ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करने से कमर दर्द, पैरों में अकड़न और थकान जैसी परेशानियां हो सकती हैं। ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन (OSHA) की रिसर्च के मुताबिक, इनसे बचने के लिए सिर्फ कंफर्टेबल कुर्सी ही नहीं, बल्कि बैठने का सही तरीका भी जरूरी है। खासतौर पर ऑफिस चेयर पर बैठते समय पैरों को जमीन पर टिकाना शरीर के संतुलन, रीढ़ की हड्डी और सही ब्लड सर्कुलेशन के लिए जरूरी माना जाता है।

क्यों ऑफिस की चेयर पर बैठते वक्त पैर जमीन में रखना चाहिए?

दिनभर ऑफिस में बैठने से शरीर अकड़ जाता है। ऐसे में चेयर पर बैठते समय पैरों को जमीन पर टिकाना काफी जरूरी होता है। आइए जानते हैं इसका कारण?

1. शरीर के वजन को सही तरीके से बांटता है

बैठते समय पैरों का जमीन पर टिकना शरीर के निचले हिस्से को काफी सहारा देता है। इससे बैठने वाली हड्डियों, जांघों और कमर पर पड़ने वाला दबाव कम हो जाता है। साथ ही पैर जब हवा में लटकता है, तो शरीर का संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।

image credit- shutterstock

2. रीढ़ की हड्डी को मिलता है सहारा

अगर कुर्सी की ऊंचाई ज्यादा है और पैर जमीन तक नहीं पहुंचते, तो पेल्विस का खतरा हो सकता है। इससे व्यक्ति आगे की ओर झुककर बैठने लगता है और कंधे भी झुक सकते हैं। लंबे समय तक ऐसी मुद्रा में बैठने से कमर में दर्द की परेशानी भी हो सकती है। जब पैर जमीन पर टिकते हैं तो रीढ़ की हड्डी सही रहती है।

3. ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रखने में मदद

बहुत ऊंची कुर्सी पर बैठने से जांघों के पिछले हिस्से पर दबाव पड़ सकता है। इससे पैरों में रक्त प्रवाह प्रभावित होने, भारीपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए पैरों को सही तरीके से रखना काफी जरूरी है। ऐसा करने से ब्लड सर्कुलेशन अच्छा रहता है।

4. मांसपेशियों की थकान कम होती है

जब पैर हवा में लटकते हैं या कुर्सी के नीचे पीछे की ओर मुड़े रहते हैं, तो शरीर को स्थिर रखने के लिए पैरों और शरीर के बीच के हिस्से की मांसपेशियों को लगातार काम करना पड़ता है। पैर जमीन पर टिके होने से शरीर को सहारा मिलता है और लंबे समय तक बैठने से होने वाली थकान कम हो सकती है। 

पैर जमीन तक न पहुंचे तो क्या करें?

अगर ऑफिस में काम करने के लिए कुर्सी को सही ऊंचाई पर रखने के बाद भी पैर जमीन तक नहीं पहुंचते, तो फुटरेस्ट का यूज करें। इसके लिए मजबूत फुटरेस्ट लें या फिर डेस्क के नीचे रखा जाने वाला प्लेटफॉर्म भा काम का हो सकता है।

ऑफिस चेयर की ऊंचाई तय करते समय न करें ये गलतियां

ऑफिस चेयर को अपने हिसाब से एडजस्ट करना सही होता है, लेकिन इन बातों का जरूर ध्यान दें।

  • केवल डेस्क की ऊंचाई देखकर कुर्सी एडजस्ट न करें। पैरों और पीठ के आराम का भी ध्यान दें।
  • कुर्सी ऊंची होने पर पैरों को हवा में न लटकाएं। पैरों को फुटरेस्ट पर रखें।
  • ऐसी कुर्सी चुनें जिसकी सीट और बैकरेस्ट शरीर को पर्याप्त सहारा दें।
  • सही मुद्रा के साथ काम के दौरान थोड़ा इधर-उधर उठकर चलें।

ऑफिस में बैठते वक्त कुर्सी को अपने शरीर के अनुसार एडजस्ट करें और मॉनिटर, कीबोर्ड व डेस्क की स्थिति भी सही रखें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

main image credit- gemini