How To Fix Wood Door That Gets Stuck: बरसात के मौसम में नमी बढ़ने के कारण लकड़ी के दरवाजे अक्सर फूल जाते हैं। साथ ही चौखट में फंसकर अटकने लगते हैं। इस समस्या का सामना लगभग हर किसी को करना पड़ता है खासकर अगर बारिश में दरवाजों की देखभाल न की जाए। इसकी वजह से दरवाजा बंद करते समय जोर लगता है। ऐसे में लोग सोचते हैं कि बढ़ई को बुलाना पड़ेगा। अगर आपके कमरे, बाथरुम या फिर किचन में लगा दरवाजा अकड़ गया है, तो नीचे लेख में बताया गया मोमबत्ती या साबुन वाला तरीका आजमाकर 60 सेकेंड में खुद ठीक कर सकती हैं।
अकड़ गए लकड़ी के दरवाजे को कैसे सही करें?
बरसात के मौसम में नमी की वजह से लकड़ी के दरवाजे फूल जाते हैं और चौखट में फंसकर अटकने लगते हैं। अगर आपका दरवाजा भी बरसात की वजह से अकड़ गया है, तो बिना किसी मिस्त्री को बुलाए आप इसे नीचे बताए गए तरीके से तुरंत ठीक कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- वाशिंग मशीन में बचे हुए साबुन के पानी को फेंकने की जगह करें ये काम
सबसे पहले समस्या की सही जगह पहचानें
दरवाजे को धीरे-धीरे खोलकर और बंद करके देखें कि वह चौखट में कहां पर रगड़ खा रहा है। आमतौर पर नमी के कारण लकड़ी फूलने से दरवाजा ऊपर या नीचे के कोनों पर अथवा किनारे पर फंसता है। बता दें कि जिस हिस्से पर निशान पड़ रहा हो या वह घिस रहा हो, समझ लीजिए कि असली परेशानी वहीं पर है।
मोमबत्ती या साबुन का इस्तेमाल
मोमबत्ती और साबुन वाला तरीका पुराना है। इन दोनों में से किसी एक चीज को उस जगह पर लगाएं, जहां से दरवाजा रगड़ खा रहा है या फंस रहा है। मोम या साबुन प्राकृतिक चिकनाई का काम करता हैं। इसके बाद जैसे ही आप दरवाजे को बंद करेंगे, वह बिना किसी रुकावट के आसानी से फिसलकर बंद हो जाएगा।
मोम या साबुन वाला तरीका कितना असरदार?
मोम या साबुन के टुकड़े को रगड़ने बाद दरवाजे को 2-3 बार खोलकर और बंद करके देखें। अगर दरवाजा बिना किसी आवाज या रगड़ के आसानी से बंद हो रहा है, तो आपका काम सफल हो गया है।
इसे भी पढ़ें- Leftover Soap Reuse: साबुन के बचे टुकड़ों को फेंकने के बजाय, ऐसे करें इस्तेमाल; घर के हर एक क्लीनर की कर देगा छुट्टी
आपको बता दें कि अगर दरवाजा लंबे समय से बंद नहीं हो रहा है या फिर यह समस्या बहुत दिन से बनी हुई है, तो यह तरीका काम करेगा या नहीं यह कह पाना मुश्किल है। इसके अलावा कई बार कब्जे के पेंच पर जंग लगने की वजह से दरवाजे को बंद करने में दिक्कत होती है।
जंग हटाने के लिए सरसों के तेल या सिलाई मशीन तेल वाला तरीका आजमा सकती हैं। इसके लिए तेल को कब्जे पर लगाकर दरवाजे को खोलें और बंद करें।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific, Shutterstock
