घर के सिंपल किचन को मॉडर्न और लग्जरी बनाने के लिए आमतौर पर लोग तोड़-फोड़ करवाकर पूरा लुक बदलवाते हैं, जिसमें समय के साथ-साथ अच्छा-खासा पैसा भी खर्च हो जाता है। मगर क्या आप जानते हैं कि कम बजट में, बिना किसी झंझट के भी साधारण किचन को प्रीमियम लुक दिया जा सकता है? कई बार छोटी-छोटी चीजें ही पूरे किचन की काया पलट देती हैं, और कैबिनेट व ड्रॉअर के हैंडल भी इन्हीं में से एक हैं। अगर आपके किचन की अलमारियां या ड्रॉअर एकदम साधारण दिखते हैं, तो सही हैंडल चुनकर आप उन्हें स्टाइलिश और नया रूप दे सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको 8 ऐसे ही ट्रेंडी और मॉडर्न कैबिनेट हैंडल डिजाइंस के बारे में बताने जा रहे हैं।

8 ट्रेंडी और मॉडर्न कैबिनेट हैंडल डिजाइंस (8 Trendy Cabinet Handle Designs)

अगर आप अपने किचन में लगी अलमारी का हुलिया बदलने का सोच रहे हैं, तो हजारों रुपये खर्च करने के बजाय नीचे लेख में बताए गए कैबिनेट हैंडल डिजाइंस बदलकर इसे मॉडर्न लुक दे सकते हैं।

1. मैट ब्लैक कैबिनेट हैंडल

अगर आपके किचन में सफेद, क्रीम, ग्रे या हल्के रंग के कैबिनेट हैं, तो मैट ब्लैक हैंडल काफी अच्छे लगेंगे। इनका सादा और आकर्षक डिजाइन किचन को मॉडर्न लुक देता है। खास बात यह है कि इन पर चमकदार फिनिश नहीं होती, इसलिए उंगलियों के निशान भी कम नजर आते हैं। इन्हें लंबे बार डिजाइन या छोटे स्ट्रेट हैंडल के रूप में चुना जा सकता है।

Image Credit-ai

2. गोल्डन ब्रास हैंडल

किचन को रॉयल और लग्जरी लुक देना चाहते हैं, तो गोल्डन ब्रास हैंडल अच्छा विकल्प हैं। ये खासतौर पर सफेद, ऑफ व्हाइट, बेज और डार्क ग्रीन कैबिनेट के साथ खूबसूरत लगते हैं। ब्रश्ड गोल्ड फिनिश ज्यादा चमकदार न होकर सॉफ्ट और क्लासी दिखाई देती है। इससे साधारण कैबिनेट भी महंगे फर्नीचर जैसे नजर आ सकते हैं।

Image Credit-ai

3. लेदर स्ट्रैप हैंडल

अगर आप किचन में कुछ अलग और हटकर डिजाइन चाहते हैं, तो लेदर स्ट्रैप हैंडल चुन सकते हैं। इसमें कैबिनेट के दरवाजे पर चमड़े की पट्टी को स्क्रू की मदद से लगाया जाता है। यह डिजाइन मिनिमल और मॉडर्न इंटीरियर के साथ अच्छा लगता है। लकड़ी के कैबिनेट या सफेद अलमारियों के साथ भूरे रंग के लेदर हैंडल काफी आकर्षक दिखाई देते हैं।

Image Credit-ai

4. लॉन्ग बार हैंडल

लंबे और सीधे बार हैंडल आजकल मॉड्यूलर किचन में काफी पसंद किए जाते हैं। इनका डिजाइन सिंपल होने के साथ-साथ इस्तेमाल में भी सुविधाजनक होता है। बड़े कैबिनेट और चौड़े ड्रॉअर पर ये खासतौर पर अच्छे लगते हैं। स्टेनलेस स्टील, ब्लैक और ब्रश्ड गोल्ड फिनिश में इन्हें चुना जा सकता है।

