साड़ी पैकिंग बिजनेस से शादी और त्योहारों के सीजन में कमाई के बड़े मौके मिलते हैं। आज के समय में हर कोई चाहता है कि उनकी खास साड़ियां और कपड़े खूबसूरती से पैक हों, ताकि लुक भी शानदार दिखे और कपड़ा सुरक्षित भी रहे। अगर आप कम बजट में घर से कोई बिजनेस शुरू करने की सोच रही हैं, तो यह एक बेहतरीन जरिया बन सकता है। इसके लिए हमने आरएसएम के अकाउंटेट चार्टर्ड हिमांशु गोयल से भी बात की है। जानते हैं, इस बिजनेस के बारे में सब कुछ...
साड़ी पैकिंग बिजनेस क्यों फायदेमंद है?
शादियों और बड़े मौकों पर कपड़ों की प्रेजेंटेशन का काफी महत्व होता है। गिफ्टिंग हो या ब्राइडल ट्रूसो पैकिंग, लोग अपनी महंगी साड़ियों को साधारण तरीके से देने की जगह प्रीमियम पैकिंग पसंद करते हैं।
- कम लागत और ज्यादा डिमांड: इस काम को शुरू करने के लिए बड़े सेटअप की जरूरत नहीं होती। घर के एक छोटे हिस्से से ही इसे आसानी से चलाया जा सकता है।
- सीजनल और रेगुलर मार्केट: शादी का सीजन हो या तीज-त्योहार, यह ऐसा बिजनेस है जिसकी मांग साल भर बनी रहती है।
(photo credit- Magnific)
पैकिंग कैसे करें और किन बातों का ध्यान रखें?
साड़ी पैकिंग में सबसे ज्यादा ध्यान उसके फैब्रिक और उस पर किए गए काम पर देना होता है। गलत तरीके से मोड़ने पर साड़ी खराब भी हो सकती है।
1. हल्की साड़ियों को मोड़ने का तरीका
शिफॉन, जॉर्जेट और क्रेप जैसी हल्की साड़ियों को सबसे पहले लंबाई में तीन हिस्सों में मोड़ें। इसके बाद चौड़ाई की तरफ से एक-एक करके परत बनाएं। इससे साड़ियों में गहरी सिलवटें नहीं पड़तीं।
2. भारी और जरी वाली साड़ियों की सुरक्षा
बनारसी, कांजीवरम और चंदेरी जैसी भारी साड़ियों को फोल्ड करने की बजाय रोल करना सबसे सुरक्षित माना जाता है। रोल करते समय बीच में पतला सूती या मलमल का कपड़ा रखें ताकि जरी का काम आपस में रगड़ न खाए और चमकदार बना रहे।
3. कढ़ाई और बॉर्डर वाली साड़ियों की पैकिंग
अगर साड़ी पर हैवी एम्ब्रॉयडरी या शीशे का काम है, तो उसे हमेशा अंदर की तरफ करके मोड़ें। इससे सफर के दौरान धागे या काम खिंचने का डर नहीं रहता। भारी बॉर्डर वाली साड़ियों में बॉर्डर को हमेशा ऊपर की तरफ रखें ताकि उस पर वजन न पड़े।
बिजनेस की शुरुआत कैसे करें?
इस काम को शुरू करने के लिए आपको सही सामान, पैकिंग बैग्स और रीबन की जरूरत होती है। शुरुआती दौर में आप आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से ऑर्डर लेकर शुरुआत कर सकते हैं।
(photo credit- AI)
लागत और मुनाफा
बिजनेस में शुरुआती निवेश और उससे होने वाले फायदे को इस तरह समझा जा सकता है:
| शुरुआती निवेश | 5,000 से 10,000 रुपये (पैकिंग मटेरियल और ट्रे) |
| प्रति साड़ी पैकिंग चार्ज | 200 से 800 रुपये (डिजाइन के हिसाब से) |
| संभावित महीने की कमाई | 25,000 से 50,000 रुपये या उससे अधिक |
खुद की मार्केटिंग कैसे करें?
मार्केट में पहचान बनाने के लिए अपने काम की सही प्रेजेंटेशन बहुत जरूरी है।
- सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल: अपनी बनाई हुई खूबसूरत पैकिंग्स की तस्वीरें और छोटी वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर करें।
- लोकल नेटवर्क और बुटीक से संपर्क: आसपास के लेडीज बुटीक, ब्यूटी पार्लर और ब्राइडल मैचिंग सेंटर्स से टाइ-अप करें। वहां आने वाले ग्राहक सीधे आपके पास आ सकते हैं।
निष्कर्ष
साड़ी पैकिंग एक ऐसा हुनर है, जिसे कम बजट में शुरू करके शानदार मुनाफा कमाया जा सकता है। सही तकनीक, साफ-सुथरा काम और थोड़ी सी मार्केटिंग से आप बहुत जल्द इस बिजनेस को एक बड़े ब्रांड में बदल सकते हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Main Images: AI
