दिवाली का त्योहार आते ही लोगों को बोनस का इंतजार रहने लगता है। सैलरी के साथ मिलने वाला बोनस त्योहार की खुशियों को दोगुना कर देता है। कोई इससे नए कपड़े और मोबाइल खरीदने की सोचता है, तो कोई परिवार के साथ घूमने का प्लान बनाता है। कुछ ही दिनों में पूरा बोनस खर्च हो जाए, तो बाद में पछतावा भी होता है। इसलिए, बेहतर है कि इस पैसे को सिर्फ शॉपिंग में उड़ाने के बजाय अपनी जरूरतों और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखकर खर्च करें।
दिवाली बोनस का ऐसे करें इस्तेमाल
मान लीजिए आपकी सैलरी हर महीने घर के खर्च, बिल और दूसरी जरूरतों में खत्म हो जाती है। ऐसे में दिवाली बोनस के रूप में मिलने वाली अतिरिक्त रकम आपको अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का मौका दे सकती है। इस पैसे से आप पुराने कर्ज का बोझ कम कर सकते हैं, इमरजेंसी के लिए बचत कर सकते हैं या भविष्य के किसी बड़े लक्ष्य की तैयारी शुरू कर सकते हैं। बस जरूरत है कि बोनस खाते में आते ही बिना सोचे-समझे खर्च करने के बजाय पहले से इसकी योजना बना ली जाए। आइए ICICI गाजियाबाद ब्रांच की मैनेजर स्वाथी सिंह से जानते हैं कि कैसे दिवाली बोनस का करें इस्तेमाल?
Photo Credit: Pinterest (India)
दिवाली बोनस को सही जगह लगाने के तरीके
दिवाली बोनस को खर्च करने का कोई एक तय नियम नहीं है। यह आपकी आमदनी, जिम्मेदारियों, कर्ज और भविष्य के लक्ष्यों पर निर्भर करता है। फिर भी कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां इस रकम का इस्तेमाल करना आपकी आर्थिक स्थिति के लिए फायदेमंद हो सकता है।
1. इमरजेंसी फंड तैयार करें
अचानक नौकरी छूटना, बीमारी, घर की मरम्मत या कोई दूसरी परेशानी कभी भी सामने आ सकती है। ऐसे समय में इमरजेंसी फंड बहुत काम आता है। अगर आपने अभी तक इसके लिए पैसे नहीं बचाए हैं, तो बोनस का एक हिस्सा अलग रख दें। कोशिश करें कि आपके पास कम से कम 3 से 6 महीने के जरूरी खर्च के बराबर रकम मौजूद हो। इसे ऐसी जगह रखें, जहां जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके।
2. क्रेडिट कार्ड और महंगे कर्ज चुकाएं
अगर आपके ऊपर क्रेडिट कार्ड का बकाया या ज्यादा ब्याज वाला पर्सनल लोन है, तो बोनस का इस्तेमाल उसे कम करने में कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल समय पर न चुकाने पर ब्याज तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में पहले ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को चुकाने की कोशिश करें। किसी लोन को समय से पहले बंद करने या उसका कुछ हिस्सा चुकाने से पहले प्रीपेमेंट चार्ज और दूसरी शर्तें जरूर जांच लें।
3. भविष्य के लिए निवेश करें
अगर आपके पास इमरजेंसी फंड है और महंगे कर्ज का बोझ भी नहीं है, तो बोनस की कुछ रकम निवेश के लिए रख सकते हैं। आप अपने लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुसार म्यूचुअल फंड, पीपीएफ या दूसरी निवेश योजनाओं पर विचार कर सकते हैं। लंबी अवधि के लक्ष्यों के लिए निवेश चुनते समय यह समझना जरूरी है कि बाजार से जुड़े निवेश में उतार-चढ़ाव और नुकसान का जोखिम भी रहता है।
Photo Credit: Pinterest (Pandora Box Gold)
4. आने वाले खर्चों के लिए पैसे बचाएं
दिवाली के बाद भी कई जरूरी खर्च सामने आते हैं। जैसे बच्चों की स्कूल फीस, बीमा प्रीमियम, घर की मरम्मत, यात्रा या किसी जरूरी सामान की खरीदारी। अगर आपको पहले से इन खर्चों का अंदाजा है, तो बोनस का कुछ हिस्सा इनके लिए अलग रख दें। इससे बाद में अचानक खर्च आने पर क्रेडिट कार्ड या कर्ज का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
5. त्योहार का आनंद लें, लेकिन बजट में
बोनस मिलने का मतलब यह नहीं है कि आप अपनी पसंद की चीजें खरीद ही नहीं सकते हैं। आखिर यह आपकी मेहनत की कमाई है। आप इसका एक हिस्सा कपड़े, गिफ्ट, मिठाई या परिवार के साथ घूमने पर खर्च कर सकते हैं। बस खरीदारी शुरू करने से पहले एक बजट तय कर लें। ऑफर्स के चक्कर में गैरजरूरी सामान खरीदने और केवल दिखावे के लिए कर्ज लेने से बचें।
यह भी पढ़ें- Investment Tips: 40 की उम्र में कर रही हैं निवेश? इन 6 स्मार्ट तरीकों से होगी पैसों की सेविंग्स
बोनस खर्च करने से पहले बना लें योजना
दिवाली बोनस को समझदारी से इस्तेमाल करने का सबसे अच्छा तरीका है कि रकम खाते में आने से पहले ही उसका बंटवारा तय कर लें।
- पहले अपनी बचत, कर्ज और जरूरी खर्चों को देखें।
- इसके बाद तय करें कि कितना पैसा निवेश करना है और कितना त्योहार पर खर्च करना है। इस तरह आप दिवाली का आनंद भी ले पाएंगे और अपनी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना सकेंगे।
Photo Credit: Pinterest (Design & Art)
दिवाली बोनस सिर्फ शॉपिंग के लिए नहीं, अपनी फाइनेंशियल लाइफ को पटरी पर लाने का सबसे आसान मौका होता है। पहले थोड़ा कर्ज कम करें, थोड़ा इमरजेंसी के लिए रखें और फिर दिल से त्योहार मनाएं। इस बार बोनस को ऐसे बांटें कि दिवाली की खुशी भी रहे और जनवरी में पछतावा न हो। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793866730242_m.webp)