पॉकेट मनी या फिर पार्ट-टाइम जॉब से मिलने वाले पैसों से इन्वेस्टमेंट कैसे करें? यह सवाल हर कॉलेज स्टूडेंट के मन में होता है। हालांकि, कई बार वे कुछ पैसे बचाकर रखने की कोशिश भी करते हैं, मगर किसी-न-किसी काम में खर्च हो जाते हैं। ऐसे में बहुत से स्टूडेंट्स सोचते हैं कि निवेश करने के लिए बैंक में बड़ा बैलेंस होना जरूरी है, जबकि सच यह है कि आप सौ-पचास रुपयों से भी इसकी शुरुआत कर सकते हैं।

सही समय पर पैसों की बचत और सही जगह निवेश करने की आदत आपको कम उम्र में ही आर्थिक रूप से मजबूत बना देती है। बैंक ऑफ बड़ौदा की वरिष्ठ प्रबंधक निधि परमार से जानें 5 आसान टिप्स, जिन्हें अपनाकर स्टूडेंट्स आसानी से इन्वेस्टमेंट शुरू कर सकते हैं।

स्टूडेंट्स अपनी पॉकेट मनी या पॉर्ट टाइम जॉब से इंवेस्टमेंट कैसे शुरू कर सकते हैं?

अगर आप स्टूडेंट है और अपनी पॉकेट मनी या फिर पॉर्ट टाइम जॉब से मिलने वाले पैसों से कुछ पैसे इंवेस्ट करना चाहते हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा है। ऐसे में आप नीचे बताए गए तरीकों को अपना सकते हैं।

1. म्यूचुअल फंड में एसआईपी की शुरुआत करें

कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए म्यूचुअल फंड में सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी निवेश करने का सबसे बेहतरीन और आसान तरीका माना जाता है। इसके लिए आपको शेयर बाजार की बहुत बड़ी जानकारी होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

आप चाहें तो हर महीने महज 100 या 500 रुपये की छोटी सी रकम से भी अपनी शुरुआत कर सकते हैं। जब आप हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा लगाते हैं, तो कंपाउंडिंग यानी चक्रवृद्धि ब्याज से छोटा सा पैसा लंबे समय में बड़ा फंड बन जाता है।

इसे भी पढ़ें- इंश्योरेंस इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ रहे हैं जॉब के मौके, जानें कैसे बनाएं फ्यूचर?

2. डिजिटल गोल्ड में इंवेस्ट करें

सोने में निवेश करना हमारे देश में हमेशा से सुरक्षित और समझदारी भरा फैसला माना जाता है। मगर आज के समय में स्टूडेंट्स को इसके लिए दुकान पर जाकर महंगे गहने खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। आप अपने फोन में मौजूद विभिन्न पेमेंट ऐप्स की मदद से सिर्फ 10 या 50 रुपये में भी डिजिटल गोल्ड खरीद सकते हैं।

यह पूरी तरह से सुरक्षित होता है और जब चाहें इसे ऑनलाइन बेचकर अपने पैसे वापस भी पा सकते हैं। पढ़ाई के दिनों से सोने में थोड़ा-थोड़ा निवेश करने की यह आदत आपके भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत और सुरक्षित बना देगी।

3. बैंक या पोस्ट ऑफिस में RD खोलें

अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं, तो बैंक या पोस्ट ऑफिस में रेकरिंग डिपॉजिट यानी आरडी आपके लिए सबसे सही विकल्प है। इसमें आपको हर महीने एक तय छोटी रकम, जैसे 500 रुपये जमा करनी होती है। इस पर आपको बैंक की तरफ से एक निश्चित और सुरक्षित रिटर्न मिलता है।

बैंक या पोस्ट ऑफिस में आरडी खोलना यह तरीका उन स्टूडेंट्स के लिए एकदम परफेक्ट है जो बिना किसी रिस्क के धीरे-धीरे अपनी बचत को बढ़ाना चाहते हैं। इसमें आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और समय पूरा होने पर ब्याज के साथ वापस मिल जाता है।

4. इमरजेंसी फंड

निवेश करने से पहले यह बहुत जरूरी है कि आप अपने लिए एक छोटा सा इमरजेंसी फंड जरूर तैयार करें। अपनी पॉकेट मनी या पार्ट-टाइम जॉब से मिलने वाली कमाई का कम से कम 10 या 20 प्रतिशत हिस्सा निकालकर अलग रख लें। कॉलेज के दिनों में अचानक कभी कभार कुछ खर्चे आ जाते हैं, जैसे अचानक कोई मेडिकल इमरजेंसी या कॉलेज का कोई जरूरी प्रोजेक्ट।

ऐसे समय में जब आपके पास अपनी बचत के पैसे होंगे, तो आपको अपने दोस्तों या परिवार के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आप हर मुसीबत का सामना आसानी से कर पाएंगे।

5. स्किल्स और लर्निंग पर पैसा लगाएं

पैसे बचाने और बैंक में निवेश करने के साथ-साथ यह भी बहुत जरूरी है कि आप अपनी खुद की काबिलियत और स्किल्स पर निवेश करें। स्टूडेंट लाइफ में मिलने वाले पैसों से कोई अच्छा ऑनलाइन कोर्स खरीद लें, नई भाषा सीखें, या फिर अपने ज्ञान को बढ़ाने वाली बेहतरीन किताबें पढ़ें। खुद पर किया गया यह निवेश कभी भी बेकार नहीं जाता है।

आज आप जो हुनर सीखेंगे, वही आने वाले समय में आपको एक अच्छी नौकरी या बेहतरीन करियर दिलाने में मदद करेगा, जिससे आपकी कमाई कई गुना बढ़ सकती है।

इसे भी पढ़ें- बैंकिंग से बजटिंग तक सब कुछ स्मार्ट, Personal Finance को AI ऐसे बना रही है इंटेलिजेंट?

अगर आप स्टूडेंट है, तो आप इन आसान टिप्स को अपनाकर पैसों की बचत कर सकती हैं। अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया है तो इसे शेयर करें। ऐसे आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।

Image Credit- Magnific