त्योहारी सीजन में कंपनियां नई गाड़ी लान्च के एडवांस बुकिंग आफर के साथ पुरानी गाड़ियों पर भी कई तरह के आफर्स निकालती है। इन आफर्स के लालच में कई लोग गाड़ी बगैर देखे ही बुकिंग भी कर देते हैं ताकि उनके हाथ से ये सुहाने आफर निकल न जाए, लेकिन कई बार ऐसा करना उनके लिए नुकसानदेह साबित होता है। इसलिए गाड़ी खरीदने से पहले केवल आफर देखकर प्रभावित न हों, साथ में इंश्योरेंस, आन रोड कीमत, एक्सेसरीज, लोन आदि कहां सही कीमत पर मिल रहे हैं इसकी पूरी जांच करने के बाद फैसला लेना चाहिए।
असल में फेस्टिवल के वक्त गाड़ियों के बंपर डिस्काउंट्स लुभावने जरूर होते हैं, लेकिन उनके पीछे छिपे हुए चार्जेज आपको भारी पड़ सकते हैं। इसलिए गाड़ी खरीदने से पहले उसके एडवांस बुकिंग आफर के अलावा किन जानकारियों को समझना जरूरी है ताकि आफर्स के चक्कर में आपसे गलत फैसला न हो जाए, बता रहे हैं ऑटो एक्सपर्ट अविक चट्टोपाध्याय।
ऑनलाइन रिसर्च करें
त्योहारों पर गाड़ियों के आफर वाले विज्ञापन देखकर लोग अपने पास के शोरुम जाकर ही गाड़ी खरीदने का फैसला कर लेते हैं, उन्हें यह समझ नहीं आता कि केवल शोरूम के डिस्काउंट और आफर्स देखकर गाड़ी बुक करना घाटे का सौदा हो सकता है। इसलिए एक्सपर्ट गाड़ियों के आनलाइन प्लेटफार्म पर और दूसरे डिलर्स की कीमतों को चेक करने की सलाह देते हैं। अगर आप थोड़ी सी रिसर्च करें, तो एक्स-शोरुम की कीमत के साथ-साथ आप कार इंश्योरेंस, एक्सेसरीज और एक्सचेंज बोनस में हजारों रुपये की भारी बचत कर सकते हैं।
कीमत और ऑफर की करें तुलना
कार खरीदने से पहले कम से कम दो से तीन डीलरों से उसकी गाड़ी पर चल रहे आफर की तुलना जरूर करें। फेस्टिव सीजन में आफर आकर्षक जरूर होते हैं, लेकिन सही डील वही है जिसमें डिस्काउंट के बाद भी कार की कुल लागत आपके बजट में रहे। इसलिए सिर्फ आफर देखकर नहीं, बल्कि पूरी आन रोड कीमत, इंश्योरेंस और भविष्य की ईएमआई को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहिए।
यह है एक्सपर्ट की सलाह
आटो एक्सपर्ट अविक चट्टोपाध्याय बताते हैं कि त्योहारों के मौसम में गाड़ी लेने से पहले खासकर ग्राहकों के फीडबैक, इंटरनेट मीडिया पर उस गाड़ी से संबंधित क्या प्रतिक्रियाएं हैं, उनकी जांच करना समझदारी का फैसला होता है। मोटर बीम, कार वाले जैसी विश्वसनीय वेबसाइट्स पर जाकर गाड़ी से जुड़ी फाइनेंशियल जानकारी ले लेना मददगार साबित हो सकता है। हां, इसके साथ ही गाड़ी की टेस्ट ड्राईव लेने से भी आपको सही फैसला लेने में मदद मिल सकती है। केवल कैश डिस्काउंट देखकर गाड़ी खरीदना सही नहीं होता, बल्कि गाड़ी सर्विस, वारंटी, रोड साइड इंश्योरेंस आदि पहलु ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं। एक बात और ध्यान रखने की है गाड़ी के लोन के लिए डीलरशिप पर भरोसा करने से बेहतर है अपने निजी बैंक से बात करें, इससे आपको सही दर में लोन मिल सकता है।
नोट- यह लेख सुमन अग्रवाल ने लिखा है।
यह भी पढ़ें- Online Shopping का डिब्बा फेंकने से पहले देख लें ये Details, वरना बाद में पड़ सकता है पछताना
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-magnifice (all images)
