कई बार अचानक कान में मक्खी या कीड़ा घुस जाता है। इससे काफी परेशानी होती है। कई बार संक्रमण बढ़ जाने से कान में सूजन और तेज दर्द भी उठता है। कान से कीड़ा निकालने के कई तरीके हैं। आप चाहें तो डॉक्टर से भी संपर्क कर सकते हैं। कीड़ा कान के अंदर कई तरीकों से घुस सकता है। जैसे रात में सोते समय या जब कोई व्यक्ति बाहर हो तो उड़कर कान में घुस सकता है।
अगर कीड़ा या मक्खी कान के अंदर घुस जाती , तो वह तुरंत मर भी सकती है। हालांकि, यह भी संभावना रहती है कि वह जिंदा रहे और इधर-उधर घूमती रहे। आप कैसे पता लगाएं कि कान में कीड़ा है या नहीं, उसे सुरक्षित तरीके से कैसे निकालें, क्या सावधानियां बरतें? आइए जानते हैं यहां।
कान में मक्खी घुसने के बाद क्या दिखते हैं लक्षण?
कई बार हमें पता ही नहीं चलता कि कान के अंदर कीड़ा या मक्खी घुस गई है। दिल्ली स्थित सत्यवादी राजा हरीशचंद अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉक्टर वंदना बताती हैं कि मक्खी अथवा कीड़ा जब कान में घुसता है तो कई लक्षणों से हम इसके बारे में पता लगा सकते हैं।
- मक्खी या कीड़ा जीवित हो सकता है और रेंग सकता है या भिनभिना सकता है, जिससे कान में अजीब सी सनसनी महसूस होती है।
- कान में सूजन आना।
- गंदगी या कान से पानी निकलना।
- सुनने में परेशानी होना।
- बुखार आना, बदन में दर्द होना।
- अगर किसी व्यक्ति को ऊपर बताए गए किसी भी अतिरिक्त लक्षण का अनुभव होता है, तो उसे डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
सुरक्षित तरीके से कीड़ा कैसे निकालें?
कान से कीड़ा निकालना है तो सबसे पहले आपको संयम बरतना होगा। इस दौरान किसी भी तरह की जल्दबाजी करने से बचें। यहां बताए गए स्टेप्स को फॉलो करें।
Image Credit: magnific.com
- किसी व्यक्ति को कीड़ा निकालने की कोशिश करते समय शांत रहना चाहिए।
- अगर किसी और के कान से कीड़ा निकाल रहे हैं, तो उन्हें शांत रहने के लिए कहें।
- कीड़ा हटाने के लिए सिर को प्रभावित हिस्से की ओर झुकाएं और धीरे से हिलाएं।
- इस दौरान कान पर चोट न लगे क्योंकि इससे और भी समस्याएं हो सकती हैं।
- अगर कीड़ा मर चुका है, तो उसे गर्म पानी की हल्की बूंद की मदद से कान से बाहर निकालने की कोशिश करें।
- इस दौरान चिमटी, रुई के फाहे या कोई दूसरी चीज कान में डालने से बचें।
- पूरी प्रकिया करने से पहले एक बार डॉक्टरी सलाह अवश्य लें।
आप पार्क,सड़क या कहीं बाहर हों तो अपना विशेष ध्यान रखें, क्योंकि इस दौरान कभी भूलवश कोई कीड़ा या मक्खी कान में घुस सकती है। तकलीफ ज्यादा होने पर आप डॉक्टर से संपर्क कर सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific.com, Shuttestock
