अक्सर बच्चे खेल-खेल में किचन, ड्राइंग रूम या बेडरूम की दीवार पर अपने मनपसंद स्टिकर्स चिपका देते हैं। सफाई के दौरान जब हम इन्हें निकालने की कोशिश करते हैं, तो ये बीच से फट जाते हैं या पेंट के साथ उखड़ जाते हैं। इससे पूरे कमरे की खूबसूरती पर असर पड़ता है। अगर आप भी दीवारों पर लगे इन जिद्दी स्टिकर्स को हाथ से जबरदस्ती खींचकर निकालती हैं, तो ऐसा करने के बजाय हेयर ड्रायर की एक साधारण सी ट्रिक आजमाकर स्टिकर्स को आसानी से निकाल सकती हैं।
हेयर ड्रायर की मदद से दीवार से जिद्दी स्टिकर कैसे हटाएं?
महिलाएं अक्सर हेयर ड्रायर का इस्तेमाल बालों के लिए करती हैं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि यही हेयर ड्रायर दीवार से जिद्दी स्टिकर्स निकालने में भी बेहद मददगार साबित हो सकता है। आइए जानते हैं इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका -
(image credit: pinterest/House Digest)
हेयर ड्रायर से स्टिकर हटाने का आसान तरीका
हेयर ड्रायर से स्टिकर हटाने के लिए सबसे पहले हेयर ड्रायर को हाई हीट पर सेट करें। इसके बाद ड्रायर को स्टिकर से लगभग 3 से 5 इंच की दूरी पर रखकर उसके कोनों पर गर्म हवा दें। ऐसा आपको कम से कम 2 मिनट तक करना है। गर्म हवा से स्टिकर के पीछे लगा गोंद पिघलकर ढीला हो जाता है, जिससे स्टिकर आसानी से निकल आता है। गोंद नरम होने के बाद आप किसी पतले ब्लेड, स्केल या क्रेडिट कार्ड की मदद से स्टिकर को कोने से धीरे-धीरे हटा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- दीवारों में नमी है या सीलन? एल्युमिनियम फॉयल की मदद से मिनटों में ऐसे लगाएं पता
स्टिकर हटाने के बाद दीवार की सफाई कैसे करें?
हेयर ड्रायर की ट्रिक से स्टिकर तो हट जाता है, लेकिन कई बार दीवार पर गोंद के चिपचिपे निशान रह जाते हैं। इन्हें साफ करने के लिए आप इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकती हैं -
- सबसे पहले एक साफ सूती कपड़े पर थोड़ा सा नारियल तेल लें।
- इस कपड़े से गोंद वाले हिस्से पर हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मालिश करें।
- तेल लगने से गोंद का असर धीरे-धीरे खत्म होने लगता है।
- लगभग 5 मिनट बाद किसी सूखे व साफ कपड़े से उस जगह को पोंछ दें।
- इस आसान तरीके से गोंद के सारे जिद्दी निशान पूरी तरह साफ हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Termite Removal Hacks: दीमक ने दीवार को बनाया निशाना? 15 रुपये की इन 3 चीजों से पाएं छुटकारा
हेयर ड्रायर से स्टिकर हटाने के मुख्य फायदे
जोर जबरदस्ती से स्टीकर्स हटाने के बजाय अगर आप हेयर ड्रायर ट्रिक आजमाती हैं, तो आपको ये फायदे मिल सकते हैं-
- फायदे: इस ट्रिक से स्टिकर निकालने पर दीवार का पेंट या पपड़ी नहीं उखड़ती, जिससे आपके री-पेंट का खर्च बच जाता है।
- दीवार एकदम चिकनी और साफ दिखती है, जिस पर आप आसानी से नया वॉलपेपर या फोटो फ्रेम लगा सकती हैं।
अगर आप भी दीवार से स्टिकर हटाने के लिए उसे खुरचती या रगड़ती हैं, तो अब ऐसा करने के बजाय हेयर ड्रायर की यह आसान ट्रिक आजमाएं और अपनी दीवारों को बिना नुकसान पहुंचाए साफ रखें। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
