सर्दियों के आते ही घरों में पानी गर्म करने के लिए इमर्शन रॉड (Water Heater Rod) का इस्तेमाल बढ़ जाता है। खासकर बाथरूम में, ठंड के दिनों में बाल्टी में रॉड डालकर पानी गर्म करना सबसे आसान और आम तरीका लगता है। मगर क्या आप जानती हैं कि छोटी सी दिखने वाली यह लापरवाही आपकी जान पर भारी पड़ सकती है? बाथरूम की नमी, गीला फर्श और जरा सी गलती करंट लगने का खतरा पैदा कर देती है। आज के इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि इमर्शन रॉड का इस्तेमाल करते वक्त किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।
बाथरूम में इमर्शन रॉड लगाकर गलती से न करें ये काम
सर्दी के मौसम में अगर आप पानी गर्म के लिए इमर्शन रॉड का इस्तेमाल करती हैं, तो इस दौरान आपको कुछ बातों का खास ध्यान देने की जरूरत होती है। खासकर अगर आप इसका इस्तेमाल बाथरूम में कर रही हैं, तो एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है। नीचे लेख में जानें-
1. गीले हाथों और नंगे पैर न रहें
बाथरूम में अक्सर फर्श गीला होता है और नहाने या कपड़े धोने के चक्कर में हमारे हाथ भी पानी से भीगे रहते हैं। गीले हाथों से स्विच बोर्ड को छूना या रॉड को हैंडल करना सीधे तौर पर करंट को अपनी तरफ खींचना है। इसके अलावा, अगर आप बिना चप्पल या जूते पहने नंगे पैर बाथरूम के फर्श पर खड़े होकर रॉड को बाल्टी में डाल रहे हैं या निकाल रहे हैं, तो करंट लगने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। हमेशा रबर की चप्पल पहनकर और हाथों को पूरी तरह सुखाकर ही इमर्शन रॉड का इस्तेमाल करें।
2. रॉड लगे होने पर पानी में हाथ भूलकर भी न डालें
अक्सर लोग पानी कितना गर्म हुआ है यह चेक करने के लिए जलती हुई रॉड के पास ही बाल्टी में उंगली डालकर देखने लगते हैं। यह एक बेहद खतरनाक आदत है। जब तक इमर्शन रॉड बिजली के बोर्ड से जुड़ी है और ऑन है, तब तक गलती से भी पानी को हाथ न लगाएं। पानी के जरिए करंट आपके पूरे शरीर में फैल सकता है। पानी की हीट चेक करनी हो, तो पहले स्विच ऑफ करें, रॉड को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह रखें और उसके बाद ही पानी को छुएं।
3. प्लास्टिक की बाल्टी का इस्तेमाल करने से बचे
कई लोग पतली या खराब क्वालिटी की प्लास्टिक बाल्टी में इमर्शन रॉड डालकर पानी गर्म करते हैं। रॉड की अत्यधिक गर्मी से प्लास्टिक पिघल सकता है, जिससे बाल्टी फट सकती है और गर्म पानी फैलने से गंभीर रूप से झुलसने का खतरा पैदा हो जाता है। हमेशा मजबूत, मोटी प्लास्टिक या मेटल की बाल्टी का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, बाल्टी में पानी का स्तर रॉड पर दिए गए मिनिमम और मैक्सिमम के निशान के बीच होना चाहिए। पानी खत्म होने पर रॉड जल सकती है और शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकती है।
4. पुरानी और लोकल रॉड को न करें यूज
बाजार में मिलने वाली सस्ती और बिना किसी ब्रांड या आईएसआई (ISI) मार्क वाली इमर्शन रॉड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होते। उनके अंदर की कॉइल जल्दी घिस जाती है या करंट लीक होने लगता है। अगर आपकी रॉड पुरानी हो गई है, उसका तार छिल गया है या हैंडल ढीला है, तो तुरंत उसका इस्तेमाल बंद कर दें। हमेशा अच्छी क्वालिटी की, ISI मार्क वाली रॉड खरीदें और घर की वायरिंग तथा अर्थिंग को भी समय-समय पर चेक करवाते रहें ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।
ऊपर बताई गई बातों का ध्यान रखकर अगर आप इमर्शन रॉड का इस्तेमाल करती हैं, तो खतरे से बच सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-magnific
