बेडरूम की खूबसूरती केवल महंगे पर्दों, सुंदर बेडशीट या आकर्षक फर्नीचर से नहीं बल्कि बेड पर बिछे गद्दे की अच्छी हालत भी कमरे के लुक को बेहतर बनाती है। कई बार गद्दे के किनारे बैठने की वजह से दबने लगते हैं या बीच का हिस्सा धंस जाता है। इससे बेड न केवल पुराना दिखने लगता है, बल्कि सोने में भी परेशानी हो सकती है। अगर आपके बेडरूम का गद्दा बैठने पर बार-बार दब जा रहा है, तो नीचे लेख में बताए गए तरीके से इसे लंबे समय तक बेहतर रखा जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसी स्मार्ट ट्रिक्स, जो गद्दे को समय से पहले खराब होने से बचाने में मदद करेंगी।
गद्दे को समय-समय पर घुमाएं
गद्दे के एक ही हिस्से पर रोजाना सोने या बैठने से वहां दबाव ज्यादा पड़ता है। धीरे-धीरे उस हिस्से में गड्ढा बनने लगता है और गद्दे की सतह असमान हो जाती है। इससे बचने के लिए गद्दे को समय-समय पर घुमाना जरूरी है। अगर गद्दे का डिजाइन दोनों तरफ इस्तेमाल करने की अनुमति देता है, तो उसे पलट भी सकते हैं।
Image Credit-magnifci
हर तीन महीने में गद्दे को सिरहाने की तरफ से पैरों की तरफ और पैरों की तरफ से सिरहाने की तरफ घुमाएं। इससे शरीर का दबाव अलग-अलग हिस्सों में बंटता है और गद्दे पर एक जगह ज्यादा भार नहीं पड़ता। हालांकि, कुछ गद्दे केवल एक तरफ इस्तेमाल करने के लिए बनाए जाते हैं, इसलिए उन्हें पलटने से पहले निर्माता के निर्देश जरूर देखें।
इसे भी पढ़ें- सिर्फ धूप दिखाना काफी नहीं, सर्दियों से पहले कंबल-रजाई को फ्रेश रखने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके
गद्दे के दबे हुए हिस्से में तकिया रखें
अगर गद्दे का कोई किनारा हल्का दब गया है और तुरंत नया गद्दा खरीदना संभव नहीं है, तो अस्थायी तौर पर तकिए या फोल्ड किए हुए कंबल का इस्तेमाल किया जा सकता है। गद्दे के नीचे दबे हिस्से में मुलायम, सपाट तकिया रखकर सतह को कुछ हद तक बराबर किया जा सकता है। इससे बेड का लुक भी थोड़ा बेहतर दिखाई दे सकता है।
Image Credit-magnific
हालांकि, यह कोई परमानेंट सॉल्यूशन नहीं है। तकिया रखने से गद्दे के अंदर खराब हो चुके स्प्रिंग या फोम ठीक नहीं होते। अगर गद्दा बहुत ज्यादा धंस गया है या सोते समय कमर में दर्द होने लगा है, तो गद्दे को बदल लें। गद्दे के ऊपर अच्छी क्वालिटी का मैट्रेस टॉपर लगाने से भी हल्की असमानता को कुछ समय के लिए कम किया जा सकता है।
बेड का फाउंडेशन भी चेक करें
कई बार गद्दा नहीं, बल्कि उसके नीचे लगा बेड का फाउंडेशन या लकड़ी की पट्टियां कमजोर होने लगती हैं। अगर बेड के बीच में सपोर्ट कम है, पट्टियां टूट गई हैं या उनका अंतर ज्यादा है, तो गद्दा दबने लगता है। ऐसे में केवल गद्दे की देखभाल करने से समस्या दूर नहीं होगी।
Image Credit-magnific
समय-समय पर गद्दे को हटाकर बेड का बेस चेक करें। देखें कि लकड़ी की पट्टियां अपनी जगह पर हैं या नहीं और बीच का सपोर्ट मजबूत है या नहीं। अगर कोई पट्टी ढीली या टूटी हुई है, तो उसे ठीक करवाएं। मजबूत और समतल फाउंडेशन गद्दे को सही सहारा देता है और उसकी उम्र बढ़ाने में मदद करता है।
बेड पर बैठने की आदत बदलें
अक्सर लोग बेड के एक ही किनारे पर बैठकर कपड़े पहनते हैं, मोबाइल चलाते हैं या लंबे समय तक बातचीत करते हैं। लगातार एक जगह भार पड़ने से गद्दे के किनारे जल्दी दब सकते हैं। इसलिए कोशिश करें कि बेड के अलग-अलग हिस्सों पर बैठें और किनारे पर बहुत ज्यादा दबाव न डालें।
Image Credit-magnific
बच्चों को गद्दे पर लगातार कूदने से भी रोकें, क्योंकि इससे फोम और स्प्रिंग पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। गद्दे को साफ रखने के लिए मैट्रेस प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करें और समय-समय पर बेडशीट बदलें। इससे धूल, पसीने और नमी से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलती है।
गद्दे की उम्र और हालत पर भी दें ध्यान
हर गद्दे की उम्र उसकी क्वालिटी, इस्तेमाल और देखभाल पर निर्भर करती है। अगर गद्दे में गहरे गड्ढे बन गए हैं, किनारे लगातार दब रहे हैं या सोने के बाद शरीर में दर्द महसूस होता है, तो उसे बदलने की जरूरत हो सकती है। केवल बेडशीट या टॉपर बदलकर ऐसी समस्या को लंबे समय तक छिपाना सही नहीं है।
गद्दे की नियमित देखभाल, सही सपोर्ट और इस्तेमाल की आदतों में छोटे बदलाव करके बेडरूम का लुक बेहतर रखा जा सकता है। इससे गद्दा जल्दी खराब होने से बच सकता है और आपको आरामदायक नींद भी मिल सकती है। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit-main image (ai)
