एयर फ्रायर में लोगों को खाना बनाना काफी आसान लगता है, लेकिन सफाई करना उतना ही मेहनत का काम हो जाता है। कई बार बास्केट, ट्रे और दूसरे हिस्सों को अच्छी तरह धोने के बाद भी गंदे मसाले या जले हुए तेल की गंध आती रहती है। इसकी वजह अक्सर कोने में छिपी चिकनाई और खाने के छोटे-छोटे टुकड़े होते हैं, जहां सफाई करते वक्त ध्यान नहीं जाता।
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू तरीकों और सही सफाई से इस परेशानी से छुटकारा पाया जा सकता है। आइए जानते हैं ट्रे साफ करने से लेकर बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने तक एयर फ्रायर की जिद्दी बदबू हटाने के 4 आसान तरीके।
एयर फ्रायर की गंदी बदबू हटाने के 4 तरीके
अगर साफ करने के बाद भी आपके एयर फ्रायर से गंदी बदबू आ रही है, तो इन 4 तरीकों को जरूर अपनाएं।
1. सबसे पहले बास्केट और ट्रे को अच्छी तरह साफ करें
एयर फ्रायर को साफ करने के लिए पहले प्लग निकाल दें। जब उपकरण पूरी तरह ठंडा हो जाए तब बास्केट, ट्रे वाले हिस्सों को अलग करें। इन्हें गुनगुने पानी और हल्के डिशवॉश लिक्विड से मुलायम स्पंज की मदद से साफ करें।
स्टील वूल या खुरदरे स्क्रबर से बचें, क्योंकि इनसे नॉन-स्टिक कोटिंग पर खरोंच आ सकती है। इन खरोंचों में तेल और खाना फंस सकता है, जिससे बदबू की समस्या बढ़ सकती है। सफाई के बाद सभी हिस्सों को अच्छी तरह सुखाना न भूलें।
image credit- shutterstock
2. हीटिंग एलिमेंट के आसपास जमी गंदगी हटाएं
अगर बास्केट को साफ करने के बाद भी बदबू आ रही है, तो एयर फ्रायर के अंदर के हिस्सों को चेक करना चाहिए। बहुत बार ऐसा होता है कि हीटिंग एलिमेंट के आसपास तेल और खाना जमा हो जाता हैं। इन्हें हटाने के लिए उपकरण को प्लग से अलग रखें और पूरी तरह ठंडा होने दें।
साथ ही एयर फ्रायर को सही से रखें, जिससे अंदर तक आसानी से हाथ पहुंच सके। मुलायम, हल्के नम कपड़े या सॉफ्ट ब्रश से गंदगी हटाएं।
3. नींबू या सफेद सिरके से दूर करें गंध
एयर फ्रायर में बची हुई बदबू को कम करने के लिए नींबू का इस्तेमाल करें। थोड़े पानी में एक बड़ा चम्मच नींबू का रस मिलाकर बर्तन में रख दें। हालांकि, इसे गर्म करने से पहले अपने एयर फ्रायर पर दी गई बातों जरूर देखें। अगर यह तरीका सेफ बताया गया है, तभी इसका इस्तेमाल करें।
एक दूसरा ऑप्शन है सफेद सिरके का पतला घोल। इसमें कपड़ा हल्का भिगोकर बास्केट और ट्रे को पोंछें। इसके बाद साफ, नम कपड़े से दोबारा पोंछकर अच्छी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि सिरका या नींबू का रस सीधे हीटिंग एलिमेंट पर न डालें।
यह भी पढ़ें- How To Make Puri: करारी और फूली पूड़ी बनाने के लिए करें एयर फ्रायर का इस्तेमाल, ये हैक्स आएंगे काम
4. बेकिंग सोडा से हटाएं गंदी बदबू
अगर एयर फ्रायर से बार-बार तेज गंध आ रही है, तो बेकिंग सोडा मददगार हो सकता है। इसमें गंध को सोखने की क्षमता होती है। थोड़े से पानी में बेकिंग सोडा मिलाकर पेस्ट बना लें और इसे बास्केट व ट्रे पर लगाएं। 15 से 20 मिनट बाद मुलायम, नम कपड़े से साफ कर लें।
image credit-magnific
दोबारा बदबू आने से रोकने के लिए अपनाएं ये आदतें
एयर फ्रायर को साफ रखने के लिए हर बार इस्तेमाल के बाद बास्केट और ट्रे को साफ करना जरूरी है। मछली, मांस या ज्यादा मसाले वाला खाना बनाने के बाद सफाई में बिल्कुल लापरवाही न करें। इसके अलावा कुछ बातों का ध्यान रखें।
- बास्केट में अधिक खाना रखने से तेल के छींटे अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच सकते हैं।
- एयर फ्रायर के लिए बने छेद वाले पार्चमेंट पेपर का इस्तेमाल करें। इसे खाली एयर फ्रायर में कभी न रखें।
- सफाई के बाद बास्केट और ट्रे को पूरी तरह सुखाकर ही वापस लगाएं।
- एयर फ्रायर को चलाने के बाद दराज खुली छोड़कर सुखाने या उसे थोड़ा खुला रखकर स्टोर करने से पहले अपने मॉडल के निर्देश देख लें।
- हीटिंग एलिमेंट के आसपास जमी चिकनाई और खाने के कणों को समय-समय पर साफ करें।
आप भी अगर एयर फ्रायर को साफ करके थक गई हैं और फिर भी बदबू आ रही है, तो इन बातों को फॉलो करें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
main image credit-magnific
