हर घर में कुछ ऐसे पुराने कपड़े जरूर होते हैं, जिन्हें पहनना तो बंद कर दिया जाता है, लेकिन उन्हें फेंकने का मन नहीं करता। ऐसे में इन कपड़ों पर थोड़ी-सी मेहनत करके आप इसे डोर मेट की तरह यूज कर सकती हैं। हालांकि, डोर मेट बनाने के लिए कपड़ा चुनते समय आपको खास ध्यान रखना होगा, क्योंकि बहुत पतले कपड़े से बना मैट जल्दी दब जाएगा और ज्यादा समय तक टिकेगा नहीं। वहीं सूती और मोटे कपड़े पैर साफ करने के लिए अच्छे होते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको पुराने कपड़े से डोर मेट बनाने के कुछ आसान टिप्स बताएंगे। इन टिप्स की मदद से आप पुराने कपड़े फिर से यूज कर पाएंगी।
1. पुराने कपड़ों को रोल करके बनाएं डोर मैट
इस तरह का डिजाइन बनाने के लिए आपको अलग-अलग कपड़ों को पतले-पतले टुकड़ों में काट लेना है। काटने के बाद आप इसे गूथ लें। जिस तरह आप बालों की चोटी बनाती हैं, उसी तरह इसका भी डिजाइन बनाना है। अगर रंग-बिरंगे कपड़े नहीं है, तो आप इसे केवल एक ही रंग के कपड़े से भी बना सकती हैं। इसे चोटी को तरह गोल-गोल घुमाकर आपस में सिलते जाएं। इस तरह पुराने कपड़ों से एक मजबूत और खूबसूरत गोल डोर मेट तैयार हो जाएगा।
- इसमें अलग-अलग रंग की पट्टियों का यूज करें तो मैट ज्यादा रंगीन और सुंदर लगेगा।
- मोटे सूती कपड़े से बनाना आसान रहेगा।
- सभी कपड़े को बराबर मोटाई में घुमाएं, इससे मैट का आकार अच्छा दिखेगा।
2- पुरानी जींस से डोर मेट
लगभग हर किसी के घर में पुरानी जींस का ढेर लग जाता है, लेकिन इसे फेंकने का मन नहीं होता। इससे भी आप खूबसूरत डोर मेट बना सकती हैं। इसके लिए आपको जींस को लंबी पट्टियों में पतला-पतला काटकर आपस में जोड़ना है। मोटा कपड़ा होने की वजह से मैट को रोजाना इस्तेमाल के लिए अच्छा रहेगा।
- इसमें आप अलग-अलग रंग की जींस मिलाकर बॉक्स जैसा लुक दे सकती हैं।
- जींस की मोटी सिलाई वाली पट्टियों को बॉर्डर में इस्तेमाल करें।
- किनारों पर मजबूत सिलाई जरूर करें।
- दरवाजे, बालकनी या कमरे के बाहर इस तरह का मैट अच्छा लगेगा।
3- पुराने तौलिए से बनाएं डोर मेट
इससे डोर मेट बनाना सबसे आसान है, क्योंकि इसमें ज्यादा कट नहीं करना होता। इसमें आप तौलिए को लंबी पट्टियों में काटकर इन्हें गूंथकर भी मैट बना सकती हैं। अगर ज्यादा डिजाइन नहीं करना चाहती हैं, तो सिंपल चोकोर डिजाइन में काटें और दूसरे रंग के कपड़े को बॉर्डर लगा दें।
- तौलिए का कपड़ा पानी सोखता है, इसलिए इसे बाथरूम के बाहर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- दो-तीन रंग के तौलिए मिलाकर अच्छा डिजाइन बना सकती हैं।
- बहुत ज्यादा घिस चुके तौलिए इस्तेमाल न करें।
- मैट को ज्यादा मोटा न रखें, वरना जल्दी सूखने में दिक्कत होगी।
इन डिजाइंस के अलावा आप पुरानी टी-शर्ट से भी मैट बना सकती हैं। बस ध्यान रखें कि मैट का कपड़ा उतना ही मोटा रखे, जितना धोने और सुखाने में आसान हो। जिन मैट को आप गूथ कर बना रही हैं, उसे सुखने में ज्यादा समय लगेगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
