How To Prevent Shoelaces From Untying: सुबह ऑफिस जाने की जल्दी हो या पार्क में टहलने का समय, जूतों के फीते बार-बार खुल जाना कई बार परेशानी का कारण बन जाता है।कई बार हम चलते-चलते रुककर फीते बांधते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद वे फिर खुल जाते हैं। रुक-रुककर बार-बार फीता बांधने की वजह से गुस्सा आने लगता है और बेवजह मन चिड़चिड़ा हो जाता है। इतना ही नहीं बल्कि चलते या दौड़ते समय ठोकर लगने का खतरा भी पैदा कर सकती है। मगर आप अगर फीता बांधने का तरीका बदल देती हैं, तो इस समस्या से छुटकारा पा सकती हैं। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे आसान ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिसे अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जूते के फीते बार-बार न खुलें, इसके लिए क्या करें?

जूते के फीते बार-बार खुलना आम बात है, लेकिन अगर कुछ आसान तरीके आजमा लिए जाएं तो आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकती हैं। नीचे जानें कैसे?

1. नॉर्मल गांठ की जगह डबल गांठ लगाएं

अगर आपके जूतों के फीते चलते समय बार-बार खुल जाते हैं, तो डबल गांठ बांध सकती हैं। इसके लिए पहले फीते को सामान्य तरीके से बांधें। इसके बाद बने हुए दोनों लूप को आपस में एक बार और बांध दें। इससे गांठ को अतिरिक्त पकड़ मिलती है और उसके जल्दी खुलने की आशंका कम हो जाती है।

यह तरीका उन लोगों के लिए काम का है, जिन्हें ऑफिस, कॉलेज या बाजार जाते समय बार-बार रुककर फीते बांधने पड़ते हैं। हालांकि, गांठ इतनी कसी हुई न रखें कि जरूरत पड़ने पर उसे खोलना मुश्किल हो जाए।

2. रैबिट ईयर तरीके से बांधे जूते के फीते

बच्चों को जूते के फीते बांधना सिखाने के लिए इस्तेमाल होने वाला रैबिट ईयर तरीका बड़ों के लिए भी उपयोगी है। इसमें फीते को बांधने के बाद दोनों सिरों से दो छोटे लूप बनाए जाते हैं। इन लूप को एक-दूसरे के ऊपर क्रॉस करके गांठ लगाई जाती है। इसके बाद लूप को खींचकर गांठ को ठीक से कस दिया जाता है। इस तरीके में दोनों लूप बराबर आकार के रखना और गांठ को सही ढंग से कसना जरूरी है। अगर गांठ ढीली होगी, तो फीते फिर से खुल सकते हैं।

3. फीते बांधने से पहले लंबाई को करें चेक

कई बार जूतों के फीते जरूरत से ज्यादा लंबे होते हैं। ऐसे में चलते समय वे किसी चीज में फंस सकते हैं या उनकी गांठ आसानी से ढीली पड़ सकती है। दूसरी ओर, बहुत छोटे फीते ठीक से गांठ बनाने के लिए काफी नहीं होते। इसलिए जूते खरीदते समय या पुराने जूतों के फीते बदलते समय उनकी लंबाई पर ध्यान दें। अगर फीते बांधने के बाद उनके सिरे जमीन के पास लटकते हैं, तो उन्हें जूते के अंदर सुरक्षित तरीके से समेटें। ध्यान रखें कि फीते इतने छोटे भी न हों कि उन्हें खोलने में परेशानी हो।

4. फीते बांधते समय डायरेक्शन करें चेक

सिर्फ गांठ कसना ही पर्याप्त नहीं है, उसे सही तरीके से बांधना भी जरूरी है। नॉर्मल गांठ बनाते समय अगर दोनों लूप सही ढंग से एक-दूसरे के ऊपर नहीं आते, तो गांठ कमजोर हो सकती है। इसका मतलब यह है कि बांधने के बाद गांठ सीधी और बैलेंस रहने के बजाय तिरछी दिखाई देती है। ऐसी स्थिति में गांठ खोलकर दोबारा बांधें और ध्यान दें कि दोनों लूप बराबर हों। सही तरीके से बनी गांठ आमतौर पर अधिक स्थिर रहती है। अगर इसके बाद भी फीते खुलते हैं, तो डबल गांठ या लॉकिंग टेक्निक आजमा सकती है।

5. रनिंग शूज के लिए अपनाएं हील लॉक टेक्निक

अगर आप दौड़ने या तेज चलने के लिए जूते पहनती हैं, तो हील लॉक टेक्निक अपनाएं। इसके लिए जूतों के ऊपर वाले हिस्से में मौजूद अतिरिक्त छेदों का इस्तेमाल किया जाता है। फीते को इन छेदों से इस तरह निकालें कि दोनों तरफ छोटे लूप बन जाएं। फिर एक तरफ के फीते को दूसरी तरफ के लूप से और दूसरे फीते को पहले लूप से निकालें। इसके बाद फीते खींचकर गांठ बांध लें। इससे एड़ी को जूते के अंदर बेहतर पकड़ मिल सकती है और जूता कम फिसलता है। 

6. पुराने या घिसे हुए फीते बदल दें

अगर आप कई तरीके आजमा चुकी हैं और फिर भी फीते खुल जाते हैं, तो उनकी स्थिति चेक करें। बहुत चिकने, घिसे हुए या अपनी पकड़ खो चुके फीते गांठ बांधने के बाद भी फिसल सकते हैं। ऐसे में इन्हें बदलना सही रहेगा। हमेशा जूतों के लिए थोड़ी बनावट वाले फीते चुनें, जिनकी लेयर गांठ को पकड़ बनाए रखने में मदद करे। इसके अलावा, फीते खरीदते समय उनकी मोटाई और जूतों के छेदों का आकार का भी ध्यान दें।

जूतों के फीते बांधते समय इन बातों का रखें ध्यान

फीते बांधने के बाद कुछ कदम चलकर देख लें कि गांठ अपनी जगह बनी हुई है या नहीं। दौड़ने से पहले भी फीते जांचना अच्छी आदत है। बहुत ढीले फीते जूते को पैर पर सही पकड़ नहीं देते, जबकि जरूरत से ज्यादा कसे फीते असुविधा पैदा कर सकते हैं। इसलिए गांठ को इतना कसें कि जूता आराम से फिट रहे और फीते सुरक्षित रहें। सही लंबाई के फीते और उपयुक्त गांठ का चुनाव करने से बार-बार फीते खुलने की परेशानी कम हो सकती है।

लेख में दिए गए तरीकों को आजमाकर आप जूते के फीते को बार-बार खुलने से बचा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Magnific (all images)