World Mosquito Day: अक्सर हम यही सोचते और मानते हैं कि मच्छर केवल बाहर बहते गंदे नालों या बड़े गड्ढों में जमा पानी में ही पनपते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। सच्चाई यह है कि मच्छर अंडे देने के लिए बड़े तालाबों का इंतजार नहीं करते। मच्छरों के लिए कुछ ऐसी जगहें हमारे घर में हैं, जो इन्हें पनपने का मौका देती हैं। खासकर मानसून के दिनों में यह छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की सेहत पर भारी पड़ सकती है। शारदाकेयर-हेल्थसिटी में इंटरनल मेडिसिन के निदेशक डॉ. चिराग टंडन बताते हैं कि केवल सामने दिखने वाले बर्तनों का पानी बदलना ही काफी नहीं है। हमें घर के उन छिपे हुए कोनों की भी नियमित सफाई करनी चाहिए, जहां अनजाने में पानी रुक जाता है। ऐसे में जानते हैं घर के अंदर छिपे मच्छरों के 7 ऐसे ठिकाने, जिन पर हमारा ध्यान आमतौर पर नहीं जाता। पढ़ते हैं आगे...

1. गमलों की प्लेट्स और पौधों का गमला

पौधों में पानी डालते समय अक्सर गमले के नीचे रखी ट्रे में अतिरिक्त पानी जमा हो जाता है। कई दिनों तक इस पानी के जमा रहने से मच्छर इसमें आसानी से अंडे दे देते हैं। इसके अलावा बाहर रखी वाटरिंग कैन और गमलों की हमेशा गीली रहने वाली मिट्टी भी मच्छरों को आकर्षित करती है।

क्या करें?

  • गमले के नीचे की ट्रे का पानी रोज खाली करें।
  • वाटरिंग कैन को इस्तेमाल के बाद उल्टा करके रखें।
  • पौधों की मिट्टी में पानी का भराव न होने दें।

2. एसी की ड्रिप ट्रे और वाटर ड्रेन पाइप

एयर कंडीशनर से निकलने वाला पानी पाइप के जरिए बाहर निकलता है, लेकिन कई बार ड्रेन पाइप बंद होने या ड्रिप ट्रे की सफाई न होने से वहां पानी जमा होने लगता है। आंखों से दूर होने के कारण लोग इस ओर ध्यान नहीं देते, जिससे यह मच्छरों की मनपसंद जगह बन जाती है।

क्या करें?

  • समय-समय पर एसी की सर्विसिंग कराएं।
  • सुनिश्चित करें कि एसी का पानी पूरी तरह बाहर निकल रहा हो।

3. कूलर की पानी की टंकी

गर्मियों और बारिश के मौसम में डेजर्ट कूलर का इस्तेमाल खूब होता है। कूलर की टंकी में ज्यादा मात्रा में पानी भरा रहता है। अगर इसे समय पर साफ न किया जाए, तो मच्छर डबल हो जाते हैं।

क्या करें?

  • कूलर में सिर्फ ऊपर से नया पानी डालने के बजाय पुराना पानी पूरा निकालें।
  • हफ्ते में कम से कम एक बार कूलर की टंकी को रगड़कर साफ करें।

4. बाथरूम में रखी बाल्टियां, मग और बर्तन

बाथरूम, बालकनी या छत पर रखी बाल्टियों में बचा हुआ पानी मच्छरों का नया ठिकाना बन सकता है। जब इन बर्तनों का रोजाना इस्तेमाल नहीं होता, तो इनमें जमा पानी खतरनाक साबित होता है।

क्या करें?

  • जिन बाल्टियों और बर्तनों का तुरंत इस्तेमाल न हो, उन्हें खाली करके उल्टा रख दें।
  • मग और छोटे डिब्बों को सुखाकर रखें ताकि बारिश का पानी इनमें न भरे।

यह भी पढ़ें- Mosquito Repellent Plants: घर के अंदर नहीं होगी मच्छरों की एंट्री, लिविंग रूम में लगाएं ये 3 पौधे

5. घर की नालियां और कम इस्तेमाल होने वाले ड्रेन

घर के वो ड्रेन या नालियां जिनका इस्तेमाल बहुत कम होता है, वहां अक्सर थोड़ा-बहुत पानी और गंदगी रुकी रह जाती है। यह ठहरा हुआ पानी मच्छरों को पनपने के लिए बेहतरीन माहौल देता है।

क्या करें?

  • घर की सभी नालियों की नियमित सफाई करें।
  • पानी का बहाव सही रखें ताकि कहीं भी जलजमाव न हो।

6. बालकनी और छत पर जमा पानी

छत या बालकनी की ढलान सही न होने या कचरा फंसने से बारिश का पानी जमने लगता है। इसके अलावा छत पर पड़े पुराने प्लास्टिक, टूटे खिलौने, डिब्बे या किसी भी कबाड़ में जमा जरा-सा पानी भी मच्छरों का ब्रीडिंग सेंटर बन सकता है।

क्या करें?

  • बारिश के बाद छत और बालकनी की जांच जरूर करें।
  • छत पर जमा कबाड़ और फालतू सामान को तुरंत हटा दें।

7. पालतू जानवरों (पैट्स) के पानी का कटोरा

अक्सर लोग कुत्ते या बिल्ली के पानी के कटोरे में बिना पुराना पानी फेंके ऊपर से नया पानी डाल देते हैं। पानी का यह ठहराव मच्छरों के पनपने का कारण बनता है।

क्या करें?

  • अपने पालतू जानवरों के पानी का कटोरा रोजाना पूरा खाली करें।
  • बर्तन को रोज अच्छी तरह धोकर ही उसमें ताजा पानी भरें।

निष्कर्ष

घर को मच्छरों और बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए किसी बड़े इंतजाम की जरूरत नहीं है। बस हफ्ते में एक या दो बार 10 मिनट का समय निकालकर घर के इन छिपे हुए ठिकानों की जांच करें और रुके हुए पानी को साफ करें।

यह भी पढ़ें- Natural Mosquito Repellent: घर में लगा लें यह 1 पौधा, केमिकल रिपेलेंट की छुट्टी कर देंगे इसके पत्ते

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific