Ways to Remove Pet Hair From Rugs: आज के समय अधिकतर घरों में पालतू जानवर जैसे डॉग और बिल्ली देखने को मिल जाते हैं। ये देखने में बहुत प्यारे और क्यूट लगते हैं, लेकिन इनसे होने वाली एक परेशानी जो हर किसी को होती है और वह है इनके बाल झड़ना। घर के कारपेट से लेकर सोफा और बेड हर जगह इनके छोटे और पतले-पतले बाल चिपक जाते हैं। इन्हें हटाने के लिए अक्सर लोग अलग-अलग तरकीब लगाते हैं। साथ ही जिनके पास वैक्यूम क्लीनर होता है, वह इसकी मदद से पेट हेयर हटाते हैं। हालांकि, कई बार वैक्यूम क्लीनर भी कालीन के रेशों में फंसे जिद्दी और बारीक बालों को पूरी तरह से बाहर नहीं निकाल पाता है। अगर आपके घर में पेट एनिमल हैं और कारपेट पर बाल जमा हो रहे हैं, तो नीचे लेख में बताए गए 5 तरीके काम आ सकते हैं।

कालीन में फंसे जानवरों के बाल कैसे हटाएं?

पालतू जानवरों से प्यार तो हर कोई करता है, लेकिन उनके झड़ते बाल घर की सफाई को एक बड़ी चुनौती बना देते हैं। अगर लाख कोशिशों के बाद भी कालीन से बाल साफ नहीं हो पा रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। नीचे बताए गए असरदार और आसान घरेलू तरीके से आप बिना किसी झंझट के चुटकियों में कालीन से पेट हेयर साफ कर सकती हैं।

1. रबर के दस्ताने से साफ करें कालीन पर चिपके बाल

अगर वैक्यूम क्लीनर से भी कालीन के बाल साफ नहीं हो रहे हैं, तो किचन में इस्तेमाल होने वाले रबर के ग्लव्स पहनकर कालीन पर हाथ फेरें। रबर और कारपेट के बीच बनने वाला घर्षण पेट्स के बालों को अपनी ओर खींच लेता है। इससे सारे बाल आसानी से एक जगह इकट्ठा हो जाते हैं, जिन्हें आप चुटकियों में उठाकर फेंक सकती हैं।

2. विंडो स्क्वीजी से हटाएं कालीन पर चिपके बाल

कांच साफ करने वाली वाइपर या स्क्वीजी का इस्तेमाल सिर्फ खिड़कियों के लिए नहीं बल्कि कालीन से बाल हटाने के लिए भी किया जा सकता है। स्क्वीजी को हल्के हाथ से कालीन पर खींचें। यह कालीन के रेशों में गहराई तक फंसे जिद्दी और बारीक बालों को भी बहुत आसानी से बाहर खींचकर एक जगह जमा कर देती है।

इसे भी पढ़ें- घर में पालतू जानवर की गंध को इन उपायों की मदद से करें दूर

3. प्यूमिस स्टोन से हटाएं कालीन पर लगे बाल

अगर कालीन से पेट हेयर हटने का नाम नहीं ले रहा है, तो आप प्यूमिस स्टोन का इस्तेमाल कर सकती हैं। एड़ी रगड़ने के काम आने वाला प्यूमिस स्टोन कालीन के बालों को हटाने में कमाल का साबित होता है। प्यूमिस स्टोन को बहुत हल्के हाथों से कालीन पर रगड़ें। ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं, वरना कालीन के रेशे खराब हो सकते हैं। यह तरीका सबसे जिद्दी और छोटे बालों को भी झटपट बाहर निकाल देता है।

4. गीला स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़ा

अगर आप ऊपर बताए गए तरीकों को नहीं आजमा सकती हैं, तो माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। इसके लिए माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्का गीला करें और उसे कालीन पर आहिस्ता-आहिस्ता फेरें। नमी और गीलेपन के कारण कालीन पर बिखरे हुए सारे बाल अपने आप एक साथ चिपक कर बाहर आ जाएंगे। यह तरीका बहुत ही आसान और बिना किसी मेहनत के काम करता है।

5. टेप या लिंट रोलर

कालीन से जानवर के बाल हटाने के लिए चौड़ी डक्ट टेप या लिंट रोलर का इस्तेमाल कर सकती हैं। टेप का चिपचिपा हिस्सा कालीन के रेशों में छिपे सभी छोटे-बड़े और जिद्दी बालों को तुरंत अपनी तरफ चिपका लेता है। इस तरीके से आपकी कालीन मिनटों में बिल्कुल साफ और नए जैसी दिखने लगेगी।

ध्यान रखने वाली बात

गंदगी से बचने का आसान तरीका है नियमित रूप से धूल झाड़ना। अपने कालीन को बाहर ले जाएं और उसे अच्छी तरह से झाड़ें या कालीन साफ करने वाले यंत्र से अच्छी तरह से पीटें। इससे फंसी हुई धूल, गंदगी और बाल जमा होने से पहले ही ढीले हो जाते हैं।

इसे भी पढ़ें- खत्म हो गया है पालतू जानवर का खाना, तो किचन में रखें इन चीजों को करें सर्व

इन आसान तरीकों से आप कालीन को आसानी से बिना किसी झंझट या महंगे प्रोडक्ट के साफ कर सकती हैं। अगर आपको यह रेसिपी पसंद आई है, तो इसे शेयर करें। ऐसे ही और आर्टिकल को पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ। 

Image Credit- Magnific