Image Credit-amazon

5. टेक्सचर्ड या नर्ल्ड हैंडल

अगर आप किचन में हल्का डिजाइनर टच चाहते हैं, तो टेक्सचर्ड हैंडल चुन सकते हैं। इनकी सतह पर बारीक धारियां या उभरे हुए पैटर्न बने होते हैं। देखने में ये काफी प्रीमियम लगते हैं और पकड़ने में भी अच्छी ग्रिप देते हैं। ब्रास, ब्रॉन्ज और ब्लैक फिनिश में मिलने वाले ये हैंडल खासतौर पर सादे और फ्लैट कैबिनेट पर अच्छे लगते हैं। बिना ज्यादा सजावट के भी ये किचन को खास बना सकते हैं।

Image Credit-ai

6. इंटीग्रेटेड या हिडन हैंडल डिजाइंस

अगर आपको ऐसा किचन पसंद है, जिसमें कैबिनेट के बाहर कोई हैंडल नजर न आए, तो इंटीग्रेटेड हैंडल एक अच्छा विकल्प हैं। इसमें कैबिनेट के किनारे या अंदर की तरफ ग्रिप के लिए खास जगह बनाई जाती है। गोला प्रोफाइल इसका एक लोकप्रिय उदाहरण है। इसमें दरवाजे और ड्रॉअर आसानी से खुल जाते हैं, जबकि बाहर से कैबिनेट का लुक बिल्कुल साफ और सादा दिखाई देता है। छोटे और मॉडर्न किचन के लिए यह डिजाइन काफी अच्छा है।

Image Credit-amazon

7. एज पुल हैंडल

एज पुल हैंडल उन लोगों के लिए अच्छे हैं, जिन्हें कैबिनेट का डिजाइन ज्यादा भरा हुआ पसंद नहीं है। इन्हें दरवाजे या ड्रॉअर के ऊपरी अथवा किनारे वाले हिस्से पर लगाया जाता है। इनकी खासियत यह है कि ये कैबिनेट से बहुत ज्यादा बाहर नहीं निकलते। इसलिए छोटे किचन में इनका इस्तेमाल सुविधाजनक रहता है। एल्युमिनियम, स्टेनलेस स्टील और ब्रास फिनिश में उपलब्ध ये हैंडल लकड़ी और मैट फिनिश वाले कैबिनेट के साथ अच्छे लगते हैं।

Image Credit-ai

8. कप पुल और डिजाइनर नॉब हैंडल

अगर आप अपने किचन को थोड़ा विंटेज और क्लासी लुक देना चाहते हैं, तो कप पुल हैंडल चुन सकते हैं। इनका आकार आधे गोल कप जैसा होता है और इन्हें ज्यादातर ड्रॉअर पर लगाया जाता है। वहीं, छोटे कैबिनेट के दरवाजों पर गोल, ज्योमेट्रिक या कलात्मक डिजाइन वाले नॉब भी लगाए जा सकते हैं। ब्रश्ड गोल्ड और एंटीक ब्रास फिनिश में ये काफी खूबसूरत लगते हैं। खास बात यह है कि साधारण लकड़ी या क्रीम रंग की अलमारियों पर भी ये अलग से नजर आते हैं।

Image Credit-ai

किचन कैबिनेट हैंडल खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • डिजाइन देखकर हैंडल खरीदना सही नहीं है। सबसे पहले अपने कैबिनेट का रंग, आकार और मटेरियल देखें। छोटे किचन में बहुत बड़े और भारी हैंडल लगाने से बचें।
  • बड़े ड्रॉअर के लिए ऐसे हैंडल चुनें, जिन्हें आसानी से पकड़ा जा सके। हैंडल का मटेरियल भी अच्छी क्वालिटी का होना चाहिए, क्योंकि किचन में नमी, तेल और गर्मी का असर पड़ता है। 
  • हैंडल लगाने से पहले स्क्रू की दूरी और पुराने हैंडल के छेदों का माप जरूर जांच लें। इससे बार-बार ड्रिलिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।

Image Credit-main (ai)