हम सभी के घरों में ड्राई फ्रूट्स जरूर खाया जाता है। इससे शरीर को कई फायदे भी म‍िलते हैं। आमतौर पर हम इसे बाजार से ही खरीद कर लाते हैं, लेक‍िन क्‍या आपने कभी सोचा है क‍ि ज‍िस काजू को हम खाते हैं, उसका पेड़ भी घर पर लगाया जा सकता है? जी हां, आप घर पर इसका पौधा लगा सकती हैं। हालांक‍ि, इसकी ग्रोथ में काफी समय लगता है, इसल‍िए आपको धैर्य रखना जरूरी होगा।

गमले में इसे उगाने के लिए सही पौधा, अच्छी मिट्टी, धूप और पर्याप्त जगह का ध्यान रखना होगा। आइए जानते हैं क‍ि आप कैसे घर पर काजू का पौधा उगा सकती हैं।

गमले में काजू का पौधा उगाने के लिए क्या चाहिए?

आपको बता दें क‍ि काजू के पौधे को लंबे समय तक गमले में नहीं रखा जा सकता है। यह पेड़ बड़ा होता है और इसकी जड़ों को भी जगह चाहिए होती है। इसलिए अगर घर पर काजू का पौधा लगाना है तो शुरुआत से ही बड़ा और मजबूत गमला या कंटेनर लें। चाहें तो आप इसे डायरेक्‍ट गार्डन में म‍िट्टी वाली जमीन पर भी लगा सकती हैं। लेक‍िन गमला ऐसा हो जिसके नीचे पानी निकलने के लिए अच्छे छेद हों। काजू को ऐसी मिट्टी पसंद है जिसमें पानी रुकता न हो।

बीज से नहीं, अच्छा पौधा लगाना रहेगा सही

अगर आप घर पर काजू लगाना चाहती हैं तो क‍िसी नर्सरी से अच्छी किस्म का ग्राफ्टेड पौधा ले आएं। काजू की खेती में ग्राफ्टेड पौधों को ही प्राथमिकता दी जाती है। इससे आपको शुरुआत में पौधे को तैयार करने की झंझट कम होगी।

यह भी पढ़ें- बगीचे के लिए फ्री में बनेगी जैविक खाद, जानें तरीका और पौधों को हरा-भरा रखने का सीक्रेट

ऐसे तैयार करें गमला

काजू का पौधा लगाने के ल‍िए सबसे पहले बड़ा गमला ले लें। इसमें नीचे की तरफ ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए। अब इसमें ऐसी मिट्टी भरें जो पानी को आसानी से नीचे जाने दे। मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई ऑर्गेन‍िक खाद या कंपोस्ट मिला सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Pruning & Repotting Tips: पौधों में चाहिए ढेरों फूल? जानें प्रूनिंग, री-पॉटिंग और खाद देने का सही तरीका

इसके बाद गमले के बीच में इतनी जगह बनाएं कि पौधे की जड़ें आराम से आ जाएं। अब नर्सरी से जो आप पौधा लेकर आई हैं, उसको पुराने मिट्टी वाले हिस्से के साथ सावधानी से निकालें और गमले में लगाएं। अगर पौधा ग्राफ्टेड है तो जिस जगह पर ग्राफ्ट जुड़ा हुआ है, उसे मिट्टी के अंदर न दबाएं। ग्राफ्ट का जोड़ मिट्टी के ऊपर रहना चाहिए।

पानी कितना देना है?

काजू के पौधे को पानी जरूर चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गमले की मिट्टी हमेशा गीली रखी जाए। पानी देने से पहले ऊपर की मिट्टी को देख जरूर लें। अगर मिट्टी में पहले से नमी है तो पानी देने की जरूरत नहीं है। क्‍योंक‍ि काजू की जड़ें पानी भरी मिट्टी को अच्छी तरह सहन नहीं कर पाती हैं।

यह भी पढ़ें- मानसून में छोटे से बड़े गमले में पौधा कैसे शिफ्ट करें? जानें सही तरीका

धूप का रखें खास ध्यान

आपको बता दें क‍ि काजू के पौधे को धूप पसंद होता है। इसलिए इसे घर में ऐसी जगह पर रखें जहां उसे अच्छी धूप मिल सके। वरना इसकी ग्रोथ नहीं हो पाएगी। अगर आप इसे बालकनी में रख रही हैं तो यह जरूर देखें कि वहां पर्याप्त सीधी धूप आती हो।

ठंड में पौधे का रखें ध्यान

काजू गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ता है। बहुत कम तापमान और ठंड इसके लिए अच्छा नहीं होता है। ICAR के अनुसार, काजू गर्म और ब‍िना ठंड वाली जगहों पर अच्‍छे से ग्रो कर पाता है।

क्या गमले में काजू आएगा?

कई लोगों काे लगता है क‍ि आज काजू का पौधा लगा रहे हैं, तो एक दो महीने में उन्‍हें काजू म‍िलने लगेगा, लेकि‍न ऐसा नहीं है। काजू का पेड़ बड़ा होने वाला पौधा है और फल पाने के लिए समय, सही मौसम और अच्छी देखभाल चाहिए होती है। ICAR की जानकारी के अनुसार, ग्राफ्टेड काजू पौधों को शुरुआती सालों में अच्छी तरह बढ़ने देना जरूरी है। इसमें फल आने में दो से तीन साल का समय लग सकता है।

पौधे की कटाई-छंटाई भी जरूरी

जैसे-जैसे काजू का पौधा बड़ा होगा, उसकी शाखाएं भी फैलेंगी। गमले में पौधे को संभालकर रखने के लिए समय-समय पर उसकी जरूरत के हिसाब से कटाई-छंटाई भी जरूर करें।

यह भी पढ़ें- बालकनी में बड़े पौधे रखने के बजाय, लटकाएं ये 3 ग्रास हैगिंग प्लांट्स

काजू का पौधा लगाते समय ध्यान रखें ये बातें

  • काजू के लिए बड़ा गमला चुनें।
  • गमले में पानी निकलने के लिए अच्छे छेद जरूर हों।
  • भारी और पानी रोकने वाली मिट्टी न लें।
  • कोशिश करें कि नर्सरी से अच्छा ग्राफ्टेड पौधा ही लें।
  • पौधे को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप मिल सके।
  • मिट्टी को हमेशा पानी से भरा हुआ न रखें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik