आज के समय में हम सभी घर के लिए फर्नीचर बाजार से खरीदकर लाते हैं, जबकि पहले के लोग लकड़ी खरीदकर अपने सामने बढ़ई से बनवाते थे। इसका फायदा यह होता था कि वह फर्नीचर दो-चार साल नहीं बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलता था। वहीं, अब लोगों की शिकायत रहती है कि लकड़ी से बने फर्नीचर कुछ सालों में ही खराब या टूट जाते हैं। अगर आप अपने घर के बेड, अलमारी या फिर तखत को सालों-साल सुरक्षित रखना चाहती हैं, तो आज हम आपको ऐसी लकड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे फर्नीचर बनवाते समय इस्तेमाल करना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
फर्नीचर बनवाने के लिए कैसी लकड़ी चुनें?
घर के फर्नीचर को मजबूत और पीढ़ियों तक टिकाऊ बनाने के लिए सही लकड़ी का चुनाव करना बहुत जरूरी है। नीचे बताए गए प्वाइंट से जानें मजबूत लकड़ियों के बारे में बताया गया है, जिनका इस्तेमाल करके आप अपने बेड, अलमारी और तखत को सालों-साल सुरक्षित रख सकती हैं।
सागौन की लकड़ी
सागौन की लकड़ी फर्नीचर के लिए सबसे प्रीमियम और बेहतरीन लकड़ी मानी जाती है। इसमें प्राकृतिक तेल होते हैं, जो इसे पानी और नमी से बचाते हैं। इस लकड़ी पर न तो आसानी से दीमक लगती है और न ही मौसम बदलने पर यह सिकुड़ती या चटकती है। इससे बना फर्नीचर दशकों तक खराब नहीं होता।
शीशम की लकड़ी
शीशम एक बेहद मजबूत, भारी और घनी लकड़ी है, जिसका उपयोग भारत में पारंपरिक रूप से बेड, सोफा और डाइनिंग सेट बनाने के लिए किया जाता है। यह नेचुरल रूप से टर्माइट-रोधी होती है। इसकी बनावट बहुत सुंदर होती है और पॉलिश करने के बाद यह बेहद आकर्षक दिखती है।
साखू या साल की लकड़ी
साल या साखू की लकड़ी अपनी अत्यधिक मजबूती और कठोरता के लिए जानी जाती है। यह लकड़ी इतनी सख्त होती है कि इसका उपयोग मुख्य रूप से घर के दरवाजे, खिड़कियों के चौखट और भारी फर्नीचर की बनावट में किया जाता है। यह नमी वाले स्थानों पर भी लंबे समय तक टिकी रहती है।
आम की लकड़ी या महानीम
अगर आप बजट में मजबूत विकल्प ढूंढ रही हैं, तो पुरानी और परिपक्व आम के पेड़ का अंदरूनी हिस्सा या महानीम (बकायन) की लकड़ी भी उपयोगी होती है। इस महानीम जैसी लकड़ियों में नेचुरल इंसेक्ट-रिपेलेंट गुण होते हैं, जो कीड़ों और दीमक को दूर रखने में मदद करते हैं।
कोई भी लकड़ी चुनते समय ध्यान रखें कि वह पूरी तरह सूखी और परिपक्व होनी चाहिए, क्योंकि कच्ची लकड़ी बाद में सूखने पर मुड़ जाती है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik,AI
