आज जहां लोग 35-40 की उम्र में ही फिटनेस से मुंह मोड़ लेते हैं, वहीं 75 साल की सुशीला बोहरा ने अपनी उम्र को महज एक नंबर साबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर योगा नानी के नाम से वायरल सुशीला जी अपनी फिटनेस और योग से आज के युवाओं को प्रेरित कर रही हैं। महाराष्ट्र के इचलकरंजी की रहने वाली सुशीला बोहरा की यह कहानी सिर्फ फिटनेस की नहीं, बल्कि जीवन के सबसे मुश्किल दौर से उबरकर खुद को एक नई पहचान देने की है। ऐसे में इनके सफर के बारे में पता होना जरूरी है। आज का हमारा लेख इसी विषय पर है। आज हम आपको अपने इस आर्टिकल के माध्यम से बताएंगे कि सुशीला बोहरा कैसे अपने जीवन में बदलाव लेकर आईं? जानते हैं आगे...
पति के निधन के बाद शुरू हुआ यह सफर
सुशीला जी का जीवन हमेशा से ऐसा नहीं था। आज से लगभग 11 साल पहले जब उनके पति का निधन हुआ, तो वह गहरे दुख और अकेलेपन में डूब गईं। उस मुश्किल वक्त में खुद को संभालने के लिए उन्होंने एक्सरसाइज और योग को अपना सहारा बनाया। सुशीला जी के परिवार में उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है, जो उनके इस सफर में उनका पूरा साथ देते हैं।
वह बताती हैं कि उन्होंने शुरुआत छोटी-छोटी एक्सरसाइज से की थी। धीरे-धीरे यह उनकी जीवनशैली का हिस्सा बन गया और आज वह बेहद आसानी से कठिन सूर्य नमस्कार और योग आसन कर लेती हैं।
यह भी पढ़ें- डर से लेकर Self-Confidence तक का सफर, जानें कैसे एक सोलो ट्रिप बदल सकती है आपकी सोच?
जैन धर्म के सिद्धांतों ने आगे बढ़ाया
- सुशीला बोहरा की इस बेमिसाल फिटनेस और ऊर्जा के पीछे उनकी कड़ी दिनचर्या और जैन धर्म के प्रति अटूट आस्था है।
- वह एकान्तर उपवास करती हैं यानि वह एक दिन भोजन करती हैं और अगले दिन पूरा उपवास रखती हैं।
- वह केवल सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे के बीच ही भोजन या पानी ग्रहण करती हैं।
- शाम को 6 बजते ही उनकी तपस्या शुरू हो जाती है, जिसके बाद वह पानी की एक बूंद भी नहीं पीती हैं।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुईं 'योगा नानी'
लगभग 2 महीने पहले जब सोशल मीडिया पर उनके योग करते हुए वीडियो अपलोड किए गए, तो इंटरनेट पर लोगों ने काफी पसंद की। 75 साल की उम्र में उनकी फुर्ती और मुश्किल आसनों को देखकर युवा उनके फैन हो गए। आज सुशीला जी के वीडियोज को लाखों लोग देख रहे हैं और उनसे प्रेरित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- न टूटी हिम्मत, न थमे कदम! एसिड अटैक सर्वाइवर प्रोफेसर मंगला कपूर को पद्म श्री सम्मान, जानें इनकी कहानी
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: Instagram
