दिवाली का त्योहार हो और लड़कियां अपने लुक को लेकर एक्साइटेड न हों, ऐसा कैसे हो सकता है। घर की सजावट से लेकर पूजा और रिश्तेदारों से मिलने तक, हर मौके पर हर कोई खूबसूरत दिखना चाहता है। ऐसे में एथनिक लुक के लिए कुर्ता सबसे अच्छा ऑप्शन है। कम हाइट वाली लड़कियों को कई बार समझ नहीं आता कि किस लंबाई और डिजाइन का कुर्ता उन पर अच्छा लगेगा। अगर आप भी अपनी हाइट से थोड़ी छोटी हैं तो कुछ आसान फैशन टिप्स अपनाकर कुर्ते में लंबी और स्लिम नजर आ सकती हैं।

छोटी हाइट वाली खुद को करें ऐसे स्टाइल

दिवाली पर ट्रेडिशनल कपड़े पहनने का अपना ही मजा है। खासकर कुर्ता सेट ऐसा आउटफिट है, जिसे पूजा से लेकर दिवाली पार्टी तक आसानी से पहना जा सकता है। कई बार गलत फिटिंग, ज्यादा लंबा कुर्ता या ढीला-ढाला डिजाइन पूरे लुक को बिगाड़ देता है। अगर आपकी हाइट 5 फीट या उससे कम है, तो कुर्ता खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सही नेकलाइन, कुर्ते की लंबाई और बॉटम वियर का चुनाव आपको बिना ज्यादा मेहनत के लंबा और स्टाइलिश लुक दे सकता है।

1. स्ट्रेट कट कुर्ता

कम हाइट वाली लड़कियों पर स्ट्रेट कट कुर्ते काफी अच्छे लगते हैं। इनका डिजाइन ऊपर से नीचे तक एक सीधी लाइन बनाता है, जिससे शरीर लंबा दिखाई देता है। दिवाली के लिए आप एम्ब्रॉयडरी वाला स्ट्रेट कुर्ता चुन सकती हैं। इसके साथ सिगरेट पैंट या स्ट्रेट पैंट पहनें। इससे आपका लुक सिंपल होने के साथ-साथ एलिगेंट भी लगेगा।

Photo Credit: Pinterest (Saree Updates)

2. ए-लाइन कुर्ता

अगर आपको थोड़ा फ्लेयर्ड कुर्ता पहनना पसंद है, तो ए-लाइन डिजाइन चुन सकती हैं। यह कमर के पास फिट रहता है और नीचे की तरफ हल्का घेरदार होता है। इससे शरीर का शेप अच्छा नजर आता है। ध्यान रखें कि कुर्ता बहुत ज्यादा लंबा न हो। इसके साथ फिटिंग वाली पैंट या चूड़ीदार पहनना बेहतर रहेगा।

Photo Credit: Pinterest (sk Raja)

3. वी-नेक कुर्ता

कुर्ते की नेकलाइन भी आपके पूरे लुक को प्रभावित करती है। कम हाइट वाली लड़कियों के लिए वी-नेक या डीप राउंड नेक अच्छे ऑप्शन हैं। इनसे गर्दन लंबी दिखाई देती है और ऊपर की तरफ ध्यान जाता है। वहीं बहुत बंद गले या भारी कॉलर वाले कुर्ते पहनने से बचें।

Photo Credit: Pinterest (Lalita Rathore)

4. वर्टिकल प्रिंट वाले कुर्ते

कपड़ों पर बने प्रिंट भी आपकी हाइट को प्रभावित कर सकते हैं। कम हाइट वाली लड़कियों को खड़ी धारियों यानी वर्टिकल स्ट्राइप्स वाले कुर्ते पहनने चाहिए। इसके अलावा छोटे फूलों वाले प्रिंट और लंबाई में बनी कढ़ाई भी अच्छी लगती है। वहीं बड़े-बड़े फूलों वाले प्रिंट और आड़ी धारियों से बचना बेहतर है।

Photo Credit: Pinterest (shopify)

5. एक ही रंग के कुर्ते और पैंट चुनें

अगर आप लंबी दिखना चाहती हैं तो मोनोक्रोम लुक ट्राई कर सकती हैं। इसमें कुर्ते और पैंट का रंग एक जैसा या मिलता-जुलता होता है। इससे शरीर दो अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ नजर नहीं आता और लंबाई का भ्रम पैदा होता है। दिवाली के लिए आप पेस्टल पिंक, ऑफ व्हाइट, मस्टर्ड या सेज ग्रीन रंग के कुर्ता सेट चुन सकती हैं।

बॉटम वियर का चुनाव भी है जरूरी

सिर्फ कुर्ता सही चुनना काफी नहीं है। उसके साथ पहनी जाने वाली पैंट भी आपके लुक को बेहतर बना सकती है। कम हाइट वाली लड़कियां कुर्ते के साथ सिगरेट पैंट, स्ट्रेट फिट पैंट या चूड़ीदार पहन सकती हैं। हाई वेस्ट पैंट भी अच्छा ऑप्शन है। इससे पैर लंबे नजर आते हैं। बहुत ज्यादा घेरदार पलाजो पहनने से बचें, क्योंकि इससे शरीर का निचला हिस्सा भारी दिखाई दे सकता है।

कुर्ते की लंबाई का रखें ध्यान

कम हाइट वाली लड़कियों के लिए कुर्ते की लंबाई काफी मायने रखती है।

  • बहुत ज्यादा लंबा कुर्ता पहनने से कद और छोटा नजर आ सकता है।
  •  मिड थाई यानी जांघ के बीच तक या घुटने से थोड़ा ऊपर तक की लंबाई वाला कुर्ता चुनें।
  •  अगर आप लंबा कुर्ता पहनना चाहती हैं, तो उसके साथ हील्स पहन सकती हैं। इससे हाइट अच्छी दिखेगी।

दुपट्टा और फुटवियर पर दें ध्यान

दिवाली पर कुर्ते के साथ दुपट्टा पहनना पसंद है तो उसे दोनों कंधों पर फैलाकर रखने के बजाय एक कंधे पर डालें। इससे शरीर पर अतिरिक्त घेर नहीं दिखाई देगा। फुटवियर में ब्लॉक हील्स या वेजेज चुन सकती हैं। ये पहनने में आरामदायक होने के साथ आपको थोड़ी अतिरिक्त हाइट भी देते हैं।

इन गलतियों से बचें

  •  बहुत ज्यादा ढीले और ओवरसाइज कुर्ते न पहनें।
  •  बड़े और भारी प्रिंट वाले डिजाइन से बचें।
  •  बहुत ज्यादा घेरदार अनारकली कुर्ते सोच-समझकर चुनें।
  •  कुर्ते और पैंट में बिल्कुल अलग रंगों का कॉम्बिनेशन बनाने से बचें।
  •  बहुत लंबे कुर्ते के साथ फ्लैट चप्पल पहनने से बचें।

कम हाइट होना फैशन के साथ समझौता करने की वजह नहीं है। दिवाली पर आप अपनी पसंद का हर एथनिक आउटफिट पहन सकती हैं, बस कुर्ते की सही लंबाई, फिटिंग, नेकलाइन और बॉटम वियर का ध्यान रखें। इन छोटे-छोटे बदलावों से आपका दिवाली लुक और भी खूबसूरत नजर आएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।