Monsoon Vegetable Growing Tips: बरसात के मौसम में बगीचे में लगे पेड़-पौधे हरे-भरे होकर लहराने लगते हैं। यह मौसम न केवल गर्मी से राहत देने वाला होता है बल्कि बगिया में नए पौधे लगाने का भी सही समय होता है। अगर आप बाजार से केमिकल और पेस्टिसाइड वाली सब्जियां खरीदने के बजाय इन्हें घर पर उगाना चाहती हैं, तो यह लेख आपके लिए है। यहां हम 5 ऐसी हरी सब्जियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो मानसून में कम देखभाल के बाद भी तेजी से बढ़ती हैं।

बरसात में कौन-कौन सी सब्जियों के पौधे लगा सकती हैं?

बरसात का मौसम वैसे हर किसी पौधे के लिए अच्छा नहीं होता है। कई बार गमले में लगे पौधे तेज बारिश और हवा के कारण खराब हो जाते हैं। अब ऐसे में सब्जियों के बीजों को मिट्टी में बोने से पहले दिमाग में यह सवाल आता है कि कौन सी वेजिटेबल के प्लांट्स इस मौसम में उगा सकते हैं? अगर आपके दिमाग में भी यह प्रश्न आ रहा है, तो नीचे जानें जवाब-

इसे भी पढ़ें- गोबर की खाद vs वर्मीकंपोस्ट: पौधों के लिए क्‍या है बेस्ट? जानिए फर्क

मानसून में ग्रो करें ये 5 सब्जियां

केमिकल सब्जियों को खरीदने और खाने से बचने के लिए लोग अपने घर की छत या बालकनी में सब्जियां उगाते हैं। नीचे जानें 5 ऐसी सब्जियां, जो बरसात में तेजी से ग्रो होती हैं।

  • लौकी
  • तोरई
  • करेला
  • कद्दू
  • पोई की बेल

1. लौकी कैसे उगाएं?

अगर आप पहली बार सब्जियां ग्रो करने जा रही हैं, तो लौकी बेस्ट ऑप्शन है। मानसून में इस पौधों को आसानी से नमी मिल जाती है। इसे आप गमले, ग्रोइंग बैग, बाल्टी और टब में लगा सकती हैं।

  • इस बेल को उगाने के लिए नर्सरी से लौकी का बीज खरीदकर लाएं।
  • इसके बाद इन बीजों को 12-24 घंटे के लिए पानी में डुबोकर रखें।
  • अब इसके लिए मिट्टी तैयार करें। फिर इसमें बीजों को आधा इंच की गहराई पर दबाएं।
  • 6-10 दिनों में बीज अंकुरित हो जाएंगे।

2. तोरई कैसे उगाएं?

घर की छोटी सी बगिया में आप तोरई उगा सकती हैं। इसके लिए नीचे बताई गई प्रक्रिया को अपना सकती हैं।

  • तोरई को उगाने का सही समय फरवरी-मार्च और मानसून का मौसम होता है।
  • इसे आप गमले में बीज की मदद से आसानी से ग्रो कर सकती हैं।
  • तोरई के पौधे को लगाने के लिए नॉर्मल मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट मिलाएं।
  • ध्यान रखें कि गमला कम से कम 12-18 इंच गहरा होना चाहिए।
  • अब बीजों को मिट्टी में 1 इंच की गहराई में रखें और दबाएं और पानी का छिड़काव करें।
  • 5-10 दिन के भीतर बीज से पौधा अंकुरित होने लगेगा।

3. करेला उगाने का सरल तरीका क्या है?

अगर आप करेला खाने की शौकीन हैं, तो आप इसका पौधा भी अपनी बगिया में उगा सकती हैं। इसके लिए नीचे बताए गए तरीके से इसे चौड़े ग्रोइंग बैग में लगाएं।

  • करेले की बेल को ग्रो करने के लिए बीजों को 1-2 घंटे के लिए पानी में डुबोकर रखें।
  • करेला को उगाने के लिए भुरभुरी मिट्टी बनाएं।
  • इसके बाद इसमें सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं।
  • ध्यान रखें कि पानी का निकास सही हो।
  • इसके बाद बीजों को पानी से निकालकर 1-1.5 इंच की दूरी पर लगाएं।
  • नमी को बनाए रखने के लिए पानी का छिड़काव करें।
  • पौधा अंकुरित होने पर पतली रस्सी या बांस की छड़ी लगाएं।
  • बुवाई के 2-3 महीने के बाद करेले तोड़ने वाले हो जाते हैं।

4. कद्दू की बेल छत पर कैसे ग्रो करें?

कद्दू की बेल को आप आसानी से किसी छोटे गमले या पुरानी बाल्टी में ग्रो कर सकती हैं। नीचे पढ़ें तरीका-

  • कद्दू की बेल को आप बीज की मदद से ग्रो कर सकती हैं।
  • इसके लिए सामान्य मिट्टी में वर्मीकंपोस्ट मिलाकर बाल्टी में भरें।
  • अब मिट्टी में पानी का छिड़काव करें। फिर बीजों को मिट्टी में दबाएं।
  • गमले को खुली और धूप वाली जगह में रखें।

5. पोई की बेल बगीचे में कैसे उगाएं?

आप अपने घर के किसी छोटे गमले या डिब्बे में पोई की बेल उगा सकती हैं। इन पौधे में निकलने वाली पत्तियों से न केवल सब्जी बल्कि पकौड़ी और दाल बनाई जाती है। नीचे जानें तरीका-
 
  • पोई की बेल को आप बीज और कटिंग दोनों की मदद से उगा सकती हैं।
  • इसके लिए गमले में 50 प्रतिशत मिट्टी और 50 प्रतिशत गोबर की खाद डालें और अच्छे से मिलाएं।
  • इसके बाद पानी का छिड़काव करें। फिर पुराने पौधे की 6-8 इंच की डालकर को काटकर नीचे की पत्तियां हटाकर इसे मिट्टी में लगाएं।
  • इसके बाद पानी का छिड़काव करें। शुरुआती दिनों में इसे छांव या हल्की धूप वाली जगह पर रखें

इसे भी पढ़ें- टमाटर के बढ़ते दाम अब नहीं करेंगे परेशान, आज ही इन आसान तरीकों से घर पर शुरू करें गार्डनिंग

इन सभी सब्जियों को आप आसानी से अपने घर की बगिया में उगा सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific