भारतीय गहनों और फैशन एक्सेसरीज की विदेश में जबरदस्त मांग है। अगर आप कम बजट में ऐसा बिजनेस ढूंढ रहे हैं जो बड़ा फायदा दे, तो चूड़ियों का एक्सपोर्ट एक बहुत बढ़िया विकल्प है। चूड़ियां हल्की होती हैं, इसलिए इन्हें विदेश भेजने का खर्च कम आता है, जबकि वहां इनकी कीमत काफी अच्छी मिलती है। इस बिजनेस में आसानी से 30% से 60% तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके लिए हमने आरएसएम के अकाउंटेट चार्टर्ड हिमांशु गोयल से भी बात की है। जानते हैं, इनके बार में...

बिजनेस के लिए सही चूड़ियों को कैसे चुनें?

एक्सपोर्ट बिजनेस में सफलता पाने के लिए यह जानना जरूरी है कि विदेश में किस तरह की चूड़ियों की मांग ज्यादा है।

  • लाख और कुंदन चूड़ियां: जयपुर (राजस्थान) में बनने वाली ये हाथ से बनी चूड़ियां विदेशों में काफी महंगे दामों में बिकती हैं।
  • कांच की चूड़ियां: फिरोजाबाद की कांच की चूड़ियां बहुत कम लागत में मिल जाती हैं, जिससे इन्हें बड़े पैमाने पर बेचकर अच्छा फायदा होता है।
  • मेटल और ब्रास चूड़ियां: ये हल्की, मजबूत और टिकाऊ होती हैं। इन पर एंटीक गोल्ड या सिल्वर फिनिश देकर आसानी से बेचा जा सकता है।

चूड़ियों के बड़े बाजार

बता दें कि भारत में सबसे किफायती और बड़े बाजारों में निम्न चूड़ियों के बाजार के नाम शामिल हैं-

  • हैदराबाद (लाड बाजार): दुल्हन के जोड़ों और मोतियों वाली चूड़ियों के लिए मशहूर।
  • फिरोजाबाद: कांच की चूड़ियों का सबसे बड़ा केंद्र।
  • जयपुर: लाख और हाथ से बनी खूबसूरत चूड़ियों के लिए प्रसिद्ध।

यह भी पढ़ें- हैंडमेड आइटम्स बेचने का है शौक, जानें इंस्टाग्राम पर कैसे शुरू कर सकती हैं अपना स्टोर?

चूड़ी एक्सपोर्ट बिजनेस क्यों शुरू करें?

थोक बाजार से सामान खरीदकर इसे बहुत कम पूंजी में शुरू किया जा सकता है। अगर आप खुद इन्हें बनवाते हैं, तो मुनाफा और बढ़ जाता है। अन्य फायदे इस प्रकार हैं-

  • शादियों, त्योहारों और भारतीय आयोजनों के कारण लोग अच्छी चूड़ियों के लिए सही दाम देने को हमेशा तैयार रहते हैं।
  • आप इस काम को घर से, अपनी दुकान खोलकर, ऑनलाइन बेचकर या सीधे विदेश भेजकर शुरू कर सकते हैं।

बिजनेस शुरू करने के लिए जरूरी चीजें

इस काम को शुरू करने के लिए बहुत बड़ी पढ़ाई-लिखाई की जरूरत नहीं है, बस थोड़ा बिजनेस सेंस और कुछ जरूरी कागजात चाहिए।

  • ग्राहकों को अपनी वैरायटी और रेट अच्छे से समझाना।
  • नए फैशन और ट्रेंड की जानकारी रखना।
  • इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अपनी चीजें प्रमोट करना।

जरूरी रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस

बिजनेस शुरू करने के लिए आपके पास कुछ चीजों का होना बेहद जरूरी है-

  • पैन कार्ड और करंट अकाउंट: बिजनेस के नाम से बैंक खाता खोलें।
  • जीएसटी नंबर: टैक्स और एक्सपोर्ट की प्रक्रियाओं के लिए जरूरी।
  • आईईसी (IEC Code): एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट के लिए सरकार द्वारा मिलने वाला कोड।
  • RCMC सर्टिफिकेट: एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जैसे GJEPC) में रजिस्ट्रेशन ताकि सरकारी योजनाओं का फायदा मिल सके।

विदेशी ग्राहक कैसे खोजें और लेन-देन कैसे करें?

अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, कनाडा और यूरोप के देशों में रहने वाले भारतीयों के बीच इनकी काफी मांग रहती है। ग्राहक खोजने के लिए-

  • IndiaMART और Alibaba जैसी वेबसाइट्स पर अपना अकाउंट बनाएं।
  • विदेश में लगने वाले ट्रेड फेयर में हिस्सा लें।
  • Volza जैसे टूल्स की मदद से इंपोर्टर्स की जानकारी जुटाएं।

पेमेंट और शिपिंग का तरीका

शुरुआती ऑर्डर में हमेशा पूरा पेमेंट एडवांस में लें या बैंक के जरिए लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) पर ही काम करें। कस्टम की लिखा-पढ़ी और शिपिंग की कागजी कार्रवाई आसान बनाने के लिए किसी कस्टम एजेंट (CHA) की मदद लें।

निष्कर्ष

चूड़ियों का एक्सपोर्ट बिजनेस कम पैसे में विदेश तक व्यापार फैलाने और बढ़िया कमाई करने का एक बेहतरीन जरिया है। अगर आप सही प्रोडक्ट चुनकर और कागजी कार्रवाई पूरी करके काम शुरू करते हैं, तो बहुत कम समय में एक सफल एक्सपोर्टर बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें- आर्टिफिशियल ज्वेलरी रीसेलिंग बिजनेस से हर महीने कमा सकती हैं पैसा, बढ़ाएं अपनी इनकम

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific