History Of Indian Necklace: भारत में हार सिर्फ गले में पहनने वाली चीज नहीं है। हार एक पहचान, परंपरा और पीढ़ियों से चली आ रही एक विरासत है। शादी हो या त्योहार, मंदिर जाना हो या कोई खास मौका हो, हार के बिना भारतीय श्रृंगार अधूरा माना जाता है। सदियों पहले जो हार रानी-महारानियां पहनती थीं, वही हार आज बदलकर हर महिला की अलमारी तक पहुंच गया है। डिजाइन बदले, धातु बदली, स्टाइल बदला, लेकिन हार से जुड़ी भावना आज भी वैसी ही है।

एक पहचान है हार

भारतीय नेकलेस को सिर्फ एक्सेसरी समझना गलत होगा। हर हार के पीछे एक कहानी होती है। कभी ये समाज में रुतबा बताता था, कभी शादीशुदा होने की पहचान बनता था, तो कभी धर्म और आस्था से जुड़ा होता था। मंगलसूत्र शादीशुदा महिला की पहचान है। महाराष्ट्र का कोल्हापुरी साज, जिसमें 21 पत्तियां होती हैं, उस इलाके की संस्कृति को दिखाता है। कई महिलाएं हार को रक्षा के लिए पहनती हैं, जैसे कोई ताबीज हो। मतलब हार सिर्फ सुंदर दिखने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए भी पहना जाता है।

मंदिर की दीवारों से निकले डिजाइन

आज के कई फेमस नेकलेस डिजाइन मंदिरों की नक्काशी और पुरानी राजदरबारी पेंटिंग से लिए गए हैं। पहले हार हाथ से सोने-चांदी में बनाए जाते थे। उन पर प्रकृति, देवी-देवताओं और पौराणिक कहानियों की झलक दिखती थी। आज के डिजाइन उसी पुरानी सोच का नया रूप हैं। चोकर हो, लॉन्ग हार हो या कुंदन सेट, हर डिजाइन में पुरानी भावना और नया स्टाइल दोनों मिलते हैं। यही वजह है कि भारतीय हार कभी पुराने नहीं लगते हैं।

Photo Credit: Pinterest (Princess Yashika Devi)

भारतीय हार और विदेशी हार में क्या है फर्क?

भारतीय और विदेशी हार में सबसे बड़ा फर्क सोच का है। विदेशी हार अक्सर सादे और मिनिमल होते हैं। उनका मकसद सिर्फ लुक को पूरा करना होता है। वहीं भारतीय हार भव्य होते हैं। इनमें बारीक कारीगरी, रंगीन पत्थर, मोती और भारी डिजाइन होते हैं। भारतीय हार पहनना सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को साथ लेकर चलना है।

सिंधु घाटी से शुरू हुआ सफर

भारतीय हार का इतिहास कोई सौ-दो सौ साल पुराना नहीं है, ये 5000 हजार साल पुराना है। सिंधु घाटी सभ्यता की खुदाई में मोतियों, सीपियों और अधकीमती पत्थरों से बने हार मिले हैं। उस समय हार सुरक्षा, पहचान और सामाजिक हैसियत से जुड़े थे। वैदिक काल में हार पूजा और रीति-रिवाजों का हिस्सा बन गए थे। सोने, धागे और रुद्राक्ष से बने हार पहने जाते थे। लोगों का मानना था कि ये हार बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा से बचाते हैं। मौर्य और गुप्त काल में हार कला बन गए थे। सोने में हीरे, माणिक और फूल-पत्तियों के डिजाइन बनाए जाने लगे। जानवरों के निशान भी हार पर दिखने लगे।

Photo Credit: Pinterest (Prettyyy..)

मुगल और मंदिरों ने बदली हार की किस्मत

मुगल काल में हार में मीना और कुंदन का काम आया। पत्थरों की परतें, एनामल का काम और बारीक डिटेल ने हार को और शाही बना दिया था। दक्षिण भारत के मंदिरों की बनावट ने भी हार के डिजाइन को बहुत प्रभावित किया। मंदिरों के खंभों और दीवारों पर बने डिजाइन हार में उतर आए। इसी से टेंपल ज्वेलरी शुरू हुई, जो आज भी साउथ इंडियन शादियों की जान है। शाही दरबारों में भव्यता ही सब कुछ थी। वहां जितना बड़ा और भारी हार, उतनी बड़ी शान मानी जाती थी।

किन चीजों से बनते थे पुराने हार?

पुराने जमाने में हार बनाने के लिए सोना और चांदी सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते थे। इसके साथ मोती, मूंगा, माणिक, पन्ना और बिना कटे हीरे लगाए जाते थे। हर पत्थर का अपना मतलब होता था। कोई समृद्धि के लिए, कोई सेहत के लिए और कोई खुशहाली के लिए पहना जाता था।

आज के हार में भी वही पुराना इतिहास

आज के हार में भी इतिहास साफ दिखता है। टेंपल चोकर साउथ की विरासत को दिखाता है। कुंदन सेट मुगल कारीगरी की याद दिलाता है। मीना का काम, बिना कटे पत्थर और हाथ की कारीगरी, ये सब पुराने जमाने से ही चले आ रहे हैं। बस अब इन्हें हल्का और रोज पहनने लायक बना दिया गया है।

Photo Credit: Pinterest (Lumi Fin)

सही तरीके से हार कैसे पहनें?

  •  साड़ी के साथ चोकर सबसे अच्छा लगता है। सिल्क साड़ी के साथ छोटा चोकर और डीप ब्लाउज के साथ लंबा हार लुक को पूरा कर देता है।
  •  लहंगे के साथ दो लेयर पहनना अच्छा लगता है। चोकर के साथ मीडियम लेंथ का हार रॉयल लुक देता है।
  •  अनारकली के साथ एक बड़ा स्टेटमेंट हार काफी होता है। गाउन और फ्यूजन कपड़ों के साथ हल्का पेंडेंट या पतली चेन ही क्लासी लगती है।
  •  लेयरिंग में एक बात का ध्यान रखें। सारी लेयर भारी न रखें। एक भारी और एक हल्की लेयर मिलाकर पहनें, ताकि बैलेंस बना रहे।

हार की देखभाल कैसे करें?

सोने और पत्थर वाले हार को हल्के साबुन और गुनगुने पानी से ही साफ करें। भारी हार को हमेशा गद्देदार डिब्बे में रखें, ताकि चेन पर जोर न पड़े। हार पर परफ्यूम न छिड़कें और केमिकल से दूर रखें। साल में एक बार पत्थरों की जांच करा लें और जरूरत हो तो पॉलिश करा लें। इससे चमक लंबे समय तक बनी रहती है।

भारतीय नेकलेस सिर्फ फैशन की कहानी नहीं है, ये हमारी संस्कृति की पहचान है। सिंधु घाटी के मोतियों से लेकर मुगल दरबार के कुंदन तक, हर दौर ने हार को कुछ नया दिया है। आज भी जब कोई महिला हार पहनती है, तो वो सिर्फ गहना नहीं पहनती, वो सदियों पुरानी परंपरा को अपने साथ लेकर चलती है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Main Photo Credit: Pinterest