नए कपड़े खरीदने की खुशी तब फीकी पड़ जाती है जब घर पहुंचकर पता चलता है कि स्टोर वाले उस पर लगा इलेक्ट्रॉनिक सिक्योरिटी टैग हटाना भूल गए हैं। ऐसे में डर यह रहता है कि टैग जबरन खींचने से नया कपड़ा फट जाएगा या उसमें से निकलने वाली स्याही कपड़े पर फैल जाएगी। अक्सर लोग इसे हटाने के लिए किसी धारदार कैंची या हथौड़े का इस्तेमाल करने की सोचते हैं, जो कि खतरनाक हो सकता है।

क्या आपको पता है कि आप बिना कपड़ा फाड़े और बिना किसी नुकसान के इस जिद्दी टैग को घर पर ही आसानी से हटा सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको 4 ऐसे सुरक्षित तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना किसी परेशानी के इस समस्या से छुटकारा पा सकती हैं।

नए कपड़ों पर लगा सिक्योरिटी टैग कैसे निकालें?

अगर आप मॉल से कपड़ा खरीदकर लाई हैं, लेकिन उसमें सिक्योरिटी टैग लगा रह गया है, तो आप परेशान होने के बजाय नीचे बताए गए तरीके आजमा सकती हैं।

1. मजबूत रबर बैंड या इलास्टिक की मदद से हटाएं सिक्योरिटी पिन

सिक्योरिटी टैग को हटाने के सबसे लोकप्रिय और सुरक्षित तरीकों में से एक है। इसके लिए आपको एक मोटा और मजबूत रबर बैंड चाहिए होगा। सबसे पहले टैग के पिन वाले हिस्से को अपनी उंगलियों से पकड़ें। अब रबर बैंड को टैग के उस हिस्से के चारों ओर कसकर लपेटना शुरू करें जहां इंक चैंबर या पिन का लॉक होता है। रबर बैंड को जितना हो सके टाइट और कई परतों में लपेटें ताकि वह पिन और लॉक के बीच दबाव बना सके।

Image Credit-magnific

इसके बाद, एक हाथ से टैग के बड़े हिस्से को पकड़ें और दूसरे हाथ से पिन को बाहर की तरफ खींचें। रबर बैंड के दबाव से लॉक की ग्रिप ढीली हो जाती है और पिन आसानी से बाहर निकल आता है।

2. पतले और मजबूत स्क्रू ड्राइवर का इस्तेमाल

अगर टैग पर प्लास्टिक की बॉडी थोड़ी मजबूत है और रबर बैंड काम नहीं कर रहा, तो आप एक बारीक चपटे मुंह वाला स्क्रू ड्राइवर का उपयोग कर सकती हैं। इस प्रक्रिया में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत होती है ताकि कपड़ा बीच में न आए।

टैग के प्लास्टिक कवर के जोड़ या किनारे पर स्क्रू ड्राइवर की नोक को रखें। अब धीरे-धीरे और हल्के हाथों से दबाव डालते हुए प्लास्टिक की परतों को ऊपर उठाने या चटकाने की कोशिश करें। जैसे ही प्लास्टिक का कवर खुलेगा, उसके अंदर मौजूद धातु का स्प्रिंग और क्लैंप बाहर आ जाएगा, जिससे पिन अपने आप छूट जाएगी। ध्यान रखें कि यह तरीका करते समय हाथ पर चोट न लगे।

3. मैगनेट का करें इस्तेमाल

स्टोर पर कैशियर जिस मशीन से टैग हटाते हैं, उसके अंदर एक बहुत शक्तिशाली चुंबक होता है जो टैग के अंदर मौजूद बॉल-बेयरिंग मैकेनिज्म को अपनी ओर खींच लेता है और पिन फ्री हो जाती है। यदि आपके पास घर में कोई शक्तिशाली न्यॉडिमियम मैगनेट या किसी बड़े स्पीकर का मजबूत चुंबक है, तो इसका उपयोग किया जा सकता है। टैग के उस गोल या उभरे हुए हिस्से को चुंबक के ऊपर रखें जहां लॉक होता है।

Image Credit-ama

चुंबक की मैगनेटिक पावर से अंदर का स्प्रिंग लॉक अपनी जगह से हिल जाएगा। इसके बाद पिन को थोड़ा सा हिलाकर खींचें, वह बिना किसी रुकावट के बाहर आ जाएगा।

4. प्लास से पिन को काटकर हटाएं सिक्योरिटी पिन

प्लास से पिन को काटना या मोड़ना लास्ट ऑप्शन है, जब बाकी तरीके काम न करें। इसमें आपको एक सामान्य घरेलू प्लायर या प्लास की आवश्यकता होगी। कपड़े को किसी सुरक्षित जगह पर मोड़ लें ताकि वह प्लायर की पकड़ में न आए। टैग के पिन वाले मेटल डंडी को प्लायर से कसकर पकड़ें।

Image Credit-magnific

अब प्लायर की मदद से पिन को आगे-पीछे मोड़ना शुरू करें। मेटल लगातार मोड़ने से कमजोर होकर टूट जाता है। एक बार पिन के टूटने या ढीला होने पर टैग के दोनों हिस्से अलग हो जाएंगे और आपका कपड़ा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

इन आसान और सुरक्षित तरीकों को अपनाकर आप बिना किसी शोर-शराबे और बिना कपड़े को नुकसान पहुंचाए सिक्योरिटी टैग को घर पर ही हटा सकती हैं। अगली बार जब यह परेशानी आए तो घबराने के बजाय ये तरीके आजमा सकती हैं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai