रोज के तड़के-भूनने और स्लैप साफ करने में किचन टॉवल सबसे ज्यादा गंदा होता है। हाथ पोंछो तो तेल, बर्तन पोंछो तो मसाला। दो दिन में ही टॉवल चिपचिपा और बदबूदार लगने लगता है। महंगे डिटर्जेंट से भी वो चिपचिपापन जाता नहीं है। क्या आप जानते हैं कि आपकी किचन में रखी 2-3 चीजें इस जिद्दी ग्रीस को जड़ से निकाल सकती हैं, वो भी बिना एक रुपया एक्स्ट्रा खर्च किए। आइए जानते हैं उन चीजों के बारे में।
क्यों नहीं निकलता तेल का दाग?
किचन टॉवल का कपड़ा आम कपड़ों से एकदम अलग होता है, वो तेल को सोख लेता है। ऊपर से हम उसे रोज धोते भी नहीं, जिससे तेल की परतें उसपर जमती चली जाती हैं। नॉर्मल पानी और साबुन इस परत को नहीं साफ कर पाता है। इसके लिए चाहिए एक ऐसा नेचुरल क्लीनर, जो तेल को पिघला दे और कपड़े को सॉफ्ट भी रखे।
Photo Credit: Pinterest (Penny Dane)
1. गर्म पानी में उबालना
किचन के गंदे कपड़े को गर्म पानी से धोने का नुस्खा बहुत ही पुराना है, जिसको हमारी दादी-नानी अपनी रसोई में आजमाती थीं। किचन के गंदे कपड़े को गर्म पानी से साफ करना बहुत ही आसान है। इसके लिए एक बड़े भगोने में पानी गर्म करें, उसमें टॉवल या कपड़े को डाल दें। फिर, पानी उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें। 10-12 मिनट तक टॉवल को उबलने दें। गर्मी से तेल पिघल कर पानी में आ जाएगा। इसके बाद कपड़े या टॉवल को चिमटे से निकालकर ठंडे पानी से डाल दें। ध्यान रखें, अगर टॉवल रंगीन है, तो बहुत देर तक न उबालें।
2. बेकिंग सोडा+सिरका का जादू
बेकिंग सोडा और सिरका, ये दोनों चीजें हर किचन में आसानी से मिल जाती हैं। एक बाल्टी गर्म पानी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा और आधा कप सफेद सिरका डालें। अब गंदे टॉवल को इसमें 1 घंटे के लिए भिगो दें। बेकिंग सोडा ग्रीस को काटेगा और सिरका बदबू और कीटाणुओं को खत्म करेगा। एक घंटे बाद टॉवल या कपड़े को हाथ से हल्का रगड़कर धो लें,टॉवल एकदम हल्का हो जाएगा।
Photo Credit: Pinterest (Foodie.com)
3. नींबू और नमक से करें स्क्रब
अगर कपड़े पर दाग बहुत पुराना है या कपड़ा काला पड़ गया है तो ये तरीका बेस्ट है। दाग वाली जगह पर खूब सारा नमक छिड़कें और ऊपर से आधा नींबू निचोड़ दें। 20 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। नमक तेल को सोख लेगा और नींबू का एसिड दाग को काट देगा। फिर, पुराने टूथब्रश से कपड़ को रगड़कर गर्म पानी से धो दें।
यह भी पढ़ें- Kitchen Hacks: आटा गूंथने समय डल गया ज्यादा पानी? बस आजमाएं ये सिंपल कुकिंग टिप्स, मिनटों में हो जाएगा परफेक्ट
4. डिशवॉश लिक्विड का स्मार्ट यूज
हम बर्तन का तेल निकालने के लिए डिशवॉश यूज करते हैं, वही टॉवल पर भी काम करता है। गुनगुने पानी में 1 चम्मच डिशवॉश जेल घोलें और टॉवल को रात भर के लिए भिगोकर छोड़ दें। डिशवॉश में मौजूद ग्रीस-कटिंग फॉर्मूला रात भर में सारा तेल निकाल देगा। सुबह नॉर्मल पानी से कपड़ और टॉवल को धो लें, कोई चिपचिपाहट नहीं रहेगी।
Photo Credit: Pinterest (English Country Market)
5. धूप में सुखाना न भूलें
टॉवल को धोने के बाद सबसे बड़ी गलती हम किचन में ही टांगकर कर देते हैं। इससे उसमें सीलन और बदबू आने लगती है। हमेशा टॉवल को धोने के बाद तेज धूप में 3-4 घंटे सुखाएं। धूप नेचुरल डिसइंफेक्टेंट है, इससे बचे हुए बैक्टीरिया भी मर जाते हैं और टॉवल में ताजगी बनी रहती है।
यह भी पढ़ें- चॉपिंग बोर्ड हाइजीन गाइड: जानिए बैक्टीरिया और जर्म्स के मामले में कौन सा बोर्ड है सबसे खतरनाक?
गंदे और तेल से सने किचन टॉवल को फेंकने की जरूरत नहीं है। महंगे साबुन या ब्लीच से कपड़ा और खराब होता है। घर में मौजूद बेकिंग सोडा, सिरका, नींबू और गर्म पानी ही आपके टॉवल को नया जैसा बना सकते हैं। हफ्ते में एक बार इनमें से कोई एक हैक अपना लें तो आपका किचन टॉवल हमेशा साफ, मुलायम और खुशबूदार रहेगा और किचन भी हाइजीनिक लगेगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
-1793260588135_m.webp)