Mirch Plant Care Tips: बागवानी का शौक रखने वाली महिलाएं अपने घर की छत या बालकनी में अलग-अलग प्रकार के पौधे लगाते हैं। इसमें फूल से लेकर सब्जियों के पौधे शामिल होते हैं खासकर हरी मिर्च और धनिया। हालांकि, कई बार लोगों की शिकायत होती है कि उन्होंने मिर्ची का पौधा तो लगा लिया है, लेकिन उसमें बार-बार कीड़े लग जाते हैं या फिर फूल खिलने के कुछ दिनों बाद झड़ जाते हैं। सीधे शब्दों में कहा जाए, तो पौधे पर मिर्च की संख्या बहुत कम या न के बराबर देखने को मिलती है। अगर आपने अपने गार्डन में मिर्च का पौधा लगा रखा है, लेकिन मनमुताबिक रिजल्ट नहीं मिल रहा है, तो आप गार्डनर कविता तिवारी का बताया गया नुस्खा आजमा सकती हैं। नीचे लेख में पढ़ें पूरा तरीका।
मिर्च के पौधे पर भरपूर मात्रा में फल पाने के लिए क्या करें?
जब भी हम अपने बगीचे में फूल या फिर किसी फल या सब्जी का पौधा लगाते हैं, तो यही चाहते हैं कि अच्छा रिजल्ट मिलें। मगर दुख तब होता है, जब देखभाल के बाद भी मनमुताबिक उसमें फूलों की संख्या या सब्जियां न निकले। अगर गमले में लगे मिर्च के पौधे में आपके हिसाब से मिर्चियां नहीं निकल रही हैं, तो शैंपू के स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं।
मिर्च के पौधे के लिए शैंपू का स्प्रे कैसे बनाएं?
- इसके लिए 1 लीटर पानी में केवल आधा चम्मच शैंपू मिलाएं।
- आप चाहें तो इसमें आधी चम्मच नीम का तेल या चुटकी भर हल्दी मिला सकती हैं।
- इसके बाद घोल को स्प्रे बोतल में भरें और पत्तियों के ऊपरी तथा निचले हिस्सों पर अच्छी तरह छिड़कें।
- स्प्रे हमेशा सुबह-सुबह या शाम के समय करें। तेज धूप में छिड़काव करने से पत्तियां जल सकती हैं।
- छिड़काव के 2-3 घंटे बाद पौधे को सादे पानी से हल्का धो दें।
शैंपू वाला पानी मिर्ची के पौधे की समस्या को कैसे दूर करता है?
अब सवाल आता है कि मिर्ची के पौधे की समस्या शैंपू वाले पानी से कैसे दूर होता है? बता दें कि शैंपू वाला पानी मिर्ची के पौधे पर छिपे एफिड्स और सफेद मक्खी जैसे छोटे कीड़ों की बाहरी मोमी परत को पिघला देता है। ऐसे में उनके सांस लेने वाले छिद्रों को बंद कर देता है, जिससे वे मर जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- Gardening Tips: गुलाब का पौधा फूलों से भर जाएगा, बस चायपत्ती के साथ मिलाकर डालें यह 1 चीज
मिर्ची के पौधे में फल पाने के लिए कौन सी खाद डालना सही?
हर 15 से 20 दिन में गमले या पौधे की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके 200 से 300 ग्राम सड़ी हुई गोबर की खाद डालें। इसके अलावा सरसों की खली का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए इसे पानी में भिगोकर पतला घोल बनाकर (लगभग 50 मिलीलीटर प्रति गमला) डालें। ऐसा करने से पौधे पर मिर्च अधिक मात्रा में आती हैं।
इसे भी पढ़ें- September Gardening Tips: घर पर ही लगा लें ये पौधे, ठंड में मिलेंगी ताजी सब्जियां
यकीनन अगर आपके पौधे पर कीड़ों का हमला नहीं होगा और समय पर आप इसे खाद और पानी देंगी, तो आप अपने मनमुताबिक फल पा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Shutterstock, Magnific
