फैब्रिक सोफा और लंबे पर्दे घर की खूबसूरती को दोगुना कर देते हैं, लेकिन बात जब इनकी सफाई की आती है, तो इन पर लगी धूल-मिट्टी, पसीने की गंध और दाग-धब्बे साफ करने में पसीने छूट जाते हैं। सोफे के कवर और भारी पर्दों को बार-बार निकालकर धोना परेशानी का कारण बन जाता है। अगर आपको भी यह काम बेहद थकाऊ लगता है, तो परेशान होने के बजाय पॉट लिड और टॉवल क्लीनिंग हैक को आजमाकर अपने काम को आसान बना सकती हैं।

पॉट लिड और टॉवल क्लीनिंग हैक

रसोई में मौजूद पतीले या कड़ाही के ढक्कन और सूती तौलिए की मदद से आप मिनटों में जिद्दी धूल और दाग-धब्बों को साफ कर सकती हैं। आइए जानते हैं इस आसान हैक के बारे में -  

सबसे पहले क्लीनिंग घोल तैयार करें

इस खास नुस्खे को आजमाने से पहले एक असरदार घोल तैयार करें, जो फैब्रिक के रेशों को नुकसान पहुंचाए बिना गंदगी को साफ करेगा।

बनाने की विधि: इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दो कप गुनगुना पानी लें। इसमें एक चम्मच माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट या डिशवॉश मिलाएं। इसके ऊपर से एक चम्मच बेकिंग सोडा और आधा कप सफेद सिरका मिला दें। इस घोल को अच्छी तरह मिक्स कर लें। 

(image credit: pinterest/Elsa Escarcega)

ढक्कन और तौलिए का टूल तैयार करें - 

ढक्कन और तौलिए वाले नुस्खे को आजमाने के लिए नीचे दिए गए कुछ टिप्स को फॉलो करें - 

  • इस ट्रिक को आजमाने के लिए एक साफ और थोड़ा खुरदरा सूती तौलिया लें।
  • इस तौलिए को ऊपर बताए गए गुनगुने घोल में अच्छी तरह डुबोएं।
  • इसके बाद तौलिए को कसकर निचोड़ लें ताकि उसमें अतिरिक्त पानी न रहे।
  • अब इस नम तौलिए को समतल जगह पर फैलाएं और पतीले का गोल ढक्कन इसके ठीक बीच में रखें।
  • इसके बाद तौलिए के चारों कोनों को ढक्कन के हैंडल के ऊपर लाकर मजबूती से एक गांठ बांध लें।

सोफे और कुशन की सफाई करने का तरीका - 

आप अब इस तौलिए से लिपटे ढक्कन का इस्तेमाल करके आसानी से सोफे की सफाई कर सकती हैं। सफाई करते समय इन टिप्स को आजमाएं - 

  • सबसे पहले सोफे पर लगी सूखी धूल को किसी सूखे कपड़े या ब्रश से साफ कर लें।
  • इसके बाद तौलिए वाले इस ढक्कन से सोफे के फैब्रिक पर हल्का दबाव बनाते हुए गोल-गोल घुमाते हुए या ऊपर से नीचे की तरफ रगड़ें।
  • ढक्कन की पकड़ और तौलिए में मौजूद घोल के असर से सोफे के अंदर छुपी धूल और गंदगी तौलिए पर चिपकने लगती है।
  • ऐसा करने से आप कम मेहनत में आसानी से सोफे और कुशन को साफ कर सकती हैं।  
(image credit: pinterest/Kumari Wennberg)

भारी पर्दों की ऐसे करें मिनटों में सफाई

पर्दों की सफाई करने के लिए भी यह ढक्कन वाला नुस्खा सबसे बेस्ट हो सकता है। इसे आजमाने के लिए आप कुछ टिप्स को फॉलो कर सकती हैं -

  • पर्दों की सफाई करने के लिए इन्हें रोड से निकालने की जरूरत नहीं है, इन्हें लटका ही रहने दें।
  • अब ढक्कन वाले टूल को ऊपर से नीचे की ओर सीधे हाथ से खींचते हुए पर्दों पर चलाएं।
  • तौलिए में मौजूद बेकिंग सोडा और सिरके का घोल पर्दों से धूल-मिट्टी साफ करने के साथ-साथ सीलन और पसीने की गंध को भी दूर करेगा।
  • पर्दे की सफाई पूरी होने के बाद कमरे की खिड़कियां और दरवाजे खोल दें, ताकि ताजी हवा आ सके और बची हुई नमी जल्दी उड़ जाए।

पतीले के ढक्कन और तौलिए का यह आसान और असरदार घरेलू उपाय आजमाकर आप भी कम समय में आसानी से फैब्रिक सोफे और भारी पर्दों को साफ करके इन्हें नए जैसा चमकदार बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।