एक समय था जब कपड़ों में छेद होना या उन पर पैबंद लगे होना गरीबी की निशानी माना जाता था। अगर किसी की शर्ट या पैंट फट जाती थी, तो लोग उसे सिलकर दोबारा पहनते थे, लेकिन आज फैशन की दुनिया में यही पुराना तरीका एक नया ट्रेंड बन गया है। अब लोग फटे कपड़ों को छिपाने के बजाय उन पर कलरफुल पैबंद लगाकर और खूबसूरत बना रहे हैं।
क्यों ट्रेंड में हैं फटे कपड़े?
हैरानी की बात तो यह है कि जिन कपड़ों को कभी लोग पहनने लायक नहीं समझते थे, आज वही डिजाइन हजारों रुपये में बिक रहे हैं। इतना ही नहीं, बड़ी-बड़ी फैशन कंपनियां भी इस ट्रेंड में दिलचस्पी दिखा रही हैं। आखिर क्या है कपड़ों को इस तरह नया लुक देने वाला फैशन और क्यों लोग इसे इतना पसंद कर रहे हैं? इसके बारे में हम आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
फटे कपड़ों की मरम्मत से कमाई कर रही हैं एलिस ब्राउन
ये तो आप सभी जानती ही होंगी कि कपड़ों में छेद होने पर आमतौर पर उन्हें सिलकर पहन लिया जाता है या फिर पुराने कपड़ों में रख देते हैं, लेकिन जागरण में छपी एक खबर के मुताबिक, ब्रिटेन की 27 साल की फॉरेस्ट रेंजर एलिस ब्राउन ने इसी काम को कमाई का जरिया बना लिया है। एलिस सेकेंड हैंड दुकानों से ऐसे कपड़े खरीदती हैं, जिनमें कहीं न कहीं छेद होते हैं। इसके बाद वह नीडल फेल्टिंग टेक्निक से उन छेदों को खूबसूरत एनिमल्स के डिजाइन में बदल देती हैं।
- वह कपड़ों के छेद को छिपाने के बजाय उन पर एनिमल्स के डिजाइन बनाती हैं।
- उनकी यह कला पुराने कपड़ों को बिल्कुल अलग लुक देती है।
- लोगों को उनका यह तरीका इतना पसंद आया कि सोशल मीडिया पर उनके काफी फॉलोअर्स बन गए।
क्या है विजिबल मेंडिंग ट्रेंड?
कपड़ों की इस तरह रिपेयरिंग करने के तरीके को विजिबल मेंडिंग कहा जाता है। आसान भाषा में समझें तो इसमें कपड़े के फटे हिस्से को छिपाने के बजाय उसी जगह को सुंदर डिजाइन में बदल दिया जाता है। इस ट्रेंड में कपड़े पर लगे पैबंद को भी फैशन का हिस्सा बनाया जाता है। यानी जिस जगह कपड़ा फटा हुआ था, वहां पर अलग कलर के धागे या कपड़े ऐसा डिजाइन बनाया जाता है, जो देखने में अच्छा लगे।
यूज एंड थ्रो फैशन ने खत्म कर दिया था पुराना हुनर
एक समय था जब घरों में कपड़े फटने पर उन्हें फेंकने के बजाय सिलकर दोबारा इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन 1980 के दशक में फैशन इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव आया। उस समय यूज एंड थ्रो यानी कुछ समय पहनने के बाद कपड़े बदलने का ट्रेंड बढ़ने लगा था। धीरे-धीरे लोगों ने पुराने कपड़ों को ठीक कराने के बजाय नए कपड़े खरीदने शुरू कर दिए, लेकिन अब विजिबल मेंडिंग ट्रेंड के जरिए लोग फिर से उसी पुराने हुनर को पसंद कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, विजिबल मेंडिंग ट्रेंड ने पुराने कपड़ों को देखने का नजरिया ही बदल दिया है। कभी जिन कपड़ों को फटा और बेकार समझकर अलग रख दिया जाता था, आज उन्हीं पर बने पैबंद फैशन स्टेटमेंट बन रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कैसे भारत पहुंची फ्रांस की शिफॉन साड़ी? कूच बिहार की महारानी की एक पसंद से बना था यह फैशन ट्रेंड
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
