Pillow Cleaning Tips: दिनभर की थकान के बाद जब हम रात को बिस्तर पर जाते हैं, तो एक साफ और खुशबूदार तकिया अच्छी नींद के लिए बहुत जरूरी होता है। मगर कई बार ऐसा होता है कि हम पिलो कवर तो बदल लेते हैं, फिर भी तकिए के अंदर से एक अजीब सी तेल, पसीने और सीलन या नमी की बदबू आने लगती है। ऐसे में लोग पुरानी तकिया को बदलकर नया तकिया खरीदकर लाते हैं। मगर आपको बता दें कि कुछ तरीकों को आजमाकर आप बिना किसी परेशानी के तकिया से आने वाली बदबू को दूर कर सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें तकिया से आने वाली बदबू को दूर करने के तरीके।
तकिया से आने वाली बदबू को कैसे दूर करें?
अगर आपकी तकिया से भी बदबू आ रही हैं, तो इन्हें बदलकर नया लाने के बजाय किचन में रखी चीजों की मदद से इस समस्या को दूर कर सकती हैं।
1. बेकिंग सोडा से दूर करें तकिया से आने वाली बदबू
- इस तरीके को अपनाने के लिए सबसे पहले तकिए के दोनों तरफ थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें।
- इसे लगभग 1 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि यह सारा तेल और बदबू सोख ले।
- इसके बाद एक साफ ब्रश या वैक्यूम क्लीनर की मदद से बेकिंग सोडा को अच्छी तरह साफ कर लें।
- आपका तकिया एकदम ताजा महकने लगेगा।
बेकिंग सोडा से कैसे दूर होती है बदबू?
ज्यादातर बदबू फैलाने वाले कण और बैक्टीरिया थोड़े अम्लीय होते हैं। बेकिंग सोडा स्वभाव से क्षारीय होता है। जब यह बदबू के संपर्क में आता है, तो उसके तेजाब को बेअसर कर देता है। यही कारण है कि बेकिंग सोडा को बिना पानी के इस्तेमाल किए बिना किसी झंझट के बदबू भगाने का बढ़िया उपाय माना जाता है।
इसे भी पढ़ें- 10 मिनट का जादू: प्लास्टिक के लंच बॉक्स से आने वाली बदबू गायब करने का आसान तरीका पढ़े यहां
2. सफेद सिरके का हल्का स्प्रे करके दूर करें बदबू
- सिरका बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को आसानी से बेअसर कर देता है।
- इसके लिए बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें।
- इस घोल का हल्का-हल्का छिड़काव तकिए पर करें। ध्यान रखें कि तकिया ज्यादा गीला न हो।
- इसके बाद इसे कुछ देर हवा में सूखने दें, सिरके की खट्टी बदबू कुछ ही मिनटों में उड़ जाएगी और सीलन भी गायब हो जाएगी।
सिरका से बदबू कैसे दूर होती है?
सिरका बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया और अम्लीय तत्वों को बेअसर कर देता है। इसके सूखने पर बदबू हवा में उड़ जाती है और तकिया एकदम ताजा हो जाता है।
3. एसेंशियल ऑयल की मदद से दूर करें तकिया से आने वाली बदबू
- अगर आप चाहती हैं कि आपके तकिए से हमेशा अच्छी खुशबू आती रहे, तो यह तरीका अपना सकती हैं।
- इसके लिए एक कप पानी में लैवेंडर, रोजमेरी या अपने मनपसंद किसी भी एसेंशियल ऑयल की 4-5 बूंदें मिलाएं।
- अब स्प्रे बोतल में भरकर तकिए पर हल्का सा छिड़क लें। इससे आपका कमरा और बिस्तर दोनों महक उठेंगे।
एसेंशियल ऑयल से बदबू कैसे दूर होती है?
एसेंशियल ऑयल में मौजूद प्राकृतिक और तेज खुशबू बदबू को दबा देती है। साथ ही, इसमें मौजूद गुण बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं।
इसे भी पढ़ें- किचन की अलमारी से आ रही है बदबू, तो इस तरह पाएं इससे छुटकारा
इस लेख में बताई गई चीजें किचन में आसानी से मिल जाएंगी, जिसकी मदद से आप आसानी से तकिया से आने वाली बदबू को दूर कर सकती हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Magnific
