गुलाब का पौधा सूख रहा है और उस पर नए फूल नहीं आ रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। दरअसल, छंटाई के बाद पौधे को सही पोषण नहीं मिलता है, इसलिए वो कमजोर हो जाता है। घर पर बना एक छोटा सा फर्टिलाइजर गुलाब के पौधे को फिर से हरा-भरा कर देगा। बहुत से लोगों का गुलाब छंटाई के बाद बिल्कुल रुक जाता है। नई शाखा नहीं आती, कली नहीं बनती। इसका मतलब पौधे को ठीक से पोषण प्राप्त नहीं हुआ है। छंटाई के बाद अगर पौधे को स्पेशल डाइट दे दी जाए, तो उस पर ढेर सारे फूल आने लगते हैं।
गुलाब में ज्यादा फूल कैसे लाएं?
आपने गुलाब की छंटाई तो कर दी, लेकिन अब पौधा बिल्कुल बेजान सा लग रहा है? पत्ते झड़ रहे हैं और एक भी नई कली नहीं दिख रही? इसका मतलब आपने पौधे को काट तो दिया, पर उसे ताकत देना भूल गए। छंटाई के बाद गुलाब को दवा नहीं, बल्कि सही देसी खाना चाहिए, तभी वो फिर से फूलों से लदेगा।
Photo Credit: Magnific
छंटाई के बाद पौधे को क्यों चाहिए स्पेशल डाइट?
छंटाई का मतलब है पौधे की पुरानी और सूखी टहनियों को काट देना। इससे पौधा नई शाखाएं निकालता है, लेकिन नई शाखा निकालने के लिए उसे ताकत चाहिए होती है। अगर मिट्टी में ताकत नहीं होगी, तो पौधा नई कोंपल नहीं निकालेगा। पत्ते पीले पड़ने लगेंगे। फूल छोटे और कम आएंगे। इसलिए, छंटाई के बाद पौधे को अच्छा पोषण देना सबसे जरूरी होता है। बाजार का महंगा फर्टिलाइजर लाने की जरूरत नहीं है। घर की चीजों से ही दो आसान मिक्सचर बन जाते हैं।
मिक्सचर 1- न्यूट्रिएंट बेस
ये मिक्सचर पौधे की जड़ों को मजबूत करता है और नई शाखाओं को बढ़ाता है।
बनाने के लिए क्या चाहिए?
500 ग्राम वर्मीकम्पोस्ट
100 ग्राम चायपत्ती
100 ग्राम नीम खली
100 ग्राम बोन मील
50 ग्राम माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्स
कैसे बनाएं?
सारी चीजों को एक बाल्टी या टब में डालकर अच्छे से मिला लें। चायपत्ती अगर आपने चाय बनाकर बची हुई ली है, तो उसे पहले सुखा लें। गीली चायपत्ती डालने से फंगस लग सकती है। इस मिक्सचर को किसी डिब्बे में बंद करके रख लें। ये 2-3 महीने तक खराब नहीं होता है।
कितना और कब डालें?
बड़े पौधे को- 2 चम्मच
मध्यम पौधे को- 1 चम्मच
छोटे पौधे को- आधा चम्मच
इसे गमले के किनारे-किनारे डालें। बीच में तने के पास मत डालें। डालने के बाद हल्की गुड़ाई कर दें और पानी दे दें। हर 20-25 दिन में एक बार इसे जरूर डालें।
Photo Credit: Magnific
मिक्सचर 2- मिनरल बूस्ट
दूसरा मिक्सचर फूलों के लिए है। इससे कलियां ज्यादा बनती हैं और फूल का साइज भी बड़ा होता है।
बनाने के लिए क्या चाहिए?
50 ग्राम पिसे हुए अंडे के छिलके
20 ग्राम एप्सम सॉल्ट
कैसे बनाएं?
अंडे के छिलकों को धूप में सुखाकर मिक्सी में बारीक पीस लें। इसमें एप्सम सॉल्ट मिला लें। इसे अलग डिब्बे में रखें। मिक्सचर 1 में इसे मत मिलाएं।
कितना और कब डालें?
महीने में सिर्फ 1 चम्मच डालना काफी है। इसे भी गमले के किनारे पर डालें। अंडे के छिलके से पौधे को कैल्शियम मिलता है, जिससे तना मजबूत होता है। एप्सम सॉल्ट से मैग्नीशियम मिलता है, जिससे पत्ते हरे रहते हैं और फूल ज्यादा आते हैं।
Photo Credit: Magnific
दोनों मिक्सचर में गैप रखना क्यों जरूरी है?
बहुत से लोग गलती कर देते हैं कि दोनों मिक्सचर एक ही दिन डाल देते हैं। ऐसा बिल्कुल न करें। मिक्सचर 1 और मिक्सचर 2 के बीच 10-15 दिन का गैप रखें। जैसे अगर आपने आज पहला मिक्सचर डाला है, तो 10 दिन बाद दूसरा मिक्सचर डालें। एक साथ ज्यादा खाद डालने से जड़ें जल सकती हैं। पौधा और ज्यादा सूख सकता है। इसलिए थोड़ा-थोड़ा करके ही खाद दें।
छंटाई के बाद इन 4 बातों का भी ध्यान रखें
1. धूप में रखें
गुलाब को दिन में 5-6 घंटे की धूप चाहिए। छंटाई के बाद उसे छांव में मत रखें।
2. पानी का सही हिसाब रखें
मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें। ज्यादा पानी देने से जड़ सड़ जाती है। गमले के नीचे छेद होना बहुत जरूरी है।
3. सूखे फूल तुरंत काटें
फूल सूख जाए तो उसे पौधे पर मत छोड़ें। उसे काट देने से पौधा नई कली बनाने में ताकत लगाता है।
4. कीड़े चेक करते रहें
छंटाई के बाद नई कोमल पत्तियों पर कीड़े जल्दी लगते हैं। हफ्ते में एक बार नीम के पानी का स्प्रे कर दें।
Photo Credit: Pinterest (betty gibes)
कब दिखेगा असर?
अगर आपने सही तरीके से छंटाई की है और ये दोनों मिक्सचर टाइम पर दिए हैं, तो 15-20 दिन में नई कोंपल दिखने लगेगी। 35-40 दिन में कलियां आने लगेंगी। पौधा पहले से ज्यादा हरा दिखेगा और फूल भी बड़े आएंगे। पौधे को एकदम से ठीक करने के चक्कर में ज्यादा खाद न डालें।
गुलाब को काटना आधी मेहनत है, आधी मेहनत उसे पोषण देना है। अगर आपने छंटाई के बाद ये देसी डाइट टाइम पर दे दी, तो आपका पौधा फिर से फूलों से भर जाएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1794305281197_m.webp)