कजरी तीज का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए खास माना जाता है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं और पति की लंबी उम्र व सुखी वैवाहिक जीवन के लिए व्रत भी रखती हैं। यह पर्व महिलाओं के लिए सजने-संवरने का भी दिन होता है, इसलिए हाथों में मेहंदी भी लगाती हैं। आप भी अगर आसान बेल मेहंदी डिजाइन लगाना चाहती हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। आज के इस आर्टिकल में हम आपको सिंपल और कम समय में बनने वाली बेल मेहंदी डिजाइंस के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

1- फूल के डिजाइन वाली बेल मेहंदी

इस तरह की मेहंदी में हर डिजाइन साफ-साफ नजर आता है, इसलिए यह हाथों पर खूबसूरत लगता है। इसमें सभी डिजाइन का आकार बड़ा रखा गया है, इसलिए ज्यादा बारीकी पर भी ध्यान नहीं देना पड़ता, यही कारण है कि इस डिजाइन को बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।

  • इस डिजाइन को बनाते समय ध्यान रखें कि हर फूल का डिजाइन एक जैसा होना चाहिए।
  • बेल को बहुत सीधा न बनाएं, हल्का साइड में ले जाते हुए बनाएं।
  • पत्तियों के साइड में दूसरा डिजाइन बनाने के लिए थोड़ी जगह छोड़ें, जिससे डिजाइन समझ आ सके।
  • फूलों के अंदर बारीक लाइनें बनाने से डिजाइन ज्यादा खूबसूरत लगेगा।
  • उंगलियों पर छोटे पैटर्न रखें, ताकि हथेली का डिजाइन अच्छे से समझ आ सके।

image credit- Kavi/pinterest

2- पतली और छोटी पत्तियों वाली बेल मेहंदी डिजाइन

यह मिनिमल बेल मेहंदी डिजाइन है। यह उनके लिए बेस्ट है, जिसे मेहंदी सिंपल लेकिन यूनिक चाहिए। इसमें बेल के दोनों तरफ छोटी-बड़ी पत्तियां बनाई जाती है। भले ही इस डिजाइन को बनाते समय आपको काफी ध्यान रखना पड़ता है, लेकिन डिजाइन छोटा है, इसलिए ज्यादा समय नहीं लगेगा। इस डिजाइन का सबसे अच्छा हिस्सा यह है कि हथेली का काफी हिस्सा खाली रखा गया है, इसलिए बेल और भी अच्छे से नजर आती है।

  • इसके लिए सबसे पहले आपको हथेली पर बेल की मेन लाइन बना लेनी चाहिए, जिससे आपको स्पेस का पता लग जाता है।
  • दोनों तरफ पत्तियों को एक ही सामान आकार में बनाना होगा।
  • फूल छोटे रखें, ताकि डिजाइन भारी न लगे।
  • कलाई पर बनी बॉर्डर की लाइनें बनाते समय स्पेस का ध्यान रखें।

image credit- srushhh/pinterest

3- बड़े फूलों वाली बेल मेहंदी डिजाइन

यह डिजाइन भारी मेहंदी पसंद करने वाली महिलाओं के लिए बेस्ट है। इसमें एक के नीचे एक बड़े फूल बनाए गए हैं और उनके आसपास पत्तियों का डिजाइन बनाया गया है। अगर आपका हाथ छोटा है, तो आप इसमें कुछ डिजाइन को हटा भी सकती हैं। स्पेस के हिसाब से आपको डिजाइन का चयन करना है।

इसे भी पढ़ें- 10 Minute Mehndi Designs: बिना मेहंदी आर्टिस्ट के खुद लगाएं ये 5 आसान और खूबसूरत डिजाइन

  • इसमें आपको पंखुड़ियों के अंदर बारीक लाइनें ध्यान से बनानी होगी, ताकि यह बहुत ज्यादा भरा-भरा न लगे।
  • पत्तियों को बहुत ज्यादा छोटा न बनाएं, वरना डिजाइन बहुत भरा-भरा लगेगा।
  • कलाई के पास आखिरी फूल को थोड़ा बड़ा रख सकती हैं, ताकि डिजाइन समझ आए।
  • इसे बनाते समय स्पेस का ध्यान रखें, ताकि हर डिजाइन अच्छे से नजर आए।

 image credit- Shail Singh/pinterest

4- छोटी-छोटी फूलों वाली लंबी बेल डिजाइन

यह डिजाइन सबसे खूबसूरत और सबसे सिंपल मेहंदी डिजाइन में से एक है। इसमें आपको बहुत ज्यादा डिजाइन बनाने पर भी फोकस नहीं करना होता और कम समय में बन जाता है। इसमें सभी डिजाइन एक जैसे ही होते हैं, इसलिए आपको फोन में बार-बार डिजाइन देखने की भी जरूरत नहीं पड़ती।

यह भी पढ़ें-  मिनटों में बनाएं ये 5 'बेल और जाल' मेहंदी डिजाइंस

  • इसे बनाते समय फूलों का आकार छोटा और बराबर रखना है, तभी यह खूबसूरत लगेगा।
  • फूलों के बीच बहुत ज्यादा स्पेस न रखें, क्योंकि इससे बेल का डिजाइन अच्छा नहीं लगेगा।
  • पत्तियों को पतली बेल से जोड़ें।
  • फूल के बीच में डॉट लगाने से डिजाइन ज्यादा साफ दिखाई देता है।
  • खाली जगह को छोटे डॉट्स या पतली पत्तियों से सजाया जा सकता है।

image credit-  Farhath Unisa/pinterest

5- पत्तियों वाली सिंपल बेल मेहंदी डिजाइन

यह डिजाइन पत्तियों की वजह से खूबसूरत लगता है। छोटे हाथों पर इस तरह का डिजाइन अच्छा लगता है, क्योंकि यह उनके हाथों पर खिलकर नजर आता है। इस डिजाइन में बहुत ज्यादा जगह भरने के बजाय मेन पैटर्न पर ध्यान देने की जरूरत होती है। जो महिलाएं पूरी हथेली भरकर मेहंदी नहीं लगाना चाहतीं, इस बार कजरी तीज पर यह लगा सकती हैं।

  • फूलों के आसपास पत्तियां थोड़ी छोटी रखें, भले ही हाथ खाली लगे, लेकिन डिजाइन में बदलाव न करें।
  • बेल को बहुत मोटा न करें।
  • उंगलियों पर हल्की डिजाइन रखें, ताकि हथेली का पैटर्न अच्छे से नजर आए।
  • फूलों के अंदर बारीक लाइनें बनाकर शेडिंग कर सकती हैं।

image credit- Prasanthi/pinterest

निष्कर्ष- इन सभी डिजाइन्स को देखकर आप समझ गई होंगी कि इनमें एक चीज कॉमन है, जैसे फूल, पत्तियां, बेल, लाइनें और छोटे डॉट्स। इसलिए अगर आपको खुद से मेहंदी लगानी है, तो पहले कागज पर फूल और पत्ती की प्रैक्टिस कर लें, फिर मेहंदी डिजाइन बनाएं।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-fashionuer, Nest Optima, ofiicial_kj/pinterest