फैशन की दुनिया में पोल्का डॉट्स एक ऐसा एवरग्रीन प्रिंट है, जो हर दौर में छाया रहता है। कभी रेट्रो लुक में तो कभी आज की ट्रेंडी ड्रेसेज और साड़ियों में, ये गोल-गोल डॉट्स हमेशा स्टाइलिश लगते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन्हें पोल्का ही क्यों कहा जाता है? दिलचस्प बात यह है कि इसका कनेक्शन किसी कपड़े या डिजाइनर से नहीं, बल्कि यूरोप में चेक के एक मशहूर लोकनृत्य पोल्का डांस (Polka Dance) से है।
जी हां, 1840 के दशक में जब यह डांस बहुत पॉपुलर हुआ, तो ट्रेंड के चलते इस प्रिंट को भी पोल्का डॉट्स नाम मिल गया। ऐसे में हम आपको इसका दशकों पुराना इतिहास विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं-
कपड़ों पर डॉट्स का चलन कैसे शुरू हुआ?
आपको बता दें कि पुराने समय में कपड़े बनाने का काम काफी हद तक हाथों से होता था। आज की तरह कपड़ों पर तरह-तरह के डिजाइन बनाना आसान नहीं था। करीब 1760 के बाद मशीनों का इस्तेमाल बढ़ने लगा। आगे चलकर सिलाई मशीन आने से कपड़े सिलना आसान हुआ और फैशन में भी कई बदलाव देखने को मिले। ऐसे में गोल डॉट्स वाला डिजाइन धीरे-धीरे लोगों के बीच पॉपुलर हो गया।
image credit- magnific
चेक डांस फॉर्म से जुड़ा है पोल्का डॉट्स का नाम
इस प्रिंट के नाम के पीछे की कहानी सबसे दिलचस्प है। आखिर इसे सिर्फ डॉट्स कहने के बजाय पोल्का डॉट्स क्यों कहा जाने लगा? यह सवाल हम सभी के मन में आता ही होगा। दरअसल, पोल्का चेक मूल के लोगों का एक फेमस लोकनृत्य है। 1840 से 1860 के बीच यह डांस काफी पॉपुलर हुआ था। उस समय पोल्का नाम लोगों के बीच इतना मशहूर हो गया कि बाजार में दूसरी चीजों के नाम भी इससे जुड़ने लगे। पोल्का पुडिंग इसका एक उदाहरण है।
यह भी पढ़ें- पोल्का डॉट स्टाइल को बनाना है अपने लुक का हिस्सा, तो इन टॉप एक्ट्रेसेस के लुक से लें इंस्पिरेशन
इसी ट्रेंड के बीच गोल डॉट्स वाले डिजाइन के साथ भी पोल्का नाम जुड़ गया। इसके बाद पोल्का डॉट्स नाम लोगों की जुबान पर चढ़ने लगा और धीरे-धीरे फैशन की दुनिया में इसकी पहचान बन गई।
image credit- pexels
कभी पसंद नहीं किया जाता था यह पोल्का डॉट्स वाला प्रिंट
आज जिस पोल्का डॉट्स को लोग एवरग्रीन मानते हैं, उससे जुड़ी कहानी का एक अलग पहलू भी है। जी हां, पुराने यूरोप में गोल धब्बों वाला यह डिजाइन हर किसी को पसंद नहीं आता था। इसकी एक वजह प्लेग जैसी खतरनाक बीमारी का डर भी था। उस दौराना लोगों को कपड़ों पर बने गोल डॉट्स त्वचा पर पड़ने वाले धब्बों की तरह लगते थे, क्योंकि उस दौरान वहां प्लेग की बीमारी फैली हुई थी।
ब्लैक एंड व्हाइट पोल्का डॉट्स आज भी हैं खास
पोल्का डॉट्स की खास बात यह है कि इसे कई कलर्स और अलग-अलग शेप के गोल डॉट्स में बनाया जा सकता है। गर्मियों में इस प्रिंट के टॉप, ड्रेस और स्कर्ट खूब पसंद किए जाते हैं। वहीं, साड़ी और ब्लाउज में भी यह डिजाइन अच्छा लगता है। ब्लैक एंड व्हाइट पोल्का डॉट्स को इसका सबसे क्लासिक लुक माना जाता है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit- AI
