अक्सर सर्दियों के मौसम में घर के आसपास नमी और उमस बढ़ जाती है, तो सांप दिखने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। दरअसल, कोई इत्र या खाने की महक सीधे सांपों को नहीं खींचती, बल्कि आपके घर में मौजूद चूहे, जमा कचरा और सीलन भरी जगहें सापों को घर में बुलावा देती है। आइए जानते हैं किन वजहों से सांप घर के आसपास आ सकते हैं और कैसे रहें सतर्क।

सापों के आने की सही वजह

सर्दियों का मौसम आते ही हम घरों को गर्म रखने लगते हैं, लेकिन यही समय सांपों के लिए भी छुपने की सुरक्षित जगह तलाशने का होता है। ठंड से बचने के लिए वे अक्सर घरों के कोनों, कबाड़, लकड़ी के ढेर या नमी वाली जगहों में शरण ले लेते हैं। अगर आपके घर के आसपास भी ऐसी कोई महक है, तो सतर्क हो जाएं।

Photo Credit: Magnific

1. चूहों की मौजूदगी खींच सकती है सांपों को

घर में चूहों की समस्या है, तो सतर्क रहने की जरूरत है। कई प्रजातियों के सांप चूहे और दूसरे छोटे जीवों को खाते हैं। जहां उन्हें आसानी से भोजन मिल जाता है, वहां उनके आने की संभावना बढ़ सकती है। चूहों के मल-मूत्र और उनके रहने की जगह से आने वाली गंध उनकी मौजूदगी का संकेत हो सकती है।

2. कचरे और सड़ते भोजन से बढ़ सकती है परेशानी

घर के आसपास जमा कचरा, सड़ते फल-सब्जियां और खुले में रखा भोजन कीड़े-मकोड़ों और छोटे जीवों को आकर्षित कर सकते हैं। ऐसे में सांप इन जगहों पर पहुंच जाते हैं। इसलिए, कूड़ेदान को ढककर रखें और घर के आसपास गंदगी जमा न होने दें।

3. नमी और सीलन वाली जगहों पर रखें नजर

सर्दी के मौसम में धूप नहीं निकलती है, जिससे बगीचों, नालियों, स्टोर रूम और घर के आसपास की नम जगहों पर छोटे-छोटे जीव आने लगते हैं। सांप भी छिपने की जगह और भोजन की तलाश में ऐसी जगहों पर आ सकते हैं। लकड़ी, ईंटों, पत्थरों और कबाड़ के ढेर उनके छिपने की जगह बन सकते हैं। इसलिए, ऐसे सामान को व्यवस्थित रखें और घर के कोनों में जमा कबाड़ को हटाते रहें।

Photo Credit: Magnific

घर को सांपों से सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?

  • घर के आसपास झाड़ियां, घास और कबाड़ जमा न होने दें।
  • दरवाजों के नीचे की खाली जगह, दीवारों की दरारें और पाइप के आसपास के खुले हिस्सों को बंद करवाएं।
  • कूड़ेदान ढककर रखें और चूहों की समस्या को नियंत्रित करें।
  • बगीचे में काम करते समय जूते पहनें और अंधेरे कोनों में हाथ डालने से बचें।
  • अगर घर में सांप दिखाई दे, तो उसके पास जाने, उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। बच्चों और पालतू जानवरों को उससे दूर रखें और स्थानीय वन विभाग या प्रशिक्षित सांप बचाव दल की मदद लें।

घर में किसी खास महक का आना सांपों के पहुंचने का पक्का संकेत नहीं है। हालांकि, साफ-सफाई की कमी, चूहों की मौजूदगी और छिपने के लिए सुरक्षित जगहें सांपों को घर के आसपास आने का मौका दे सकती हैं। इसलिए, घर और आसपास की जगह को साफ रखें, संभावित प्रवेश मार्ग बंद करवाएं और सांप दिखने पर विशेषज्ञों की मदद लें। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।