आज के समय लोग न केवल घर के बाहर बल्कि अंदर भी पौधे लगाते हैं। इसके लिए आमतौर पर लोग इंडोर प्लांट लेकर आते हैं क्योंकि ये कमरे के तापमान और वातावरण के हिसाब से ढल जाते हैं। साथ ही कम देखभाल में भी अच्छे से ग्रो करते हैं। इसी में से एक स्नेक प्लांट। इसकी खास बात यह है कि यह घर की हवा को साफ रखने और इनडोर ब्यूटी को भी बढ़ाता है। हम में से ज्यादातर लोग इसे लंबी, मोटी और खूबसूरत पत्तियों वाला पौधा समझते हैं। मगर आपको जानकर थोड़ी हैरानी होगी कि इस प्लांट में खूबसूरत फूल खिलते हैं। हो सकता है कि आपको यह थोड़ा अजीब लगे, लेकिन यह सच है। हालांकि, इसमें फूल का खिलना दुर्लभ बात है, इसलिए इसे सीक्रेट ब्लूम कहा जाता है। आज के इस लेख में हम आपको इसके पीछे का कारण और यह स्थिति कब आती है इसके बारे में बताने जा रहे हैं?
स्नेक प्लांट में कब आते हैं फूल?
हम में से अधिकतर लोगों ने इस पौधे में केवल पत्तियां देखी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पौधे का पूरी तरह मैच्योर होने पर फूल खिलते हैं। जो लोग वर्षों से इस प्रजाति को अपने बगीचे या गमले में लगाकर रखते हैं, उन्हें यह देखने को मिलता है। आमतौर पर जब पौधा वर्षों पुराने और बड़े होने निकलते हैं।
इसमें वसंत या गर्मियों के मौसम में फूल आते हैं। इसके अलावा, जब पौधे को भरपूर धूप मिलती है और वह रूट-बाउंड हो जाता है, तब भी इसमें फूल खिलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि पौधे को लगता है कि उसका लाइफ-साइकिल खत्म होने वाला है।
इसे भी पढ़ें- पौधे बनेंगे सुकून का सहारा, उदासी होगी दूर; जानें कैसे शुरू करें होम गार्डनिंग?
स्नेक प्लांट पर खिलने वाले फूल कैसे दिखते हैं?
स्नेक प्लांट में जब फूल आते हैं, तो यह लंबे डंठल पर छोटी-छोटी कलियां बिखरी हुई नजर आती है। यह डंठल लगभग तीन फीट तक ऊंचा हो सकता है और कभी-कभी स्नेक प्लांट की पत्तियों के सिरों से भी ऊंचा हो जाता है। आमतौर पर स्नेक प्लांट में एक से ज्यादा डंठल नहीं होते हैं। इन डंठलों पर दर्जनों छोटे-छोटे नली जैसे फूल लगते हैं जो गुच्छों में उगते हैं और इनकी पंखुड़ियां पतली होती हैं।
ये छोटे फूल देखने में छोटे लिली के फूलों जैसे लगते हैं। कुछ किस्मों में डंठल नहीं निकलते हैं। इसके बजाय, उनके फूल पौधे के निचले हिस्से में बड़े गुच्छों में खिलते हैं।
स्नेक प्लांट पर कितने रंगों में निकलते हैं फूल?
स्नेक प्लांट की अलग-अलग किस्मों में अलग-अलग रंगों के फूल आते हैं। आम तौर पर, ये रंग सफेद या क्रीम से लेकर हरे-सफेद या पीले तक हो सकते हैं। स्नेक प्लांट की अलग तरह की पत्तियों के बीच ये फूल बहुत शानदार लगते हैं। हालांकि, इनके फूल कम ही देखने को मिलते हैं, लेकिन जब ये खिलते हैं, तो अपनी सुंदरता और तेज खुशबू से सबका ध्यान खींच लेते हैं।
स्नेक प्लांट पर फूल पाने के लिए कैसे करें देखभाल?
अगर आपके घर में स्नेक प्लांट लगा है, तो आप नीचे बताए गए तरीके से इसकी देखभाल कर सकती हैं। ऐसा करने से न केवल प्लांट हरा-भरा रहेगा बल्कि इसमें फूल भी खिल सकता है। जानें-
- पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे पर्याप्त मात्रा में इनडायरेक्ट नेचुरल प्रकाश मिले।
- पौधे में पानी तभी डालें जब गमले की मिट्टी पूरी तरह से सूख जाए।
- अधिक नमी से बचने के लिए अच्छी जल निकासी वाले गमले का प्रयोग करें।
- इसे रोजाना या लगातार इधर-उधर उठाकर रखने और हिलाने-डुलाने से बचें।
- इसे बार-बार गमले से बाहर न निकालें , क्योंकि मदर-इन-लॉज टंग के फूल तब बेहतर खिलते हैं जब उनकी जड़ें गमले के अंदर थोड़ी कसी हुई हों।
इसे भी पढ़ें- बारिश में इन पौधों पर भर-भरकर खिलते हैं फूल, जानें लगाने और देखभाल करने का तरीका
अगर आप भी अपने स्नेक प्लांट में फूल देखना चाहती हैं, तो मैच्योर होने और सही देखभाल की जरूरत है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific, shutterstock
