फ्रिज हमारे घर का ऐसा सामान है जो हर समय चलता रहता है। इसलिए अक्सर हम उसकी तरफ ज्यादा ध्यान ही नहीं देते हैं। जब तक फ्रिज ठंडा कर रहा है, हमें लगता है कि सब कुछ ठीक है, लेकिन बिजली से चलने वाले इस अप्लायंस में भी कुछ ऐसी बातें हैं जिन्हें इग्‍नोर करना आपके लिए भारी पड़ सकता है। दरअसल, आज यानी मंगलवार 15 सितंबर को कर्नाटक के बेलगावी में फ्रिज में धमाके के बाद घर में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है।

इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि घर में फ्रिज रखते और इस्तेमाल करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए। चाहे गैस लीकेज हो या फिर ओवरहीटिंग, आपको कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना है। हम आपको इसके बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। आइए जानते हैं-

Image Credit- Shutterstock

फ्रिज से खतरा कम करने के लिए किन 6 गलतियों से बचें?

कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामान हो, इनका इस्तेमाल करते समय बहुत सावनधान रहने की जरूरत होती है। आपकी एक जरा सी लापरवाही से बड़ी घटना घट सकती है।

1. फ्रिज को दीवार से चिपकाना

कई घरों में जगह बचाने के लिए लोग फ्रिज को एकदम दीवार से सटाकर रख देते हैं, लेकिन फ्रिज के आसपास हवा आने-जाने के लिए अच्छी जगह होना जरूरी होता है। ऐसे में ध्यान रखें कि वेंटिलेशन की जगह जरूरी है, वरना फ्रिज ब्लास्ट कर सकता है, क्योंकि इससे फ्रिज ओवरहीट कर जाती है।

2. फ्रिज के पीछे सामान भर देना

अक्सर ऐसा होता है कि लोग सफाई का सामान, डिब्बे या दूसरी चीजें फ्रिज के पीछे रख देते हैं। ऐसा करने से पीछे की जगह बंद हो जाती है। अगर हवा का रास्ता रुक रहा है, तो यह फ्रिज के लिए अच्छा नहीं होगा। खासकर गर्मियों में फ्रिज को ऐसी जगह रखने से बचें जहां आसपास बहुत ज्यादा गर्मी हो या सीधी धूप आती हो।

Image Credit- Shutterstock

3. खराब या कटी हुई वायर को नजरअंदाज करना

अगर फ्रिज की वायर पर कट के निशान दिखाई दे रहे हैं, तो उसे ऐसे ही इस्तेमाल न करें। खराब वायर से शॉर्ट सर्किट, करंट लगने या आग का खतरा बढ़ जाता है।

4. एक्सटेंशन बोर्ड में फ्रिज लगाना

कई लोग ऐसे भी हैं जो फ्रिज को मल्टी-प्लग या पावर स्ट्रिप में दूसरे कई सामानों के साथ लगा लेते हैं। आपकी ये आदत भी सही नहीं है। इससे इलेक्ट्रिकल सर्किट पर ज्यादा लोड पड़ता है। इसलिए फ्रिज को सीधे ऐसे वॉल सॉकेट में लगाएं जो उसके लिए सही रेटिंग वाला हो।

5. गैस की गंध या लीकेज को इग्नोर करना

आपको बता दें कि हर फ्रिज में एक जैसी गैस नहीं होती और कई मॉडलों में इस्तेमाल होने वाली गैस बहुत जल्दी आग पकड़ती है। इसलिए अगर पाइप से जरा सा भी लीकेज हो, तो छोटी सी चिंगारी से भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में कभी भी फ्रिज से अजीब बदबू, धुआं या लीकेज लगे तो स्विच बंद करें और इलेक्ट्रीशियन को बुलाएं।

6. फ्रिज में बहुत ज्यादा सामान भरना

कुछ लोग फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान भर देते हैं। इससे फ्रिज सही तरह से ठंडा नहीं कर पाता है। खासकर अंदर के एयर वेंट के सामने कोई भी सामान नहीं रखना चाहिए। कोशिश करें कि फ्रिज में बहुत ज्यादा सामान न भरें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik