गार्डनिंग का शौक काफी महिलाओं को होता है। सर्दियों का मौसम गार्डनिंग के शौकीनों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होता। नवंबर की हल्की ठंड में कई ऐसे फूलों वाले पौधे लगाए जा सकते हैं, जो कुछ ही समय में आपके घर, बालकनी और गार्डन को रंग-बिरंगे फूलों से सजा देते हैं। इस समय पर आप बालकनी या टेरेस गार्डन में कई ऐसे पौधे लगा सकती हैं, जो 20 रुपये में आसानी से मिल जाते हैं और जिन्हें ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती है। अगर आप भी कम बजट में अपने घर को खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो नवंबर में ये 4 पौधे जरूर लगाएं।

1. गेंदा

गेंदा एक ऐसा फूल है, जो सर्दियों में आपको लगभग सभी की बालकनी में मिल जाएगा। ये पौधे काफी छोटे होते हैं और सस्ते मिलते हैं। सर्दियों के मौसम में गेंदे के फूलों की खूबसूरती देखते ही बनती है। पीले और नारंगी रंग के ये फूल गार्डन को खूबसूरत लुक देते हैं। गेंदा कम देखभाल में भी अच्छी तरह खिलने वाला पौधा है। नवंबर में आप इसकी छोटी पौध नर्सरी से खरीदकर गमले में लगा सकती हैं। इसे हल्की धूप में रखने और बीच-बीच में पानी देने से रंग-बिरंगे गेंदे के फूलों से बालकनी भर जाएगी।

2. कैलेंडुला का पौधा

कैलेंडुला को पॉट मैरीगोल्ड भी कहा जाता है। इसके पीले और नारंगी फूल सर्दियों में गार्डन की रौनक बढ़ा देते हैं। यह पौधा बहुत ज्यादा देखभाल नहीं मांगता। आप इसे छोटे या मध्यम आकार के गमले में आसानी से लगा सकती हैं। यह पौधा कम पानी और नॉर्मल मिट्टी में भी आसानी से ग्रो करेगा। सूखे फूलों को समय-समय पर हटाने से नए फूल आने में मदद मिलती है।

3. एलिसम का पौधा

एलिसम छोटे-छोटे फूलों वाला खूबसूरत पौधा है। इसके सफेद, गुलाबी और बैंगनी फूल गमलों के किनारों और गार्डन की क्यारियों में बेहद सुंदर लगते हैं। इसकी हल्की मीठी खुशबू भी काफी प्यार होती है। इसे नवंबर में लगाया जा सकता है। एलिसम को हल्की धूप और नॉर्मल मिट्टी में रखना चाहिए, पानी जमा न होने दें।

4. पेटुनिया का पौधा

पेटुनिया सर्दियों में खिलने वाले खूबसूरत फूलों में से एक है। इसके फूल गुलाबी, सफेद, बैंगनी, लाल और कई दूसरे रंगों में मिलते हैं। यह पौधा बालकनी और हैंगिंग बास्केट में भी काफी सुंदर लगता है। नवंबर में इसकी पौध लगाने के लिए अच्छा समय है। इसे ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त धूप मिले। इसकी मिट्टी हल्की नम रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें।

सर्दियों में फूलों वाले पौधों की देखभाल कैसे करें?

सर्दियों में फूलों के पौधे लगाने के साथ उनकी सही देखभाल करना भी जरूरी है। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें-
पौधों को रोजाना पर्याप्त धूप वाली जगह पर रखें।

  • गमले में पानी जमा न होने दें, वरना जड़ें खराब हो सकती हैं।
  • मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर ही पानी डालें।
  • समय-समय पर सूखी पत्तियां और मुरझाए फूल हटाते रहें।
  • पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए थोड़ी मात्रा में वर्मी कंपोस्ट खाद डालें।

यह भी पढ़ें- Balcony Decoration Ideas: गेंदा, गुलाब और बोनसाई से महकाएं बालकनी, कम खर्च में आएगी रौनक


अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-AI/Gemini, Chat GPT