दिवाली के बाद घर में कई सारे मिट्टी के दीये बच जाते हैं। कुछ दीये टूट जाते हैं, तो कुछ का इस्तेमाल करने के बाद हम उन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि इन पुराने दीयों को एक बार फिर काम में लाया जा सकता है? जी हां, आप इनसे बाजार में मिलने वाला पीतांबरी बना सकती हैं।

अगर आपके घर में भी दिवाली के दीये बच गए हैं, तो हम आपको इससे पीतांबरी बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

image credit- herzindagi hindi

पुराने दीयों से कैसे बनाएं घर पर पीतांबरी जैसा पाउडर?

घर पर पीतांबरी पाउडर बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर में आसानी से मिलने वाली कुछ चीजों से यह पाउडर तैयार किया जा सकता है। इसके लिए आपको चाहिए-

  • इस्तेमाल किए हुए मिट्टी के दीये
  • आधा छोटा चम्मच नमक
  • आधा छोटा चम्मच डिटर्जेंट पाउडर
  • एक छलनी

इन आसान स्टेप्स में तैयार करें पीतांबरी पाउडर

सबसे पहले मिट्टी के दीयों को इकट्ठा कर लें। ध्यान रखें कि दीयों पर तेल या दूसरी गंदगी न लगी हो। इन्हें अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सूखने दें। इसके बाद सूखे दीयों को कूटकर मिट्टी जैसा पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को एक छलनी से छान लें। ऐसा करने से मिट्टी के बड़े और मोटे टुकड़े अलग हो जाएंगे। आपको सफाई के लिए बारीक पाउडर मिल जाएगा।

इसके बाद इसमें आधा छोटा चम्मच नमक और आधा छोटा चम्मच डिटर्जेंट पाउडर डालें। दोनों चीजों को मिट्टी के पाउडर में अच्छी तरह मिला लें। आपका घर पर पीतांबरी पाउडर तैयार है।

image credit- magnific

दीये से बने पीतांबरी पाउडर का इस्तेमाल करने से पहले ध्‍यान रखें ये बातें

घर पर बनाए गए पीतांबरी पाउडर को इस्तेमाल करने से पहले उसकी सेफ्टी के बारे में जानना जरूरी है। हर तरह की मेटल पर एक ही चीज से सफाई करना ठीक नहीं होता।

  • दीयों की मिट्टी के बारीक कण बर्तन पर खरोच डाल सकते हैं। इसलिए पाउडर को जोर लगाकर रगड़ने से बचें।
  • अगर आपके पास महंगे, डिजाइन वाले या कलई किए हुए बर्तन हैं, तो उन पर ये पाउडर यूज न करें। इससे उनकी चमक खराब हो सकती है।
  • अगर आप इसे आजमाना चाहती हैं, तो पहले ऐसे बर्तन पर यूज करें जिसका यूज बहुत कम होता हो।
  • पाउडर लगाने के बाद बर्तन को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और फिर सूखे कपड़े से पोंछें जरूर।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific