ड्राइंग रूम की शोभा बढ़ाने वाला सोफे का कपड़ा बहुत जल्दी गंदा हो जाता है। बच्चों के हाथ के निशान, धूल-मिट्टी या गलती से गिरे चाय-कॉफी के दाग सोफे की पूरी चमक छीन लेते हैं। मार्केट में मिलने वाले महंगे फैब्रिक क्लीनर्स में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जो सोफे के कपड़े को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में घर पर तैयार किया गया एक आसान नेचुरल स्प्रे आपके सोफे को बिना किसी नुकसान के सिर्फ 5 मिनट में नए जैसा चमका सकता है। ऐसे में इस स्प्रे के बारे में पता होना जरूरी है। जानते हैं आगे...

कैसे बनाएं जादुई होममेड स्प्रे?

इस नेचुरल और खुशबूदार स्प्रे को बनाने के लिए आपको नीचे दी गई सामग्री और सामान की जरूरत होगी-

आवश्यक सामग्री

  • सफेद सिरका: आधा कप
  • नींबू का रस: आधा कप
  • कॉर्न स्टार्च: 1 छोटा चम्मच
  • लैवेंडर एसेंशियल ऑयल: 20 बूंदें (सोफे को फ्रेश खुशबू देने के लिए)

जरूरी सामान

  • मापने के लिए चम्मच और कप
  • स्प्रे बोतल
  • कीप

स्प्रे को बनाने की आसान विधि

अगर आप अपने सोफे को साफ करना चाहती हैं तो यहां दिए गए स्टेप्स को अपनाएं-

बोतल में सामान डालें: कीप की मदद से स्प्रे बोतल में मापकर सिरका, नींबू का रस, कॉर्न स्टार्च और लेैवेंडर ऑयल डालें।

अच्छे से मिलाएं: स्प्रे बोतल का ढक्कन कसकर बंद करें और सभी चीजों को आपस में मिलाने के लिए बोतल को 1-2 मिनट तक तेजी से हिलाएं।

इस्तेमाल करें: सोफे के गंदे हिस्से पर हल्का स्प्रे करें और 5 मिनट बाद किसी साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें।

यह भी पढ़ें- बिना महंगे सोफे के भी लिविंग रूम लगेगा आलीशान, ट्राई करें ये ट्रेंडी 'लो-सीटिंग बोहो' वाइब

सोफे को फ्रेश रखने के अन्य तरीके

कुछ अन्य तरीके भी हैं, जिन्हें आप अपनाकर सोफे को फ्रेश और क्लिन रख सकती हैं- 

बेकिंग सोडा तकनीक

  • सूखे सोफे पर बेकिंग सोडा की हल्की परत छिड़कें।
  • ब्रश से इसे फैब्रिक पर हल्के से फैलाएं और 4-6 घंटे के लिए छोड़ दें।
  • इसके बाद वैक्यूम क्लीनर से साफ कर लें। यह सोफे से नमी और दुर्गंध पूरी तरह खत्म कर देता है।

हर्बल स्प्रे

  • 2 कप डिस्टिल्ड वॉटर में टी-ट्री ऑयल या सेडरवुड ऑयल की 10-15 बूंदें मिलाएं।
  • इसे सोफे पर हल्का स्प्रे करने से फैब्रिक में नमी-रोधी क्षमता आती है और घर में भीनी-भीनी खुशबू बनी रहती है।

सोफे को साफ करते समय किन बातों का रखें ध्यान?

सोफा को साफ करते वक्त यहां दी गई निम्न बातों का ख्याल रखना जरूरी है-

  • पहले से सफाई जरूरी: कोई भी स्प्रे लगाने से पहले सोफे की धूल-मिट्टी को वैक्यूम क्लीनर या सूखे कपड़े से अच्छे से साफ कर लें।
  • पैच टेस्ट: घोल का उपयोग करने से पहले सोफे के किसी साइड वाले या कोने वाले हिस्से पर टेस्ट करें और 24 घंटे रुककर देखें कि कपड़े का रंग तो नहीं उड़ रहा।
  • हल्का छिड़काव: स्प्रे को फैब्रिक पर हल्का और समान रूप से छिड़कें, सोफे को बहुत ज्यादा गीला न करें।
  • सही तरीके से सुखाएं: सोफे को सूखने के लिए 24 से 48 घंटे का समय दें। सुखाने के लिए पंखे का इस्तेमाल करें, सीधी तेज धूप या हीटर से बचाएं।

यहां दिए गए लेख से पता चलता है कि कपड़े के सोफे की सफाई के लिए महंगे प्रोडक्ट्स पर पैसे बहाने के बजाय घरेलू नुस्खे सबसे सुरक्षित और बजट-फ्रेंडली ऑप्शंस हैं। 

यह भी पढ़ें- Velvet Sofa Cleaning: वेलवेट सोफे पर लग गए हैं जिद्दी दाग? साफ करने के ल‍िए अपनाएं ये स्मार्ट और आसान तरीके

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific