल सकता है आराम
सौंफ में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह मुंह को ताजगी देती है और साथ ही पेट की अकड़न को भी कंट्रोल करती है। इसे खाने से एसिडिटी या सीने में जलन से राहत मिलती है।
image credit- magnific
10. जोड़ों के दर्द में हल्दी वाला दूध
रात में हल्दी वाला दूध पीने की सलाह आपने भी दादी से सुनी होगी। हल्दी के साथ काली मिर्च लेने पर उसमें मौजूद पिपेरिन करक्यूमिन के अवशोषण को बढ़ा देता है और दर्द से राहत दिलाता है।
ये सभी घरेलू उपाय रोजमर्रा की छोटी परेशानियों में आराम देने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इन्हें इलाज का विकल्प नहीं समझना चाहिए। हर व्यक्ति की त्वचा, पाचन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें अलग होती हैं। इसलिए कुछ भी ट्राई करने से पहले एक्सपर्ट से राय लें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit- Ai
