बरसात आते ही घर की चीजों को सीलन, नमी और बदबू से बचाना एक बड़ा टास्क बन जाता है। इस मौसम में जूते कब परेशानी का कारण बन जाते हैं, पता ही नहीं चलता। बारिश में भीगे हुए जूतों से आने वाली तेज बदबू से अक्सर लोग परेशान रहते हैं। अगर बरसात में आपके जूतों से भी बदबू आने लगी है, तो परेशान होने के बजाय इस लेख में बताएं गए 3 आसान और असरदार हैक्स को जरूर आजमाएं।

अक्सर बारिश के दौरान जूतों में पानी भर जाता है। जूते भीगने के बाद इससे आने वाली बदबू से हर किसी का मूड खराब हो जाता है। कई बार तो बदबू इतनी तेज होती है कि जूते फेंकने तक की नौबत आ जाती है, लेकिन अब आप नीचे बताए गए कुछ हैक्स को आजमाकर बदबू को दूर कर सकती हैं। 

1. बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें 

जूतों से आने वाली बदबू को कम करने में बेकिंग सोडा बहुत काम आता है। इसके लिए एक बड़े टब में पानी लें और उसमें एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें। अब अपने जूतों को उस पानी में 20 से 25 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ दें। इसके बाद जूतों को बाहर निकालकर अच्छी तरह धूप में सुखा लें। कुछ दिनों तक आप इन्हें धूप में ही रखें। जहां हवा आए, ऐसी जगह पर इन शूज को रखना सही होगा। हालांकि, यह हैक चमड़े के जूते पर नहीं आजमाया जा सकता है। चमड़े के जूतों के लिए आप बिना पानी के बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकती हैं। जूते के अंदर सूखा बेकिंग सोडा छिड़कें, फिर इसे रातभर के लिए छोड़ दें और सुबह झाड़ दें।

2. पानी से निकालकर धूप या हीटर के सामने रखें

जब भी आपके जूते बारिश में भीग जाएं, तो सबसे पहले उनके अंदर का सारा पानी निकाल लें। इसके बाद जूतों को उल्टा करके रख दें। जूतों को ऐसी जगह पर रखें जहां सीधी धूप आती हो। अगर मानसून के कारण धूप नहीं निकल रही है, तो आप इन जूतों को कुछ समय के लिए रूम हीटर के सामने भी रख सकती हैं। इससे जूतों की नमी और बदबू दोनों खत्म हो जाएगी।    

यह भी पढ़ें- बारिश में भीगे जूतों की बदबू ऐसे करें दूर, जानें 10 मिनट में सूखाने का तरीका

3. अखबार या टिश्यू पेपर का हैक

तीसरी और सबसे जरूरी तरकीब है अखबार या टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करना। सबसे पहले भीगे हुए जूतों के अंदर ढेर सारा अखबार या टिश्यू पेपर भर दें। जब आप ऐसा करेंगी, तो कागज जूतों के अंदर का सारा पानी अपने आप सोख लेगा। इसके बाद आप जूतों को उल्टा करके किसी हवादार जगह या धूप में रख सकती हैं। इन जूतों को सुखाने के लिए आप हीटर का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

  • जूतों को कम से कम 1 से 2 दिन तक सुखने दें।
  • जब भी हल्की धूप निकले या हवा हो, जूतों को बाहर खुले में रखें।
  • हेयर ड्रायर से कुछ दूरी पर रखकर जूते सुखा सकती हैं।  

इन तीन आसान और स्मार्ट तरीकों की मदद से आप जूतों की बदबू को आसानी से दूर कर सकती हैं और उन्हें एकदम फ्रेश बना सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हरजिंदगी से।

Image Credit : magnific