आज के दौर में महिलाओं के लिए फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट होना बेहद जरूरी हो गया है। पैसे की सही योजना बनाना केवल बचत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपकी कमाई, खर्च, निवेश और भविष्य के सपनों को एक सही दिशा देने का माध्यम है। जब महिलाएं अपने लिए पैसों का मैनेजमेंट खुद करती हैं, तो वे न केवल अपने वर्तमान को सुरक्षित करती हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए भी तैयार रहती हैं। ऐसे में ये जानना तो बनता है कि कैसे आप फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बनें और कैसे बचत करें? इसके लिए हमने आरएसएम के अकाउंटेट चार्टर्ड हिमांशु गोयल से भी बात की है। पढ़ते हैं आगे...
अपनी फाइनेंशियल स्थिति का सही आकलन कैसे करें?
फाइनेंशियल प्लानिंग की शुरुआत अपनी मौजूदा स्थिति को गहराई से समझने से होती है।
- आय और खर्चों का हिसाब रखें: बिना योजना के खर्च करना शुरुआती दौर में अच्छा लग सकता है, लेकिन यह आगे चलकर पैसों की समस्या खड़ी कर सकता है। हर महीने होने वाली कुल आय और बुनियादी जरूरतों पर होने वाले खर्च का बजट बनाएं।
- नेट वर्थ का हिसाब लगाएं: अपनी कुल संपत्ति जैसे बचत खाते में जमा रकम, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और प्रॉपर्टी का ब्योरा तैयार करें। इसमें से अपने सभी कर्ज या लोन घटाकर अपनी असली वित्तीय स्थिति समझें।
फाइनेंशियल लक्ष्य तय करें
लक्ष्य आपके निवेश को सही दिशा देते हैं। अपने सपनों को दो हिस्सों में बांटकर योजना बनाएं-
- शॉर्ट टर्म गोल्स: इमरजेंसी फंड बनाना, कोई स्किल डेवलपमेंट कोर्स करना या अपने लिए गाड़ी खरीदना।
- लॉन्ग टर्म गोल्स: अपना घर खरीदना, बच्चों की उच्च शिक्षा का फंड तैयार करना और रिटायरमेंट के लिए बड़ा कॉर्पस जुटाना।
Emergency Fund जरूर बनाएं
अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी या नौकरी में बदलाव के समय आर्थिक तंगी से बचने के लिए इमरजेंसी फंड बेहद जरूरी है। महिलाओं को कम से कम 6 से 12 महीने के जरूरी खर्चों के बराबर राशि किसी ऐसे खाते में रखनी चाहिए, जिसे जरूरत पड़ने पर तुरंत निकाला जा सके।
कर्ज को समझदारी से मैनेज करें
कर्ज अगर सही तरीके से न संभाला जाए तो वह फाइनेंशियल ग्रोथ में बाधा बन जाता है।
- ज्यादा ब्याज वाले कर्ज पहले चुकाएं: क्रेडिट कार्ड का बिल या पर्सनल लोन पर ब्याज दरें बहुत ज्यादा होती हैं। इन्हें सबसे पहले चुकाकर खुद को स्ट्रेस फ्री करें।
- समझदारी से लोन लें: घर या बिजनेस जैसे बड़े उद्देश्यों के लिए लोन लेते समय यह सुनिश्चित करें कि उसकी मासिक किश्त (EMI) आपकी मासिक आय के अनुकूल हो।
गारंटीड रिटर्न और बचत बीमा प्लान
अगर आप गारंटड रिटर्न चाहती हैं तो यहां दिए गए कुछ टिप्स आपके काम आ सकते हैं-
- खुद रिसर्च करें और नियमित समीक्षा करें: किसी एक्सपर्ट से मिलें, लेकिन पूरी तरह दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद भी निवेश के ऑप्शंस देखें। समय-समय पर अपने पोर्टफोलियो को अपडेट करें और मार्केट के बदलावों के अनुसार उसमें जरूरी सुधार करती रहें।
- समय से पहले शुरू करें रिटायरमेंट की तैयारी: अक्सर महिलाएं बच्चों की शिक्षा या परिवार की जरूरतों के लिए तो बचत कर लेती हैं, लेकिन अपनी रिटायरमेंट को नजरअंदाज कर देती हैं। महिलाओं के करियर में ब्रेक आने की संभावना भी रहती है। इसलिए एक मजबूत पेंशन या रिटायरमेंट प्लान होना बेहद जरूरी है ताकि उम्र के ढलते पड़ाव में किसी पर निर्भर न रहना पड़े।
- जीवन बीमा और सुरक्षा योजना: यदि आप परिवार में पैसों से मदद देती हैं या परिवार की देखभाल की मुख्य जिम्मेदारी संभालती हैं, तो आपके पास एक उपयुक्त लाइफ कवर होना अनिवार्य है। बाजार में कई ऐसे सेविंग्स और गारंटीड रिटर्न इंश्योरेंस प्लान उपलब्ध हैं, जो सुरक्षा के साथ-साथ मैच्योरिटी पर नियमित आय का ऑप्शंस देते हैं।
निष्कर्ष
महिलाओं के लिए हर उम्र में स्वतंत्र जीवन जीने की पहली शर्त है वित्तीय निर्भरता से छुट्टी। सही समय पर निवेश की शुरुआत, आपातकालीन फंड की व्यवस्था, समझदारी से चुना गया पोर्टफोलियो और रिटायरमेंट की शुरुआती योजना किसी भी महिला को आर्थिक रूप से सशक्त और बेफिक्र बना सकते हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Main Images: magnific
