ताजे और मीठे फल तोड़ने के लिए आपके पास बहुत बडा बगीचा या आंगन होना जरूरी नहीं है। कई ऐसे फल वाले पौधे हैं जो गमलों में बहुत आसानी से फल देने लगते हैं। एक गहरा गमला, सही मात्रा में धूप और समय-समय पर कटाई-छंटाई करके आप अपनी बालकनी में ही फल उगा सकते हैं। अगर आपके पास जगह कम है, तो आप अपने घर के लिए इन 5 फलदार पौधों का चुनाव कर सकते हैं। जानते हैं इनके बारे में...

कम जगह पर कौन से पौधे लगा सकते हैं?

आप कम जगह पर यहां दिए गए पौधे लगा सकते हैं, जानते हैं इनके बारे में...

1. फालसा

यह स्वादिष्ट फल नर्सरी में भले ही कम दिखाई दे, लेकिन गमले में उगाने के लिए यह बहुत ही बढ़िया ऑप्शन है। फालसा कम पानी में भी आसानी से जीवित रह सकता है। इसके खट्टे-मीठे फलों को सीधे खाया जा सकता है या फिर इनका शरबत बनाया जा सकता है। फालसा के पौधे में नई टहनियों पर ही फल आते हैं, इसलिए इसकी कटाई-छंटाई बहुत जरूरी है। दिसंबर से जनवरी का समय इसकी छंटाई के लिए सबसे सही होता है। ठंड के मौसम में इसके पत्ते गिर जाते हैं, इसलिए पौधा सूखा दिखने पर घबराएं नहीं।

2. अनार

अनार एक झाड़ीदार पौधा होता है जो बहुत कम जगह में आसानी से पनप जाता है, बस इसे सही मात्रा में धूप मिलनी चाहिए। इसे बीज से उगाने के बजाय नर्सरी से लाया गया स्वस्थ पौधा ही लगाएं। इसे किसी बड़े गमले या ड्रम में लगाएं जिसमें नीचे छेद हो। पौधे को सही आकार में रखने के लिए समय-समय पर इसकी कटाई करते रहें। गर्म हवा में गमले में लगा अनार लगभग 4 महीने में फल देने लगता है, जबकि ठंडे इलाकों में इसमें थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है।

3. नींबू (बारहमासी)

नींबू का पौधा ज्यादा लंबा नहीं होता, इसकी देखभाल करना आसान है और यह लगभग पूरे साल फल देता है। रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाला यह पौधा हर होम गार्डन की शान होता है। कुछ ही नींबू आपके रोज के काम के लिए काफी होते हैं। इस पौधे को ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो, मिट्टी में पानी न रुकता हो और समय-समय पर जैविक खाद मिलती रहे।

4. अमरूद

अमरूद का पौधा भी गमलों में बहुत अच्छे से बढ़ता है और 1 से 2 साल के अंदर फल देने लगता है। इसके लिए किसी खास विदेशी किस्म को तलाशने की जरूरत नहीं है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने इलाहाबादी सफेदा और ललित जैसी आम किस्मों को गमले में उगाने के लिए सही बताया है। फल तोड़ने के बाद पौधे की हल्की छंटाई करने से यह घना और छोटे आकार में बना रहता है।

5. बेर (इंडियन जुजुब)

बेर एक बहुत ही मजबूत पौधा है जो तेज गर्मी और पानी की कमी को भी आसानी से झेल जाता है। जो लोग बागवानी की शुरुआत कर रहे हैं, उनके लिए यह पौधा एकदम सही है। यह पौधा भी गमले में उगाने के लिए सुझाई गई सूची में शामिल है। चूंकि बेर की जड़ें गहराई तक जाती हैं, इसलिए इसके लिए गहरे गमले का चुनाव करें और इसे ऐसी जगह रखें जहां पूरे दिन धूप आती हो।

गमले का सही आकार

जमीन पर लगाए जाने वाले फलदार पौधे बहुत बड़े होते हैं, इसलिए लंबे समय के लिए 20 इंच चौडा और 24 से 36 इंच गहरा गमला सबसे अच्छा माना जाता है। आप शुरुआत में छोटे गमले का इस्तेमाल कर सकते हैं और पौधे के बडे होने पर उसे बड़े गमले में शिफ्ट कर सकते हैं। कई लोग 10 से 16 इंच के गमले में भी फल वाले पौधे आसानी से उगा लेते हैं। ध्यान रखें कि गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए।

कम जगह और सीमित संसाधनों में भी आप अपने घर की बालकनी को हरा-भरा बना सकते हैं। सही देखभाल, धूप और सही गमले के चुनाव से आप घर पर ही ताजे फलों का आनंद ले सकते हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।