आजकल ऑनलाइन सामान मंगवाने का चलन काफी बढ़ गया है। एक वक्त तक हम ऑनलाइन सिर्फ कपड़े या घर का अन्य कोई सामान ऑर्डर करते थे, लेकिन आज कई ऐसे ऐप्स आ गए हैं, जो कम समय में राशन, फल और सब्जी समेत सभी चीजें घर पर डिलीवर कर देते हैं। यह काफी सुविधाजनक होता है, इसलिए इसका ट्रेंड बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन दवाइयों की डिलीवरी करने वाली कई ऐप्स भी मौजूद हैं। हालांकि, अगर आप ऑनलाइन दवाइयां खरीद मंगवा रही हैं, तो आपको कुछ खास सेफ्टी चेक्स का खास ध्यान रखना चाहिए वरना यह आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में Dr. M. Sheetal Kumar, Consultant Physician & Diabetologist, Yashoda Hospitals, Hyderabad जानकारी दे रहे हैं।
ऑनलाइन दवाइयां मंगाते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन दवाएं खरीदना सुविधाजनक हो सकता है, लेकिन सुविधा के लिए सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। ऑर्डर देने से पहले, आपको 5 जरूरी बातों की जांच करनी चाहिए।
1. फार्मेसी की जांच करें
ऑनलाइन दवाइयों का ऑर्डर देते वक्त सबसे पहले फॉर्मेसी की जांच करें। सिर्फ भरोसेमंद और लाइसेंस वाली फार्मेसी से ही दवाइयां खरीदें, जहां साफ पता, कस्टमर सर्विस की जानकारी और लाइसेंस वाले फार्मासिस्ट से बात करने की सुविधा हो। ऐसी वेबसाइटों से दूर रहें जो बढ़ा-चढ़ाकर दावे करती हैं या बिना सही प्रिस्क्रिप्शन के प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाइयां बेचती हैं।
2. दवा प्रिस्क्रिप्शन के अनुसार हो
यह चेक करना भी जरूरी है कि आप वहीं दवा ले रही हैं, जो प्रिस्क्रिप्शन पर लिखी है। दवा का नाम, उसमें मौजूद मुख्य तत्व, दवा का रूप (जैसे टैबलेट या सिरप), उसकी क्षमता और मात्रा की जांच करें। कभी भी सिर्फ इंटरनेट पर मिली सलाह या कम कीमत के आधार पर प्रिस्क्रिप्शन वाली दवा को न बदलें।
3. डिलीवरी पैकेजिंग की जांच करें
ऑनलाइन दवाइयां मंगाते वक्त डिलीवरी पैकेजिंग की जांच जरूर करें। बैच नंबर, मैन्युफैक्चरिंग की तारीख, एक्सपायरी डेट और निर्माता कंपनी की जानकारी की पुष्टि करें। जहां लागू हो, वहां बैच नंबर इनवॉइस से मेल खाना चाहिए।
4. मेडिसिन की कंडीशन देखें
ऑनलाइन दवा लेते वक्त उसकी कंडीशन की जांच जरूर करें। अगर दवा खराब, छेड़छाड़ की हुई, रंग बदली हुई, अजीब गंध वाली या ठीक से पैक न की हुई हो, तो उसका इस्तेमाल न करें। फ्रिज में रखी जाने वाली दवाओं को रखने और डिलीवरी के दौरान खास सावधानी की जरूरत होती है।
5. भरोसेमंद ऐप से दवाई मंगाएं
ऑनलाइन ऐप से दवाइयां मंगाते वक्त आपको अपनी हेल्थ से जुड़ी कई जानकारी देनी पड़ सकती हैं। ऐसे में भरोसेमंद ऐप से ही दवाई मंगाएं। अपनी हेल्थ से जुड़ा जानकारी को सुरक्षित रखें। सुरक्षित पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल करें और प्लेटफॉर्म की प्राइवेसी पॉलिसी पढ़ें। अगर दवा अलग दिखे या आपको कोई अनचाहा रिएक्शन हो, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट से सलाह लिए बिना दूसरी डोज न लें।
यह भी पढ़ें- ज्यादा जोर से ब्रश करना भी पड़ सकता है भारी, दांतों को नुकसान पहुंचा रही हैं आपकी ये 5 रोजमर्रा की आदतें
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो, तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।
